Monday, July 6, 2026
Home Blog Page 4734

NEET काउंसलिंग 2019 की तारीख आगे बढ़ी, जानिए डिटेल

नई दिल्ली। मेडिकल काउंसिल कमेटी यानी एमसीसी ने नीट काउंसलिंग के लिए चॉइस फिलिंग और रजिस्ट्रेशन की तारीख को आगे बढ़ा दिया है। एमसीसी ने एक नोटिफिकेशन जारी करते हुए इसकी सूचना दी है नोटिफिकेशन का लिंक हम नीचे दे रहे हैं। एमसीसीसी ने यूजी काउंसलिंग 2019 की तारीखों को आगे बढ़ाया है।

नीट काउंसलिंग के लिए आप एमसीसी की ऑफिशल वेबसाइट medicalcounseling.nic.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। एमसीसी की नोटिफिकेशन के मुताबिक दिल्ली स्टेट ओबीसी कोटे से जुड़ा मामला मद्रास हाईकोर्ट में चलने के कारण ऑनलाइन प्रोसेस को बंद नहीं किया जा सकता है इसलिए काउंसलिंग और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया अभी जारी रहेगी।

कोर्ट में केस होने के कारण अब अगले राउंड की तारीखों की घोषणा भी बाद में की जाएगी। बता दें कि 25 जून तक चॉइस लॉकिंग करनी थी जिसे अब टाल दिया गया है। बता दें कि स्टेट कोटा के साथ निजी और सरकारी मेडिकल कॉलेज में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उत्तर प्रदेश में भी स्टेट कोटे की लिस्ट जारी हो चुकी है।

हालांकि एमसीसी में अगले आदेश तक चॉइस फिलिंग और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जारी रहेगी। इसकी अभी कोई अंतिम तारीख तय नहीं की गई है। इसके साथ ही छात्रों को अभी चॉइस लॉकिंग की सुविधा भी नहीं मिलेगी।

मांग घटने से सोना 300 और चांदी 500 रुपये सस्ती, जानिए आज के दाम

नई दिल्ली कोटा । ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार, स्थानीय ज्वैलर्स की लिवाली कम होने और कमजोर वैश्विक रुख के चलते राष्ट्रीय राजधानी में आज बुधवार को सोने के भाव में भारी मंदी देखने को मिली। राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत में आज 300 रुपये की मंदी आई और इसके भाव 34,170 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गए।

सोने में मंदी के साथ ही चांदी की कीमतों में भी आज मंदी देखी गई है। चांदी आज 500 रुपये की गिरावट के साथ 38,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। कारोबारियों के अनुसार, औद्योगिक इकाइयों और सिक्का कारोबारियों द्वारा लिवाली घटने के कारण चांदी के भाव में यह गिरावट हुई है।

वैश्विक स्तर की बात करें तो न्यूयॉर्क में सोने के भाव घटकर 1,408.57 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गए। वहीं चांदी का भाव भी गिरकर 15.22 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। इससे पहले वैश्विक स्तर पर सोने के भाव छह सालों के उच्चतम स्तर पर थे। लाभ कमाने के चक्कर में ग्राहकों की बिकवाली के कारण भाव में यह मंदी बताई जा रही है।

राष्ट्रीय राजधानी में आज 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 300 रुपये की गिरावट के साथ 34,170 रुपये और 99.5 फीसदी शुद्धता वाला सोना भी 300 रुपये की गिरावट के साथ 34,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।

वहीं गिन्नी सोने की कीमत में भी 100 रुपये की कमी हुई और इसके भाव 26,800 रुपये प्रति आठ ग्राम आ गए। कारोबारियों के अनुसार, स्थानीय ज्वैलर्स की मांग में कमी आने व वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के कारण सोने की कीमतों में यह मंदी देखी गई।

उधर चांदी में आज 500 रुपये की मंदी देखी गई। इसके भाव आज 38,700 रुपये प्रति किलोग्राम हो गए। वहीं साप्ताहिक डिलीवरी वाली चांदी में भी 399 रुपये की मंदी देखी गई और इसका भाव आज 37,734 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। इसके अलावा चांदी के सिक्कों की लिवाली कीमत 81,000 रुपये प्रति सैकड़ा और बिकवाली कीमत 82,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर स्थिर रही।

