Thursday, July 9, 2026
Home Blog Page 4665

ट्रेड वॉर: मुकेश अंबानी को एक दिन में 16,800 करोड़ रुपये का नुकसान

नई दिल्ली। अमेरिका और चीन के बीच चल रही ट्रेड वॉर की वजह से अमेरिका समेत दुनियाभर के शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट आई। एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस गिरावट से दुनिया के 500 अमीरों की कुल दौलत 8.19 लाख करोड़ रुपये (117 अरब डॉलर) कम हो गई। देश के सबसे धनी व्यक्ति मुकेश अंबानी को 16,800 करोड़ रुपये (2.4 अरब डॉलर) का नुकसान हुआ।

दुनिया के सबसे अमीर शख्स ऐमजॉन के सीईओ जेफ बेजॉस ने सबसे ज्यादा रुपये गंवाए। फिर भी 110 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ वह दुनिया के सबसे अमीर बने हुए हैं। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स में शामिल 21 अरबपतियों के शेयरों की कीमत में सोमवार को 1 अरब डॉलर से 3.4 अरब डॉलर तक की गिरावट आई।

इस इंडेक्स में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी 18वें नंबर पर हैं। उनकी मौजूदा दौलत 3.14 लाख करोड़ रुपये यानी करीब 44.8 अरब डॉलर है। अंबानी एशिया के सबसे अमीर शख्स हैं।

बढ़त के साथ खुले बाजार, सेंसेक्स 37,000 के पार, निफ़्टी में सुधार

मुंबई। शेयर बाजार बुधवार को भी बढ़त के साथ खुला, लेकिन कारोबार के कुछ ही मिनटों में लाल निशान पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिले। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 48.42 अंकों की बढ़त के साथ 37,025 पर और नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी का 9.85 अंक जोड़कर 10,958 पर खुला। हालांकि कुछ ही देर बाद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में ही गिरावट दर्ज होने लगी।

बीएसई सेंसेक्स पर सुबह 9:40 के आसपास यस बैंक (3.81%), हीरो मोटोकॉर्प (1.71%), इंडसइंड बैंक (1.49%), हिन्दुस्तान यूनीलीवर (1.17%), इन्फोसिस (0.88%) के शेयर मुनाफे में दिखाई दिए। वहीं टाटा स्टील, महिंद्रा ऐंड महिंद्रा, कोटक बैंक, ऐक्सिस बैंक और एचडीएफसी बैंक के शेयर शुरुआती कारोबार में घाटे में देखे गए।

निफ्टी पर शुरुआती कारोबार में सिप्ला (0.44%), यस बैंक (0.23%), टेक महिंद्रा (0.21%), हीरो मोटो कॉर्प (0.18%), हिन्दुस्तान यूनीलिवर (0.17%) के शेयर्स फायदे में दिखाई दिए, जबकि बीपीसीएल, टाइटन, टाटा स्टील, रिलायंस, वेदांता लिमिटेड के शयरों में गिरावट देखने को मिली।

मंगलवार को सेंसेक्स 277 अंक चढ़कर 36,976.85 पर और नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 85.65 अंक जोड़कर 10,948.25 पॉइंट्स पर बंद हुआ था। मंगलवार को अमेरिका द्वारा चीन को करंसी मैनिपुलेटर घोषित किए जाने के बाद से आशंका जताई जा रही थी कि दुनियाभर के शेयर बाजारों पर नकारात्मक असर पड़ेगा।

आर्टिकल 370 हटा, जम्मूृ-कश्मीर में अब मेगा फूड पार्क बनाएगी सरकार

नई दिल्ली।जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के प्रावधानों के हटने के बाद वहां पर अब आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी। सरकार अब सबसे पहले मेगा फूड पार्क स्थापित करेगी। इसके लिए खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय ने पूरी तैयारी कर ली है। इसके अलावा इंडस्ट्री चैंबर्स भी वहां अपने कार्यालय खोलने जा रहे हैं। गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन भी जम्मू-कश्मीर में डेयरी उद्योग को विकसित करेगा। वह अमूल नाम से दूध की सप्लाई करता है।

