कोटा। कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन, महासचिव अशोक माहेश्वरी एवं सलाहकार बोर्ड के निदेशक गणपत लाल शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र मिश्रा से भेंट कर शहर में बढ़ती चोरियां, आगजनी एवं तोड़फोड़ की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की।
प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को बताया कि शहर की विभिन्न कॉलोनियों, गली-मोहल्लों में मकानों के बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़, आग लगाने तथा चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
असामाजिक एवं अपराधी प्रवृत्ति के लोग रात्रि के समय बेखौफ होकर इन वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। महासंघ ने पुलिस प्रशासन से इन घटनाओं पर तत्काल प्रभाव से अंकुश लगाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि शहर के प्रमुख बाजारों में भी चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। 30 जून को नन्दग्राम क्षेत्र के टिपटा में एक कैटरिंग व्यवसायी के प्रतिष्ठान का शटर तोड़कर लगभग दो लाख रुपये की चोरी की गई।
इसके अलावा हाल ही में एक सर्राफा व्यापारी की दुकान का ताला तोड़कर भी चोरी की वारदात हुई। इन घटनाओं से व्यापारियों में भय एवं असुरक्षा का वातावरण व्याप्त है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र मिश्रा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि गाड़ियों में तोड़फोड़, आगजनी एवं चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
वहीं नन्दग्राम टिपटा क्षेत्र में कैटरिंग व्यवसायी के प्रतिष्ठान पर हुई चोरी के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सक्रियता से कार्य कर रही है तथा शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पूर्णतः कटिबद्ध है।
बैठक के अंत में कोटा व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों ने हाल की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त करते हुए उनका अभिनंदन किया।

