Friday, July 17, 2026
Home Blog Page 214

लोक सभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ आज अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा

नई दिल्ली। No-confidence motion: सोमवार को यानी आज पूरे 39 वर्षों के बाद फिर संसद में लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हो सकती है। प्रस्ताव पर करीब दस घंटे तक चर्चा होने की उम्मीद है। बहस के लिए सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों ने पूरी तैयारी की है। केंद्रीय संसदीय मंत्री किरेन रिजिजू ने जहां सत्तापक्ष की तरफ से चर्चा में हिस्सा लेने वाली सदस्यों के साथ बैठक की, वहीं कांग्रेस ने भी बैठक कर रणनीति पर चर्चा की है।

संसद के बजट सत्र के दूसरे हिस्से की शुरुआत लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष की तरफ से लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के साथ होगी। लोकसभा में सबसे पहले शिलांग से सांसद डॉ. रिकी एजे सिंगकॉन को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद सदन कुछ देर के लिए स्थगित हो सकता है। कार्यसूची में प्रस्ताव पर चर्चा को शामिल किया है, हालांकि सदन में हंगामे के पूरे आसार हैं।

सूत्रों का कहना है कि सत्तापक्ष पूरी मजबूती के साथ विपक्ष के आरोपों का खंडन करेगा। सरकार की ओर से भी उन घटनाओं का हवाला दिए जाने की संभावना है जिनमें विपक्षी नेताओं ने कथित तौर पर राष्ट्रपति, राज्यपालों, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति जैसे संवैधानिक अधिकारियों के प्रति अनादर दिखाया है। वहीं, विपक्षी पार्टियां भी सरकार को घेरने में कोई कसर बाकी नहीं रखेंगी।

संसदीय सूत्रों के अनुसार, विपक्ष के 118 सांसदों ने प्रस्ताव के समर्थन में नोटिस पर हस्ताक्षर किए हैं। नोटिस पर तृणमूल कांग्रेस ने हस्ताक्षर नहीं किए थे, पर नए घटनाक्रम में टीएमसी ने भी प्रस्ताव का समर्थन करने का निर्णय लिया है। एनसीपी (शरद पवार) ने भी अभी तक अपना रुख साफ नहीं किया है, पर माना जा रहा है कि एनसीपी (एसपी) विपक्षी दलों के खिलाफ नहीं जाएगी।

लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के साथ दूसरे चरण में वैश्विक संघर्ष और उसके प्रभावों को लेकर भी गतिरोध बढ़ सकता है। कांग्रेस पहले ही विदेश नीति पर चर्चा की मांग कर चुकी है। अमेरिका-इजरायल के ईरान पर हमले के बाद कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और अमेरिका के रूस से तेल खरीदनों को लेकर बयानों पर भी विपक्ष सरकार को घेर सकता है।

अब तक तीन बार आए प्रस्ताव
लोकसभा अध्यक्ष को पद से हटाने के लिए अब तक तीन औपचारिक प्रस्ताव पेश किए गए हैं, पर कोई भी प्रस्ताव पारित नहीं हुआ। सबसे पहले 1954 में तत्कालीन अध्यक्ष जीवी मावलंकर के खिलाफ समाजवादी नेता विग्नेश्वर मिश्रा ने पेश किया, पर इस पर सदन में पर्याप्त समर्थन नहीं मिला और प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया है। इसके बाद 1966 में सरदार हुकुम सिंह के खिलाफ समाजवादी नेता मधु लिमये ने पेश किया। इस पर चर्चा हुई और प्रस्ताव गिर गया।

तीसरी बार 1987 में तत्कालीन लोकसभा अध्यक्ष बलराम जाखड़ के खिलाफ वामपंथी नेता सोमनाथ चटर्जी ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। इसको भी जरूरी बहुमत नहीं मिला और यह भी पारित नहीं हो सका। इसके बाद पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार के खिलाफ भी अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस देने की बात हुई थी, पर बाद में विपक्ष ने नोटिस देने का फैसला छोड़ दिया था।

बिरला नहीं रहेंगे सदन में मौजूद
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि जब तक उनके खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का निपटारा नहीं हो जाता तब तक वे सदन में मौजूद नहीं रहेंगे।