सूत्रों के अनुसार, सरकार सबसे पहले जम्मू-कश्मीर में मेगा फूड पार्क प्रॉजेक्ट की स्थापना करेगी। इससे वहां रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। एक सरकारी अधिकारी के अनुसार, फूड पार्क योजना का मूल उद्देश्य होता है कि किसानों, प्रसंस्करण कर्ताओं के साथ रिटेल कारोबारियों को एकसाथ लाते हुए ऐग्रिकल्चरल प्रॉडक्ट को मार्केट से जोड़ने के लिए एक मशीनरी उपलब्ध कराना। इससे किसानों को सबसे ज्यादा फायदा होगा।

इंडस्ट्री चैंबर खोलेंगे ऑफिस
इंडस्ट्री चैंबर जैसे ऐसोचैम, फिक्की और सीआईआई भी जम्मू-कश्मीर में अपने कार्यालय खोलने की तैयारी में हैं। चैंबर्स जम्मू-कश्मीर में अपना ऑफिस खोलकर वहां पर निवेश की संभावनाओं को तलाशेंगे। इसके बाद निवेश की रणनीति बनाते हुए जम्मू-कश्मीर में निवेश करेंगे।

इंडस्ट्री चैंबर एसोचैम के प्रेसिडेंट बी के गोयनका ने कहा कि सरकार ने अब एक देश, एक संविधान की अवधारणा को साकार कर दिया है। ऐसे में इंडस्ट्री चैंबर भी जम्मू-कश्मीर के विकास में अपना सहयोग करेंगे। हम वहां पर सबसे पहले कार्यालय स्थापित करेंगे। इंडस्ट्री चैंबर टूरिज्म, रियल एस्टेट, हैंडीक्रॉफ्ट और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में निवेश की संभावनाओं को तलाशेंगे।

कद्दावर नेता सुषमा स्वराज की हार्ट अटैक से मौत, अंतिम संस्कार आज

नई दिल्ली। पूर्व विदेश मंत्री और भारतीय जनता पार्टी की कद्दावर नेता सुषमा स्वराज का मंगलवार की देर रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 67 वर्ष की थीं। सुषमा स्वराज के परिवार में उनके पति राजकौशल और उनकी बेटी हैं। मंगलवार शाम को केंद्र सरकार को ट्वीट कर अनुच्छेद 370 हटने पर बधाई देने के कुछ ही घंटों बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा। अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक उन्हें बेहद नाजुक हालत में एम्स में देर रात 10.15 बजे भर्ती कराया गया।

सुबह 11 बजे तक उनका पार्थिव शरीर उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक कार्यकर्ताओं और लोगों द्वारा अंतिन दर्शन के लिए सुषमा जी के पार्थिव शरीर को बीजेपी मुख्यालय में रखा जाएगा। दोपहर 3 बजे उनकी अंतिम यात्रा निकलेगी और लोधी रोड के शवदाह गृह में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

सुषमा स्वराज ने अपने स्वास्थ्य कारणों के चलते ही वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया था। उन्होंने वर्ष 2016 में अप्रैल में एम्स से ही किडनी ट्रांसप्लांट कराया था। मंगलवार की शाम को तबियत बिगड़ने से महज तीन घंटे पहले ही सुषमा स्वराज ने केंद्र सरकार को बधाई देते हुए ट्वीट किया, ‘नरेंद्र मोदी जी, धन्यवाद प्रधानमंत्री। आपको बहुत-बहुत धन्यवाद। मैं अपने पूरे जीवनकाल में इस दिन का इंतजार कर रही थी।’