कोटा सर्राफा
चांदी 38100 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 33850 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 39480 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 34000 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 39660 रुपये प्रति तोला।

सोने की मांग में इस साल 10 फीसद गिरावट की संभावना, जानिए वजह

नई दिल्ली । पिछले साल की तुलना में इस साल भारत में सोने की मांग में 10 फीसद की गिरावट आ सकती है। इससे सोने की मांग तीन साल के निचले स्तर पर पहुंच जाएगी। स्थानीय कीमतों में रेकॉर्ड तेजी के कारण त्योहारी सीजन में भी खुदरा खरीदारी प्रभावित हुई है। यह बात इंडस्ट्री की एक प्रमुख इकाई ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को बतायी है।

चीन के बाद दुनिया के दुसरे सबसे बड़े उपभोक्ता भारत द्वारा कम खरीदारी वैश्विक दामों में तेजी को रोक सकती है जो कि इस सप्ताह 6 सालों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई थी। ऑल इंडिया जेम एंड ज्वैलरी डोमेस्टिक काउंसिल (GJC) की अध्यक्ष अनंत पद्मनाभन ने कहा, ‘कीमतों में इस तरह के उछाल की आदत ग्राहको को नहीं है। कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी के कारण वे सोना खरीदने में ज्यादा रूची नहीं दिखा रहे हैं। पिछले साल की तुलना में देश में सोने की मांग 10 फीसद गिर सकती है’

वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के आंकड़ों के अनुसार, भारत में सोने की खपत 2018 में 1.5 फीसद घटकर 760.4 टन हो गई, जो कि 10 साल के औसत 838 टन से कम है। घरेलू बाजार में सोने की कीमत मंगलवार को रेकॉर्ड 35,960 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गई थी। इसने पिछले महीने की तुलना में करीब 10 फीसद की उछाल ली है।

सेंसेक्स 157 अंकों की बढ़त के साथ 39592 पर बंद, निफ्टी 11847 पर

नई दिल्ली। देश के शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी रही। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स दिनभर के कारोबार के बाद 157 अंकों की बढ़त के साथ 39592 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 51 अंकों की बढ़त के साथ 11,808.90 पर बंद हुआ। आज के कारोबार में 1418 शेयर ने बढ़त दर्ज की, जबकि 1051 शेयर में गिरावट रही। वहीं 170 शेयर में कोई बदलाव नहीं हुआ।

ये हैं टॉप लूजर्स
नि
फ्टी के वेदांता, जेएसडब्ल्यू स्टील, पावर ग्रिड कॉर्प, सन फॉर्मा और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर टॉप गेनर की लिस्ट में शामिल रहें, जबकि ब्रिटैनिया, इंडस्ट्रीज, इंडियाबुल्स हाउसिंग, इंफोसिस और इंडसलैंड बैंक और भारतीय एयरटेल टॉप लूजर शेयर रहे।

ब्रिटैनिया के गिरे शेयर
ब्रिटैनिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर वरुण बेरी के इस्तीफ की खबर आई, जिसके बाद कंपनी के शेयर में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि बाद में इस खबर को गलत करार दिया गया।

ज्यादातर शेयरों में रही तेजी
आईटी और एमसीजी को छोड़कर सभी अन्य सेक्टोरियल इंडेक्स हरे रंग पर बंद हुए। इसमें से फॉर्मा, मेटल, इंफ्रा, बैंक और एनर्जी लीड पर रहे। मिडकैप शेयर में 0.8 प्रतिशत की बढ़त रही। वहीं स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.5 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।

जियो के फिक्स्ड लाइन नंबर से कर सकेंगे विडियो कॉल

नई दिल्ली।रिलायंस जियो ने भारत में रिच कम्यूनिकेशन सर्विसेज देने के लिए अपने Jio4GVoice ऐप को अपग्रेड कर के JioCall कर दिया है। इसके साथ ही कंपनी जियो फिक्स्ड लाइन सर्विस का सपॉर्ट भी लेकर आ रही है, जिसकी मदद से यूजर्स अपनी फिक्स्ड लाइन से स्मार्टफोन की मदद से विडियो कॉल्स कर सकेंगे। साथ ही Jio Call ऐप में यूजर्स को वे सभी फीचर्स मिलते रहेंगे, जो Jio4GVoice ऐप में मिलते थे।