बिरला को हटाने के लिए विपक्ष को कितने वोट चाहिए
संविधान के मुताबिक लोकसभा स्पीकर को हटाने के लिए 272 वोट यानी साधारण बहुमत चाहिए। हालांकि तृणमूल कांग्रेस के समर्थन देने के ऐलान के बाद भी, विपक्ष के पास इतने वोट नहीं हैं। मौजूदा समय में सत्तारूढ़ NDA के पास 293 सांसदों का समर्थन है। इनमें BJP के 240, जेडीयू के 16, टीडीपी के 12, और अन्य पार्टियों के कुछ सीटें शामिल हैं। वहीं विपक्ष के पास मौजूदा समय में महज 238 सांसद हैं, जिनमें से 99 कांग्रेस के हैं। समाजवादी पार्टी, DMK, तृणमूल कांग्रेस और दूसरी पार्टियों के सांसदों को मिलाकर भी साधारण बहुमत हासिल करना विपक्ष के लिए मुश्किल होगा।

भारत-कनाडा 1.9 बिलियन डॉलर की यूरेनियम डील से पाकिस्तान बौखलाया

इस्लामाबाद। Nuclear Energy Program Of India: भारत और कनाडा ने लगभग 1.9 बिलियन डॉलर के एक लॉन्ग-टर्म यूरेनियम सप्लाई एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए हैं। इसका मकसद भारत के सिविल न्यूक्लियर एनर्जी प्रोग्राम को मजबूत करना है।

इस एग्रीमेंट के तहत, कनाडा की बड़ी यूरेनियम कंपनी कैमेको कॉर्प 2027 और 2035 के बीच भारत को लगभग 22 मिलियन पाउंड यूरेनियम ओर कंसन्ट्रेट सप्लाई करेगी, जिसका इस्तेमाल भारतीय न्यूक्लियर रिएक्टरों में फ्यूल के तौर पर किया जाएगा। इससे भारत की लंबे समय के लिए न्यूक्लियर फ्यूल सिक्योरिटी पक्की होगी।

इस डील पर साइन कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के भारत दौरे पर हुई है। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हाई लेवल बैठक भी की। दोनों देशों ने पुराने तनाव को भूलते हुए आपसी संबंधों को मजबूत करने पर भी सहमति जताई।

इसके अलावा दोनों देश आर्थिक जुड़ाव को बढ़ाने की कोशिशों में तेजी लाने पर भी सहमत हुए, जिसमें 2030 तक व्यापार को $50 बिलियन तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया। भारत और कनाडा क कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट (CEPA) पर बातचीत को भी आगे बढ़ाने पर सहमत हुए।

पाकिस्तान ने भारत-कनाडा यूरेनियम सप्लाई एग्रीमेंट पर नाराजगी जताई है। उसने कहा है कि इस अरेंजमेंट का क्षेत्रीय स्थिरता और ग्लोबल नॉन-प्रोलिफरेशन सिस्टम पर असर पड़ सकता है।

पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने कहा कि पाकिस्तान यूरेनियम सप्लाई और छोटे मॉड्यूलर रिएक्टर और एडवांस्ड न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी पर कनाडा के भारत के साथ संभावित सहयोग पर एग्रीमेंट को चिंता की नजर से देखता है।

अंद्राबी ने कहा कि यह एग्रीमेंट “खास तौर पर अजीब” है कि भारत को 1974 के न्यूक्लियर टेस्ट के बावजूद खास एक्सेस दिया जा रहा है, जो शांतिपूर्ण मकसदों के लिए कनाडा द्वारा सप्लाई किए गए रिएक्टर से प्लूटोनियम का इस्तेमाल करके किया गया था – एक ऐसी घटना जिसके कारण न्यूक्लियर सप्लायर्स ग्रुप बना।

उन्होंने कहा कि भारत ने “न तो अपनी सभी सिविलियन न्यूक्लियर फैसिलिटीज को इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी की निगरानी के तहत रखा है और न ही इस अरेंजमेंट के तहत ऐसा करने के लिए कोई वादा किया है।”