सुषमा स्वराज के निधन पर प्रधानमंत्री ने भारी मन से ट्वीट करते हुए कहा, ‘भारतीय राजनीति के एक स्वर्णिम युग का अंत हो गया है। पूरा भारत इन प्रतिभाशाली नेता के शोक में डूब गया है।’राजग सरकार में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले मंत्रियों में से एक रही सुषमा के लिए प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया है कि, ‘सुषमा जी शानदार वक्ता थीं और असाधारण सांसद थी।
उन्हें दलीय सीमाओं से ऊपर हमेशा सराहा जाएगा और सम्मान मिलेगा। जब विचारधारा और भाजपा के हितों का मामला होता था तो वह कभी समझौता नहीं करती थीं।’ एम्स में आइसीयू में भर्ती होने के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन और नितिन गडकरी समेत कई केंद्रीय मंत्री उन्हें देखने पहुंचे थे। सुषमा स्वराज सरकार और जनता के बीच की एक अहम कड़ी थीं।

वह विदेश मंत्री रहते हुए विदेश में फंसे भारतीयों के हमेशा संकटमोचक बनकर सामने आईं। सोशल मीडिया में उनकी सक्रियता और संयुक्त राष्ट्र में अनेक अवसरों पर उन्होंने भारत का पक्ष मजबूती से रखा। वह यूपीए सरकार के दौरान नेता विपक्ष के रूप में अपने धारदार भाषणों और हस्तक्षेप के जरिए भाजपा ही नहीं वरन लोकतंत्र की स्वस्थ परंपराओं को हमेशा मजबूत किया। उन्हें किसी पार्टी की पहली महिला प्रवक्ता, पहली युवा महिला सांसद, दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री और पहली महिला विदेश मंत्री होने का गौरव हासिल था।

WhatsApp स्टेटस से फोटो और वीडियो ऐसे करें डाउनलोड

नई दिल्ली। WhatsApp अक्सर नई अपडेट्स लेकर आता रहता है और इन अपडेट्स की वजह से यूजर के लिए इसे यूज करना और सुरक्षित होने के साथ ही आसान भी हो गया है। पिछले साल व्हाट्सएप ने स्टेटस फीचर पेश किया था जो यूजर्स को बहुत पसंद आया और इसका खूब उपयोग भी होता है।

हालांकि, हर यूजर अपना स्टेटस अपनी पसंद से सेट करता है लेकिन कईं बार ऐसा होता है कि किसी और का स्टेटस आपको काफी पसंद आ जाता है। संभवतः वो या तो कोई वीडियो होता है या कोई ऐसी तस्वीर जो आपके छू जाती है। ऐसे में आप चाहते हैं कि कहीं से यह फोटो या वीडियो आपको मिल जाए।

फिलहाल किसी के भी व्हाट्सएप स्टेटस में नजर आ रहे फोटो या वीडियो को सीधे डाउनलोड करने का विकल्प मौजूद नहीं है। लेकिन हम आपको एक तरीका बताते हैं जिसकी मदद से आप ऐसा कर सकते हैं।

यूं डाउनलोड करें स्टेटस का फोटो या वीडियो

  • सबसे पहले अपने फोन में गूगल फाइल डाउनलोड करें।
  • इसे खोलते ही इसमें मैन्यू ऑप्शन पर क्लिक करें जो की ऐप के टॉप में लेफ्ट साइड पर नजर आता है।
  • इसमें सेटिंग ऑप्शन पर क्लिक करें और इसमें शो हिडन फाइल्स वाले विकल्प पर क्लिक करें।
  • इसके बाद अपने फोन में मौजूद फाइल मैनेजर में जाएं।
  • यहां इंटरनल स्टोरेज>व्हाटसऐप>मीडिया>स्टेटस में जाएं
  • यहां आपको वो सभी स्टेटस नजर आ जाएंगे जो आपने पिछले कुछ घंटों में देखे हैं।
  • यहां से आप उस स्टेटस को कहीं और कॉपी करके सेव कर लें।
    हालांकि, यह स्टेप्स हर एंड्रायड फोन के हिसाब से अलग हो सकती हैं लेकिन ज्यादातर फोन्स में यही स्टेप्स होंगी।