नया ऐप फिक्स्ड लाइन नंबर की मदद से विडियो कॉल्स सपॉर्ट लेकर आया है। इसके लिए यूजर को अपने 10 डिजिट के जियो फिक्स्ड-लाइन नंबर को Jio Call ऐप में डालना होगा और फिक्स्ड प्रोफाइल चुनना होगा। इसके बाद यूजर्स अपने स्मार्टफोन की मदद से फिक्स्ड लाइन नंबर पर आने वाले विडियो कॉल रिसीव कर सकेंगे और दूसरों को भी विडियो कॉल कर सकेंगे। बताते चलें, जियो फिक्स्ड लाइन सर्विस भी जियो गीगा फाइबर सर्विस के साथ ही रोलआउट की जा सकती है।

Jio Call ऐप के साथ ही भारत में आरसीएस की इंट्री भी होने जा रही है। इसकी मदद से एसएमएस, ग्रुप चैट, फाइल शेयर, लोकेशन शेयर, डूडल्स, स्टिकर और बाकी फीचर्स एकसाथ यूजर्स को मिलेंगे। रिच कम्यूनिकेशन सर्विस या आरसीएस से मिलने वाले रिच कॉल फीचर में कस्टमाइज्ड मेसेजिंग, फोटोज और लोकेशन रिसीवर की स्क्रीन्स पर दिख सकती हैं। इसमें मिलने वाले इन-कॉल शेयर फीचर की मदद से कॉल के दौरान ही यूजर चैट कर सकेंगे और फोटो या डूडल भी भेज पाएंगे।

आरसीएस फीचर्स का फायदा उठाने के लिए यूजर्स के पास जियो का ऐक्टिव सिम होना जरूरी है, जिसपर वे अपना मोबाइल प्रोफाइल बना सकेंगे। बेहतर एक्सपीरियंस के लिए बाकी कॉन्टैक्ट्स के पास भी आरसीएस इनेबल होना चाहिए। इस ऐप में Jio4GVoice के सभी फीचर्स भी मिल रहे हैं।

ऐसे में अपने मौजूदा 2G, 3G या 4G स्मार्टफोन से यूजर्स पहले की तरह एचडी VoLTE कॉल्स भी कर पाएंगे। साथ ही नॉन-VoLET 4G स्मार्टफोन से भी जियोफाई डिवाइस से कनेक्ट होने पर सभी सेवाओं का फायदा मिलेगा।

प्रिया प्रकाश को इस मामले में पीछे छोड़ सकती हैं टीना डाबी, देखिये वीडियो

आईएएस टॉपर टीना डाबी खान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक विडियो शेयर किया है, जिसमें वह हाथ में मेहंदी लगाते हुए दिख रही हैं। टीना के इस विडियो की खास बात यह है कि वह इसमें वायरल गर्ल प्रिया प्रकाश वारियर की तरह आंखों से इशारे करती नजर आ रही हैं। टीना का यह विडियो काफी वायरल हो रहा है। ऐसा लग रहा है कि वह प्रिया को कड़ी टक्कर दे सकती हैं।

गौरतलब है कि 2018 में वायरल हुए इस विडियो के चलते प्रिया को गूगल पर सबसे ज्यादा खोजे जाने वाली पर्सनाॉलिटी बना दिया था और फिर वह रातोंरात सिले‍ब्रिटी बन गईं थी। गौरतलब है कि मलयालम ऐक्ट्रेस प्रिया प्रकाश अपने एक विडियो के चलते सोशल मीडिया पर काफी पॉप्‍युलर हो गई थीं। इस विडियो में प्रिया आंखों से इशारे करती हुई दिखी थीं।

https://www.instagram.com/p/BzBQ9HpnC7y/?utm_source=ig_web_copy_link

अब टीना के हाथ में मेहंदी लगे इस विडियो को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। इसे अब तक 184,707 बार देखा जा चुका है और फैंस ने इस पर बहुत अच्छे कमेंट्स भी किए हैं। टीना इस बढ़ती फैन फॉलोइंग से प्रिया प्रकाश को कड़ी टक्कर देती नजर आ रही हैं। टीना ने यह विडियो कुछ समय पहले पोस्ट किया था लेकिन अभी भी इस विडियो पर फैंस के लाइक और कॉमेंट्स आ रहे हैं।