भारत के परमाणु हथियार को लेकर डर जताया
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि इस एग्रीमेंट के साथ “अगर कोई ठोस नॉन-प्रोलिफरेशन एश्योरेंस है,” तो क्या है। रणनीतिक चिंताएं जताते हुए, उन्होंने कहा कि बाहरी यूरेनियम सप्लाई का भरोसा मिलने से भारत के घरेलू रिजर्व मिलिट्री इस्तेमाल के लिए इस्तेमाल हो सकते हैं, जिससे “इसके फिसाइल मटीरियल के स्टॉक को बढ़ाने में मदद मिलेगी और भारत के परमाणु हथियारों के जखीरे में तेजी आएगी।

सीए फाइनल परीक्षा में 23वीं रैंक हासिल करने पर सृष्टि को ‘अग्र-रतन’ सम्मान

कोटा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को अखिल भारतीय अग्रवाल सेवा उत्थान समिति कोटा संभाग के तत्वाधान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस वर्ष का मुख्य आकर्षण सुल्तानपुर निवासी अग्रवाल समाज की गौरव, सृष्टि अग्रवाल रहीं। जिन्होंने सी.ए. फाइनल परीक्षा में पूरे भारत में 23वीं रैंक हासिल कर कोटा संभाग का मान बढ़ाया है।

​संभाग महामंत्री संजय गोयल ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि संभागीय अध्यक्ष श्री मोहनलाल अग्रवाल के नेतृत्व में बिटिया सृष्टि अग्रवाल की इस ऐतिहासिक सफलता पर उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने सृष्टि को ‘अग्र-रतन’ सम्मान प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अध्यक्ष श्री मोहनलाल जी अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि सृष्टि का ऑल इंडिया 23वीं रैंक प्राप्त करना अग्रवाल समाज के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिभाएं समाज की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती हैं और महिला सशक्तिकरण के वास्तविक अर्थ को चरितार्थ करती हैं।

​समारोह के दौरान इस सफलता की नींव रखने वाले उनके परिवार का भी अभिनंदन किया गया। समिति द्वारा सृष्टि के पिता श्री श्याम बिहारी अग्रवाल, माता ऋतु अग्रवाल एवं ताऊ जी रास बिहारी अग्रवाल का सम्मान किया गया। जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से बिटिया ने यह मुकाम हासिल किया।

कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ सदस्यों और पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें प्रमोद अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, विशाल अग्रवाल, महेश मित्तल, कमला मित्तल, रूपा अग्रवाल, नीरू अग्रवाल तथा भारती जैन मुख्य रूप से शामिल थे। संस्था के सभी सम्मानित सदस्यों की मौजूदगी में यह कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

किराड़ समाज पुरुषार्थ और स्वाभिमान का प्रतीक है: ऊर्जा मंत्री नागर

श्री कल्याणराय जी किराड़ क्षत्रिय विकास समिति का फागोत्सव एवं सम्मान समारोह

​कोटा। श्री कल्याणराय जी किराड़ क्षत्रिय विकास समिति, महानगर कोटा के तत्वावधान में रविवार को श्रीनाथपुरम् स्थित किराड़ समाज छात्रावास में भव्य ‘होली मिलन, फागोत्सव एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर मौजूद रहे। अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष गोविंद मेहता ने की। अखिल भारतीय किराड़ महासभा के महामंत्री रामकुमार मेहता, प्रदेश अध्यक्ष रामविलास मेहता और आशीष मेहता विशिष्ठ अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।

इस दौरान समाज के विभिन्न विभागों के कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।समारोह में फूलों और गुलाल की होली के बीच भजन गायक कुशाल सिंह सोलंकी, अनीता सोनी, दीपेश सोनी और निशा लोधा ने फाल्गुन के पारंपरिक भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

उन्होंने “आज बिरज में होरी रे रसिया…/ होली खेलें श्रीजी कोटा नगरी में..” सरीखे गीतों से मंत्रमुग्ध कर दिया। राधा-कृष्ण की सजीव झांकी के साथ हुए नृत्य ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रायोजक संजय मेहता, मनीषा मेहता, अशोक मेहता सहित समिति के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री नागर ने कहा कि किराड़ समाज पुरुषार्थ और स्वाभिमान का प्रतीक है।किराड़ समाज सदैव से स्वावलंबी रहा है। इसी स्वावलंबन को एक नई ऊँचाई देने के लिए देश और प्रदेश की सरकार एक क्रांतिकारी कदम उठा रही है। अब समय आ गया है, जब हमें बिजली के बिलों की चिंता से मुक्त होना होगा।