हॉलमार्किंग के बगैर नहीं बिकेंगे सोने के गहने, सरकार हुई सख्त

नई दिल्ली। सोने के गहने खरीदने वालों के लिए खुशखबरी है। सरकार जल्द ही सोने के गहनों तथा कीमती धातुओं पर हॉलमार्किंग अनिवार्य करने जा रही है। मौजूदा समय में, हॉलमार्किंग स्वैच्छिक है यानी ज्वेलर्स की इच्छा पर निर्भर करता है कि वह हॉलमार्किंग ज्वेलरी बेचे या नहीं। इसके अलावा कुछ ज्वेलर्स ग्राहकों की मांग पर हॉलमार्किंग ज्वेलरी बेचते हैं।

बुलियन इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों का मानना है कि अब जल्द से जल्द अनिवार्य हॉलमार्किंग शुरू हो जाएगी। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने दो ग्राम से अधिक सोने की सभी वस्तुओं की बिक्री के लिए और घरेलू खपत के लिए एक मसौदा जारी किया है।

सूत्रों ने कहा कि मंत्रालय इस प्रस्तावित अनिवार्य नियम को लागू करना चाहती है। हॉलमार्किंग अनिवार्य होने से पहले सरकार 14, 18 और 22 कैरेट के अलावा भी अन्य कैरेट के सोने के आभूषणों को पिघलाने और बेचने का समय देगी ताकि ज्वेलर्स को अपना पुराना स्टॉक निकालने में दिक्कतें न हो।

चाहे सब रूठे मेरे बाबा तू रूठे ना…जैसे भजनों पर झूमे भक्त

कोटा। श्रावणी तीज मेला महोत्सव के अंतर्गत स्टेशन अजय आहूजा पार्क के पास स्थित मंच पर खाटू श्याम बाबा का जागरण आयोजित किया गया। जिसमें गायकों के द्वारा पेश एक से बढकर भजनों पर भक्त झूम उठे।

भजन गायक संजय गोयल, रिद्धि भरावा, कमल मारवाड़ी, दिलीप गोयल द्वारा श्याम बाबा के गुणगान किए गए। रिद्धि भरावा द्वारा ‘‘प्रेम का धागा तुमसे बांधा टूटे ना… चाहे सब रूठे मेरे बाबा तू रूठे ना…’’ की प्रस्तुति दी।

गायक संजय गोयल ने ‘‘बिछा दो अपनी पलकों को मेरे सरकार आए हैं…जला दो दीप खुशियों के मेरे सरकार आए हैं…’’ प्रस्तुत किया। गायक कमल मारवाड़ी द्वारा ‘‘मोहन आओ तो सरी…. माधव रे मंदिर में मीराबाई एकली खड़ी– जैसे भजनों की प्रस्तुति दी गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्याम परिवार से विजय चतुर्वेदी संस्थापक अध्यक्ष रघुनंदन ठप्पा थे। वहीं, विशिष्ट अतिथि प्रवीण कालरा रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता सुधीर सरोजा द्वारा की गई। भजन संध्या के समापन पर सुनीता भरावा, अलका दुलारी जैन कर्मयोगी, नीलम शर्मा, रूपाली भरावा, प्रीति सोनी द्वारा आरती की गई।

महावीर के उपदेशों के अनुसरण से दूर हो सकता है तनाव: आर्यिका सौम्यनन्दिनी

कोटा। महावीर नगर विस्तार योजना दिगम्बर जैन मंदिर में चल रहे आर्यिका सौम्यनन्दिनी माताजी ससंघ के पावन वर्षायोग के दौरान प्रवचन करते हुए माताजी ने कहा कि आज सभी अपने-अपने लक्ष्य तो प्राप्त करने में जुटे हुए हैं, लेकिन हम तनाव या अवसाद जैसी समस्याओं से बड़ी जल्दी घिर भी जाते हैं। यदि महावीर भगवान के उपदेशों का अनुसरण किया जाए, तो इन समस्याओं को स्वयं से दूर भगाया जा सकता है।