बता दें कि 24 साल की टीना डाबी ने साल 2015 में यूपीएससी परीक्षा में टॉप किया था। टीना ने उसी साल आईएएस परीक्षा में दूसरे नंबर पर रहे आमिर अतहर खान से शादी करके सुर्खियां बटोरी थीं। दोनों अक्सर अपने फोटोज सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं।

लोकसभा स्पीकर बिरला ने बनाया रिकॉर्ड, प्रश्नकाल के एक दिन में लिए 10 सवाल

कोटा। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने पहले ही सप्ताह में एक रिकॉर्ड कायम किया है। पहली बार किसी एक दिन में प्रश्नकाल में 10 सवाल लिए गए हैं, जबकि आम तौर पर प्रश्नकाल का औसत 4 से 5 सवाल तक रहता था। असल में लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दोपहर में एक घंटा प्रश्नकाल के लिए होता है, जिसमें सांसद सीधे मंत्रियों से सवाल करते हैं और सदन में ही मंत्री उनके जवाब देते हैं।

एक घंटे में अब तक अधिकतम 4 से 5 सवाल लिए जाते थे और इतने ही सवालों के जवाब मंत्री दे पाते थे। लेकिन, सोमवार को नया रिकॉर्ड बना और 10 सवाल लिए जा सके। इसकी वजह यह रही कि स्पीकर ने पहले दिन ही सभी सांसदों को आग्रह कर दिया था कि वे सीधे सवाल करें और मंत्री सीधे जवाब दें।

आम तौर पर सवाल पूछने से पहले सांसद लंबी भूमिका बांधने लगते थे और ऐसा ही जवाब देने में भी होता था। इस तरह मुद्दे से ज्यादा समय दूसरी बातों पर खत्म हो जाता था। लोकसभा के अधिकारी खुद इस बात को मान रहे हैं कि किसी एक प्रश्नकाल में 10 सवाल अब तक कभी नहीं लिए गए, यह सोमवार को ही संभव हो सका। यदि यही रफ्तार रही तो लोकसभा की कार्यवाही का सबसे महत्वपूर्ण प्रश्नकाल और ज्यादा प्रभावी होगी और ज्यादा सांसद अपने सवालों के जवाब ले पाएंगे।

6 जुलाई को कोटा आ सकते हैं स्पीकर बिरला : लोकसभा स्पीकर ओम बिरला 6 जुलाई को कोटा आ सकते हैं। अभी उनका अधिकृत कार्यक्रम तय नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि 5 जुलाई को बजट पेश होने के बाद वे 6 जुलाई को कोटा आ जाएंगे। सूत्रों ने बताया कि वे हवाई मार्ग से पहले जयपुर आएंगे और वहां से सड़क मार्ग से कोटा पहुंचेंगे।

गूगल प्ले स्टोर पर 2,000 से ज्यादा खतरनाक ऐप्स: स्टडी

नई दिल्ली। एक रिसर्च के मुताबिक गूगल प्ले स्टोर पर 2,000 से ज्यादा फेक ऐप्स है। यूनिवर्सिटी सिडनी ऐंड सीएसआईआरओ डेटा 61 की दो साल के स्टडी में यह सामने आया है कि प्ले स्टोर पर कई पॉप्युलर ऐप्स के फेक वर्जन मौजूद हैं। स्टडी में पता चला कि टेंपल रन, फ्री फ्लो और हिल क्लाइंब रेसिंग जैसे ऐप्स के फेक वर्जन प्ले स्टोर पर मौजूद हैं। इस स्टडी में 1.2 मिलियन ऐप्स पर स्टडी की गई।

इन ऐप्स को पहचानना मुश्किल
स्टडी में बताया गया है कि ये ऐप्स असल ऐप्स से इतना मिलते हैं कि इन्हें पहचानना मुश्किल होता है। हालांकि ज्यादातर ऐप्स को इंस्टाल करने के बाद पहचाना जा सकता है। पर बिना इंस्टाल किए इन्हें किसी तकनीक के जानकार के लिए भी पहचान पाना मुश्किल है।