प्रधानमंत्री की ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के माध्यम से अब आपके घर की छत ही आपकी बिजली पैदा करेगी। इससे न केवल आपके घर का अंधेरा दूर होगा, बल्कि आपकी जेब पर पड़ने वाला भारी-भरकम बिजली का बोझ भी खत्म हो जाएगा।

कार्यक्रम में महासचिव जगदीश मेहता, कोषाध्यक्ष रमेश चंद्र मेहता, युवा अध्यक्ष मनीष मेहता, महिला इकाई की अध्यक्ष सुनीता मेहता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामावतार मेहता, मानक मेहता, प्रह्लाद मेहता, डॉ. गौरव मेहता, कमलेश मेहता, आलोक मेहता, विमलेश मेहता, गजेंद्र राजा, रघुवीर मेहता, युवराज मेहता, राकेश मेहता, नितेश मेहता, चंद्र प्रकाश मेहता, कन्हैया लाल, अशोक, पवन, अरविंद, मनीषा, अनुराधा, कुसुम लता, सुनीता समेत कईं लोग मौजूद रहे।

विधायक शर्मा ने पारीक समाज के भूखंड के निर्माण में सहयोग का दिलाया भरोसा

कोटा। पारीक समाज द्वारा समाज को आवंटित भूखंड का अवलोकन करने के लिए समाज बंधुओं की रविवार को बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाज के विकास और भूखंड पर प्रस्तावित निर्माण कार्य को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लेकर अपने विचार रखे।

प्रवक्ता राहुल पारीक ने बताया कि इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक संदीप शर्मा ने समाज बंधुओं को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पारीक समाज को अपने परिवार का हिस्सा मानते हैं और भूखंड के विकास व निर्माण कार्य में हर संभव सहयोग करेंगे।

पंचायत संरक्षक डॉ. के.के. पारीक ने कहा कि समाज की प्रगति तभी संभव है जब प्रत्येक परिवार सक्रिय भागीदारी निभाए। उन्होंने इस भूखंड पर होने वाले निर्माण कार्य में अपना पूर्ण सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई।

समाज के अध्यक्ष रासबिहारी पारीक ने कहा कि कोटा के लिए यह ऐतिहासिक समय है, जब प्रधानमंत्री के नेतृत्व में और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से कोटा ग्रीन एयरपोर्ट का शिलान्यास हुआ है, जो शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

उन्होंने विधायक संदीप शर्मा द्वारा कराए गए विकास कार्यों मथुराधीश मंदिर कॉरिडोर, कैथूनीपोल चौराहे का सौंदर्यीकरण तथा कैथूनीपोल से साबरमती होते हुए सेंट पॉल स्कूल तक मार्ग निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर इन कार्यों को लंबे समय तक याद रखेगा। उन्होंने संदीप शर्मा से समाज के इस भूखंड के विकास में सहयोग की अपेक्षा भी जताई।

कार्यक्रम की शुरुआत मंचासीन अतिथियों द्वारा महर्षि पराशर की पूजा-अर्चना के साथ हुई। समाज की कार्यकारिणी की ओर से मुख्य अतिथि संदीप शर्मा का माला, शॉल और साफा पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अंत में महामंत्री अशोक पारीक ने सभी अतिथियों व समाज बंधुओं का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर संरक्षक रवि प्रकाश पारीक, कोषाध्यक्ष विनोद पारीक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यनारायण पारीक, महेंद्र पारीक, कैलाश पारीक, गिरिराज पारीक, कमलेश पारीक, लक्ष्मीकांत पारीक, अशोक व्यास, देवेंद्र पारीक, मदन गोपाल पारीक, महेश पारीक, प्रवक्ता राहुल पारीक, नवनीत व्यास, अवध पारीक, शिवगोपाल पारीक, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष निर्मला पारीक व महामंत्री अनीता पारीक सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग और महिलाएं उपस्थित रहीं।