भगवान महावीर स्वामी ने अध्यात्म को सर्वोपरि बताया है। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर ने वस्तु को अनेकांतात्मक बताया है। जिस तरह किसी एक विचार के कई पहलू होते हैं, उसी तरह एक ही वस्तु के कई गुण हो सकते हैं। निराशावादी और हठधर्मी लोग प्रत्येक वस्तु, घटना या परिस्थिति को सिर्फ अपने नजरिए से देखते हैं।

दूसरों के विचारों या नजरिए को वे विरोधी भाव से देखते हैं। यदि इसे व्यावहारिक रूप में समझ लिया जाए, तो कभी दिक्कत नहीं होगी। विरोधी दिखने वाले विचार को भी वे स्वीकार करने लगेंगे। यह स्वीकारोक्ति ही व्यक्ति को आधे से अधिक तनावों से मुक्त कर देती है। इससे पहले मीनाक्षी बरमुण्डा ने भजन की प्रस्तुति देकर मंगलाचरण किया। वहीं हुकुमचंद खटोड़, पवन कुमार खटोड़ गुड वालों की ओर से चित्र अनावरण, दीप प्रज्ज्वलन, शास्त्र भेंट किया गया।

मुकुट सप्तमी आज
पावन वर्षायोग समिति के अध्यक्ष नवीन जैन दौराया तथा महामंत्री पारस जैन लूंग्या ने बताया कि मुकुट सप्तमी के अवसर पर बुधवार को भगवान पाश्र्वनाथ का मोक्ष कल्याण मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रातः 7 बजे से शांतिधारा, अभिषेक और पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान 21 किलो का निर्वाण लाडू चढाया जाएगा।

लोकसभा में जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन बिल पास, समर्थन में 366, विरोध में 66 वोट पड़े

नई दिल्ली। गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को लोकसभा में जम्मू कश्मीर राज्य का पुनर्गठन कर जम्मू एवं कश्मीर और लद्दाख को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने और अनुच्छेद 370 की अधिकतर प्रावधानों को समाप्त करने के प्रस्ताव संबंधी संकल्प चर्चा एवं पारित करने के लिए पेश किया। इसपर तीखी बहस हुई। कांग्रेस ने सरकार पर आरोप लगाया है कि उसने नियमों का उल्लंघन करते हुए रातोंरात एक राज्य को केंद्र शासित प्रदेश बना दिया है।

सत्तापक्ष और विपक्ष के तमाम सांसदों ने इस संकल्प पर अपने विचार रखे। लोकसभा में लंबी बहस के बाद आखिर लोकसभा में भी जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन बिल पास कर दिया गया। गृह मंत्री अमित शाह के जवाब के बाद इस पर वोटिंग हुई। इसके समर्थन में 366 वोट और विरोध में 66 वोट पड़े।

लद्दाख के भाजपा सांसद का तंज
लद्दाख से भाजपा सांसद जामयांग सेरिंग नामग्याल ने कहा कि मैं करगिल से चुनकर आता हूं। मैं गर्व के साथ कहता हूं कि यहां की जनता ने केंद्रशासित प्रदेश के लिए वोट दिया था। क्या ये लोग (विपक्ष) करगिल को जानते हैं। हजारों लोगों की आवाज दबाना, ये आपका लोकतंत्र था क्या। मैं कल से चर्चा सुन रहा था। 370 गया तो जम्मू-कश्मीर में समानता नहीं रहेगी।

आप लद्दाख का फंड भी लेकर जाते हो। वहां का पूरा फंड गायब कर देते हो। क्या ये आपकी इक्वालिटी है। जम्मू-कश्मीर वाले लड़ झगड़कर अपना हिस्सा ले लेते हैं, लेकिन लद्दाख वालों को कुछ नहीं मिलता। लद्दाख में एक भी उच्च शिक्षण संस्थान नहीं दिया। हाल ही में एक यूनिवर्सिटी नरेंद्र मोदी जी ने दिया। मोदी है तो मुमकिन है। 2008 में आपने जम्मू और कश्मीर में 4-4 जिले दिए, लद्दाख को एक भी नहीं दिया, क्या ये आपकी इक्वालिटी है। जम्मू कश्मीर में आपने बुद्धिस्ट परिवारों को खत्म करने का प्रयास किया, क्या ये आपका सेक्युलरिज्म है।