मैलवेयर अटैक का खतरा
स्टडी में साफ किया गया है कि इन ऐप्स का इस्तेमाल यूजर्स का डेटा चुराने के लिए या डिवाइस पर मैलवेयर अटैक करने के लिए किया जाता है। इन ऐप्स को इंस्टाल करने से यूजर को आर्थिक नुकसान और आइडेंटिटी थेफ्ट का खतरा रहता है।इस बारे में एक ईमेल के जवाब में गूगल के एक स्पोक्सपर्सन ने कहा, ‘जब हम किसी ऐप को अपनी पॉलिसी का उल्लंघन करते हुए पाते हैं तो हम उसे प्ले स्टोर से रिमूव कर देते हैं।’

2,040 फेक ऐप्स
इस स्टडी में 2,040 ऐसे ऐप सामने आए जो प्ले स्टोर पर मौजूद टॉप 10,000 ऐप्स से मिलते जुलते थे। इनमें से 49,608 ऐप्स का उद्देश्य मैलवेयर से डिवाइस को प्रभावित करना था। स्टडी में 1,565 ऐप्स ऐसे थे जो ऐसी पर्मिशंस मांग रहे थे जो ऑरिजनल ऐप नहीं मांगता। स्टडी में कहा गया कि गूगल प्ले स्टोर के जरिए मार्केट में एंट्री करना मुश्किल नहीं है।

ब्राउन राइस के नाम पर आप खा रहे हैं सुपर पॉलिश्ड चावल : स्टडी

नई दिल्ली। अनपॉलिश्ड माने जाने वाले महंगे और पैकेज्ड ब्राउन राइस हकीकत में सफेद हो सकते हैं और काफी पॉलिश किए हुए भी। इसके अलावा, कथित तौर पर ‘डायबीटिक फ्रेंडली’ यानी शुगर के मरीजों के लिए बेहतर कहे जाने वाली वराइटी भी आधा उबले हुए चावल हैं। मद्रास डायबीटिक रिसर्च फाउंडेशन (MDRF) के फूड साइंटिस्टों ने सुपर मार्केट के 15 तरह के ‘हेल्दी’ चावलों का टेस्ट किया। टेस्ट के नतीजे चौंकाने वाले थे। ज्यादातर मामलों में पैकेट पर जिन दावों का जिक्र किया गया, वे हकीकत से कोसों दूर पाए गए।

MDRF ने 15 लोकप्रिय पैकेज्ड चावलों का किया टेस्ट
MDRF की फूड ऐंड न्यूट्रिशन रिसर्च साइंटिस्ट सुधा वासुदेवन हाल ही में ‘जर्नल ऑफ डायबीटॉलजी’ में प्रकाशित एक स्टडी की सह-लेखिका हैं। उन्होंने बताया, ‘हमारे पास काफी संख्या में डायबीटिक मरीज चावल की नई वराइटीज के साथ आ रहे थे, जिनके बारे में जीरो कोलेस्ट्रॉल और शुगरफ्री होने का दावा किया जा रहा था। ऐसे में हमने फैसला किया कि ऐसे लोकप्रिय चावलों में से 15 की जांच की जाए।’

लो GI का दावा हकीकत से परे
सबसे चौंकाने वाला नतीजा ब्राउन राइस के एक ब्रैंड का रहा, जिसका दावा था कि उसका ग्लिसेमिक इंडेक्स (GI) महज 8.6 है। वासुदेवन बताती हैं कि इंटरनैशनल GI टेबल में किसी चावल में इतने कम GI का आजतक कभी कोई जिक्र ही नहीं आया है। चावल में निम्नतम GI करीब 40 के आस-पास पाया गया है। (GI क्या है, यह समझने के लिए नीचे ग्राफिक्स देखें।) दरअसल, GI किसी खाद्य पदार्थ में कार्बोहाइड्रेट का स्तर बताता है।