यूजीसी की दमनकारी नीतियों के विरोध में सर्व ब्राह्मण समाज का जलसत्याग्रह

कोटा। सर्व ब्राह्मण समाज के नेतृत्व में यूजीसी की कथित दमनकारी नीतियों के विरोध में रविवार को जलसत्याग्रह कर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने नारों के साथ अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए संबंधित प्रावधानों पर पुनर्विचार की मांग उठाई।

जिलाध्यक्ष कौशल गौत्तम ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने प्रतीकात्मक रूप से अर्धनग्न होकर यूजीसी के विरोध में नारेबाजी की और अपनी नाराजगी जताई। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि यूजीसी द्वारा लागू किए जा रहे कुछ प्रावधानों को लेकर सामान्य वर्ग में व्यापक असंतोष है।

युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष विनोद गौत्तम ने कहा कि संबंधित प्रावधान सामान्य वर्ग के मौलिक अधिकारों—अनुच्छेद 14, 15(1) एवं 21—पर प्रभाव डाल सकते हैं। उनका मानना है कि ऐसे नियम समाज में जातिगत विभाजन की आशंका उत्पन्न कर सकते हैं और इससे सामाजिक संतुलन प्रभावित हो सकता है। उन्होंने इन नियमों पर व्यापक पुनर्विचार की आवश्यकता जताई।

गौत्तम समाज का राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र गौत्तम ने समाज के विभिन्न वर्गों के लोग इस आंदोलन से जुड़े हैं और यह विरोध लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का प्रयास है।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष कौशल गौत्तम, गौत्तम समाज का राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र गौत्तम, चंद्रप्रकाश गौतम, सुशील गौतम, कुलदीप श्रृंगी, राजेश शर्मा, यश गौतम, मोहित गौतम, सौरभ शर्मा, रोनक शर्मा, अक्षत्र शर्मा, श्याम शर्मा, नरोत्तम शर्मा, महेश व्यास सहित समाज के कई लोग उपस्थित रहे।

JEE Advanced 2026 का शेड्यूल जारी, सबसे बड़ा इम्तिहान 17 मई को होगा

नई दिल्ली। JEE Advanced 2026 Schedule: आईआईटी रुड़की (IIT Roorkee) ने जेईई एडवांस्ड 2026 (JEE Advanced 2026) का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। उसने तारीखों का जो ऐलान किया है, उसके मुताबिक देश के इस सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग एंट्रेंस एग्जाम का आयोजन 17 मई 2026 को किया जाएगा।

कब है परीक्षा
जेईई एडवांस्ड की परीक्षा हमेशा से अपने कड़े नियमों के लिए जानी जाती है। 17 मई 2026 को यह परीक्षा एक ही दिन में दो अलग अलग शिफ्ट (Sessions) में आयोजित की जाएगी।

  • पेपर 1 (Paper 1): सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक।
  • पेपर 2 (Paper 2): दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक।

सबसे अहम बात जो हर कैंडिडेट को याद रखनी है, वह यह है कि दोनों पेपर्स में शामिल होना पूरी तरह से अनिवार्य (Mandatory) है। अगर कोई भी छात्र किसी एक पेपर को छोड़ देता है या उसमें शामिल नहीं होता है, तो उसका नाम मेरिट लिस्ट के लिए बिल्कुल भी कंसीडर नहीं किया जाएगा।

रजिस्ट्रेशन की तारीखें और प्रक्रिया
अगर आप इस परीक्षा के लिए खुद को योग्य मानते हैं, तो आपको इसके रजिस्ट्रेशन की तारीखों को अपने कैलेंडर में मार्क कर लेना चाहिए:

  • भारतीय छात्रों के लिए: रजिस्ट्रेशन विंडो 23 अप्रैल 2026 से खुलेगी और 2 मई 2026 को बंद हो जाएगी।
  • विदेशी छात्रों के लिए: विदेशी नागरिक (Foreign nationals) अपना रजिस्ट्रेशन थोड़ा पहले, 6 अप्रैल से ही शुरू कर सकेंगे।

यह पूरी आवेदन प्रक्रिया (Application process) पूरी तरह से ऑनलाइन होगी। छात्रों को आधिकारिक पोर्टल jeeadv.ac.in पर जाकर अपना फॉर्म भरना होगा।