नेहरू के कारण मिला 370 का कलंक
विधेयक पर चर्चा के दौरान भाजपा सांसद किशोर शर्मा ने कहा कि नेहरू के कारण इस धारा का कलंक हमारे ऊपर लगा है। सरदार पटेल और श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने तब भी इसका विरोध किया था। इस धारा ने कश्मीर को भारत से दूर करने का कार्य किया है। इसके कारण वहां भ्रष्टाचार बढ़ता चला गया क्योंकि केंद्र की एजेंसियां वहां जांच नहीं कर सकती है। मोदी सरकार से दिया गया गरीबों को 10 फीसदी आरक्षण भी वहां लागू नहीं होता है। आतंकवाद भी अनुच्छेद 370 की ही देन है। इसके कारण हमारे जवानों और लोगों को जान गंवानी पड़ती है।

17वीं लोकसभा के पहले सत्र का समापन, 1952 के बाद सबसे सफल कार्यवाही

नई दिल्ली।जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन विधेयक को पारित किए जाने के साथ ही 17वीं लोकसभा के पहले सत्र का मंगलवार को समापन हो गया। हालांकि, इसका समापन 7 अगस्त को होना था। सत्र की शुरुआत 17 जून को हुई थी और सत्र की अवधि 10 दिन के लिए बढ़ा दी गई थी। स्पीकर ने सत्र के समापन से पहले सदन को संबोधित किया और कहा कि यह सत्र बेहद सफल रहा।

ओम बिरला ने कहा, ’17वीं लोकसभा के पहले सत्र का आज अवसान हो रहा है। 1952 से अब तक के इतिहास में इस सत्र में उल्लेखनीय कामकाज हुआ।’ उन्होंने कहा कि 1952 के बाद पहली बार है जब सदन का व्यवधान शून्य रहा और इसमें सदन के सदस्यों की अहम भूमिका है। इस दौरान 125 फीसदी कामकाज हुआ। सत्र में 37 बैठकें हुईं और 280 घंटे कार्यवाही चली। बिरला ने बताया कि 183 तारांकित प्रश्न पूछे गए, 1086 लोकहित से जुड़े मुद्दे शून्यकाल के दौरान उठाए गए।

कुल 36 विधेयक पास, एक हजार से ज्यादा मुद्दे उठे
ओम बिरला ने कहा कि इस सत्र में अब तक सबसे ज्यादा 36 विधेयक पारित किए गए, एक हजार से ज्यादा लोकहित के मुद्दे शून्यकाल में उठाए गए। इस सत्र में केंद्र की एनडीए सरकार मुस्लिम महिलाओं के अधिकार वाले तीन तलाक विधेयक को पारित कराने में सफल रही। उल्लेखनीय है कि पिछले कार्यकाल में राज्यसभा में यह बिल गिर गया था, जिसके बाद इस सत्र में इसे फिर से पेश किया गया था।

इसके अतिरिक्त जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले आर्टिकल 370 के कई प्रावधानों को हटाने का फैसला भी इसी सत्र में लिया गया और सरकार जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन विधेयक पारित कराने में भी सफल रही। इसके अतिरिक्त सूचना का अधिकार संशोधन विधेयक, राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग विधेयक जैसे महत्वपूर्ण विधेयकों को भी इस सत्र में पारित करा लिया गया।

नए सदस्यों को मौका
इस दौरान ज्यादा से ज्यादा नए सदस्यों को बोलने दिया गया। इस सत्र में शून्यकाल में 265 नए सदस्यों में से 229 को अपनी बात कहने का मौका मिला। 46 नई महिला सांसदों में 42 को शून्यकाल के दौरान बोलने का मौका मिला। सत्र के आखिरी दिन लद्दाख से नवनिर्वाचित सांसद जामयांग सेरिंग अपने भाषण के कारण चर्चा का विषय बन गए। उन्होंने लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश बनाने का समर्थन करते हुए कांग्रेस पर कई हमले किए।