कार्बोहाइड्रेट से खून में ग्लूकोज का स्तर प्रभावित होता है। कम GI वाले खाद्य पदार्थ सेहत के लिए अच्छे माने जाते हैं। 55 से नीचे GI को कम माना जाता है। 44-69 GI को मध्यम और 70 से ऊपर को उच्च माना जाता है। कम GI वाले खाद्य पदार्थ न सिर्फ ब्लड शुगर घटाते हैं, बल्कि हृदय से जुड़ी बीमारियों और टाइप 2 डायबीटीज का भी खतरा कम करते हैं। दाल और सब्जियों में कम GI होता है, जबकि अनाजों में GI का स्तर आम तौर पर मध्यम होता है।

दावों से उलट ब्राउन राइस अनपॉलिश्ड नहीं, आधे उबले हुए
स्टडी की एक और को-ऑथर MDRF की फूड साइंटिस्ट शोभना शनमुगम ने बताया, ‘जांच में चावल को आधा उबला हुआ ब्राउन राइस पाया गया।’ ये चावल अनपॉलिश्ड नहीं थे। आधे उबले होने की वजह से उनका कलर ब्राउन था। पकाते वक्त ये चावल और ज्यादा पानी सोखते हैं, जिससे उनमें स्टार्च का स्तर बढ़ता है। नतीजतन GI का स्तर भी बढ़ जाता है।

कोई भी चावल शुगरफ्री नहीं होता, जीरो कोलेस्ट्रॉल के दावे भी भ्रामक
शुगरफ्री और जीरो कोलेस्ट्रॉल के दावे भी हकीकत से दूर हैं। जीरो कोलेस्ट्रॉल का दावा भ्रामक है। जहां तक शुगरफ्री चावल का दावा है तो शोभना ने बताया कि चावल में जो स्टार्च होता है, वह पाचन के वक्त ग्लूकोज में बदल जाता है। इस तरह कोई भी चावल शुगरफ्री हो ही नहीं सकता। इसलिए पैकेट पर छपे दावों पर मत जाइए और याद रखिए कि चावल को उचित मात्रा में ही खाएं। खासकर शुगर के मरीज जीरो कोलेस्ट्रॉल और शुगरफ्री जैसे दावों की बातों में न आएं।

सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 150 अंक से अधिक उछला

मुंबई। भारी विदेशी मुद्रा प्रवाह के बीच आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी और आरआईएल जैसी दिग्गज कंपनियों के शेयरों के चढ़ने से बुधवार को शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स में एक समय में 150 अंक से अधिक का उछाल दर्ज किया गया। बाजार खुलने के शुरुआती 15 मिनट में सेंसेक्स में 200 अंक तक का उतार-चढ़ाव देखने को मिला।

आधे घंटे के कारोबार के बाद सुबह साढ़े नौ बजे सेंसेक्स 111.08 अंक यानी 0.28 प्रतिशत की तेजी के साथ 39,546.02 अंक पर था। इसी प्रकार एनएसई के निफ्टी में भी 32.60 अंक या 0.28 प्रतिशत की बढ़त के साथ 11,829.05 अंक पर कारोबार हो रहा था। इससे पहले मंगलवार को सेंसेक्स 311.98 अंक यानी 0.80 प्रतिशत की उछाल के साथ 39,434.94 अंक पर और निफ्टी 96.80 अंक यानी 0.83 फीसदी की उछाल के साथ 11,796.45 अंक के स्तर पर रहा।

सेंसेक्स में पावरग्रिड, एनटीपीसी, सन फार्मा, एलएंडटी, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, टाटा मोटर्स, एमएंडएम, वेदांता और ओएनजीसी के शेयरों में 2.26 प्रतिशत तक की तेजी देखी गयी। विशेषज्ञों के मुताबिक मॉनसून के तेजी से मध्य एवं उत्तर भारत की ओर बढ़ने के चलते निवेश के लिए सकारात्मक माहौल तैयार हुआ है।

वहीं शेयर बाजारों के अस्थायी आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 1,157.87 करोड़ रुपये और घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 377.22 करोड़ रुपये की शुद्ध लिवाली की। इसी बीच शंघाई कंपोजिट इंडेक्स, हांग सेंग, निक्की और कोस्पी में शुरुआती कारोबार में मिलाजुला रुख देखने को मिला।