एडमिट कार्ड और एग्जाम सेंटर के नियम
तैयारी के साथ साथ परीक्षा के दिन की सावधानियां भी बेहद जरूरी हैं। छात्रों के एडमिट कार्ड (Hall Tickets) 11 मई से 17 मई 2026 के बीच डाउनलोड करने के लिए उपलब्ध रहेंगे। परीक्षा केंद्र पर जाने वाले हर छात्र को अपने एडमिट कार्ड की एक प्रिंटेड कॉपी (Hard copy) और एक वैलिड फोटो आईडी साथ लेकर जाना होगा। ध्यान रहे, मोबाइल फोन में एडमिट कार्ड की सॉफ्ट कॉपी किसी भी हाल में मंजूर नहीं की जाएगी, इसलिए प्रिंटआउट पहले से निकालकर रख लें।

कौन दे सकता है परीक्षा
जेईई एडवांस्ड के दरवाजे हर किसी के लिए नहीं खुलते। इसके लिए कुछ बेहद सख्त पैमाने तय किए गए हैं:

  • जेईई मेन की मेरिट: जेईई मेन 2026 (JEE Main 2026) के पेपर 1 (BE/BTech) में टॉप 2,50,000 रैंक हासिल करने वाले छात्र ही इसके लिए अप्लाई कर सकते हैं (इसमें सभी कैटेगरी शामिल हैं)।
  • अटेम्प्ट की लिमिट: कोई भी छात्र लगातार दो सालों में अधिकतम दो बार ही यह परीक्षा दे सकता है।
  • 12वीं क्लास का नियम: छात्र ने साल 2025 या 2026 में पहली बार 12वीं की परीक्षा फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स (PCM) के साथ पास की हो।
  • अगर किसी छात्र ने पहले कभी किसी भी आईआईटी में एडमिशन लिया है, तो वह इस परीक्षा के लिए अयोग्य (Not eligible) माना जाएगा।

आंसर की और नतीजे कब तक
परीक्षा खत्म होने के बाद छात्रों की धड़कनें तेज हो जाती हैं। आईआईटी रुड़की ने रिजल्ट तक का पूरा खाका खींच दिया है:

  • 21 मई 2026: छात्रों की रिस्पॉन्स शीट (Candidate response sheets) जारी की जाएगी।
  • 25 मई 2026: प्रोविजनल आंसर की (Provisional answer key) जारी होगी।
  • 25 से 26 मई 2026: इस बीच छात्र किसी भी सवाल या जवाब को लेकर अपनी आपत्ति (Objections) दर्ज करा सकेंगे।
  • 1 जून 2026: सुबह 10 बजे तक फाइनल आंसर की और नतीजे (Results) घोषित कर दिए जाएंगे।
  • 2 जून 2026: नतीजों के ठीक अगले दिन से आईआईटी में एडमिशन के लिए जोसा (JoSAA) काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

वो सस्पेंस जो इस परीक्षा को बनाता है सबसे अलग
जेईई एडवांस्ड की सबसे बड़ी खूबसूरती और खौफ इसका ‘सस्पेंस’ है। हालांकि इसका सिलेबस 11वीं और 12वीं के फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स तक ही सीमित रहता है, लेकिन परीक्षा की मार्किंग स्कीम, अंकों का बंटवारा (Marks distribution) और सवालों की संख्या कितनी होगी, यह सब कुछ परीक्षा के दिन ही छात्रों के सामने खुलता है। यही अनिश्चितता (Unpredictability) इस एग्जाम की असली पहचान है।

9 अप्रैल को जेईई मेन का सेशन 2 खत्म हो जाएगा। इसके बाद छात्रों के पास जेईई एडवांस्ड की एक्सक्लूसिव तैयारी के लिए लगभग साढ़े पांच हफ्ते का वक्त बचेगा। अब यह वक्त है अपनी सारी ताकत झोंक देने का, क्योंकि मंजिल अब ज्यादा दूर नहीं है।

Women day: जीतो लेडीज विंग ने कार रैली निकाल कर दिया स्वास्थ्य जागरूकता संदेश

कोटा। International Women day: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जीतो) कोटा लेडीज विंग की ओर से रविवार सुबह नेशनल कार रैली का आयोजन किया गया।

रैली का उद्देश्य महिलाओं और आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नियमित चिकित्सा जांच के महत्व को रेखांकित करना रहा। लेडीज विंग की चेयरपर्सन मंजु लुंकड़ ने बताया कि रैली का शुभारंभ प्रदेश प्रवक्ता भाजपा पंकज मेहता, लोकेन्द्र राजावत, डिप्टी कमांडेंट पवन जैन, ग्रीन आर्मी की चेयरपर्सन मंजू जैन, पूर्व महापौर रतना जैन तथा एडवोकेट कल्पना शर्मा ने फ्लैग ऑफ कर किया।

प्रोग्राम संयोजिका प्रीति जैन और सह संयोजिका नेहा जैन ने बताया कि रैली श्री उम्मेद क्लब से प्रारंभ होकर जेडीबी, कोटड़ी, एरोड्रम चौराहा, कॉमर्स कॉलेज, केशवपुरा, सीएडी, टीलेश्वर महादेव, जीएम प्लाजा और अग्रसेन सर्किल होते हुए पुनः उम्मेद क्लब पर समाप्त हुई। रैली मार्ग में पोस्टर और बैनर के माध्यम से कैंसर जागरूकता का संदेश दिया गया।

चीफ सेक्रेट्री रेखा जैन ने बताया कि रैली के बाद महिलाओं और आमजन के लिए चिकित्सकों का टॉक शो आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों ने कैंसर और थैलेसीमिया की रोकथाम, समय पर जांच और उपचार के संबंध में जानकारी दी।

डॉ. आशीमा विजय ने सर्वाइकल कैंसर के कारणों और बचाव पर प्रकाश डालते हुए नियमित स्क्रीनिंग और टीकाकरण को आवश्यक बताया। डॉ. वत्सला याग्निक ने ब्रेस्ट कैंसर के लक्षणों और प्रारंभिक जांच के महत्व पर जानकारी दी तथा महिलाओं को समय-समय पर स्वयं जांच करने की सलाह दी।

वहीं डॉ. पी.एस. झा ने थैलेसीमिया रोग के बारे में विस्तार से बताते हुए विवाह पूर्व और गर्भावस्था के दौरान जांच की आवश्यकता पर जोर दिया। जीतो कोटा के चेयरमैन पंकज सेठी और उपाध्यक्ष कपिल जैन ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को समय पर जांच कराने के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम की तैयारियों में चीफ सेक्रेटरी नरेंद्र जैन, उपाध्यक्ष कपिल जैन, निखिल जैन, नेहा जैन, चित्रा बागरेचा, सुमन मुनोत, नीरा जैन, पिंकी बागरेचा, सोनिया सांखला, मीना जैन और वीणा जैन सहित लेडीज विंग की सदस्याएं सक्रिय रहीं।

वहीं यूथ विंग से सिद्धार्थ जैन और ईशान गोधा सहित अन्य सदस्यों ने व्यवस्थाओं में सहयोग दिया। आयोजन केदौरान एमपी चतर, वीरेन्द्र पाण्ड्या, बजरंग साबू, नरेश-निशा वेद, राजकुमार जैन, लोकेन्द्र राजावत, महेन्द्र भिंडीवाल, रेणु पालीवाल और प्रिंसु खेड़रा सहित अनेक सहयोगियों को पौधा भेंट कर आभार प्रकट किया।

महिला दिवस पर साइकिल रैली का आयोजन

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कोटा शहर में महिला सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश देती साइकिल रैली का आयोजन किया गया। ‘पेडल फॉर साइकिल’ और ‘कोटा ग्रीन कम्युनिटी’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली में शहर की अनेक महिला साइकिलिस्टों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाज को सकारात्मक संदेश दिया।

आयोजक हेमंत छाबरिया और प्रणव राज सिंह खींची ने बताया कि रैली महावीर नगर से प्रारंभ होकर शहीद स्मारक, नयापुरा पर संपन्न हुई। लगभग 200 साइकिल सवारों ने इसमें भाग लिया। रैली के दौरान महिलाओं ने आत्मनिर्भरता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए शहर की सड़कों पर साइकिल चलाई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियति शर्मा उपस्थित रहीं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।

कोटा स्टेशन पर चोर से आभूषण व 14.43 लाख रुपये नकद बरामद

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘यात्री सुरक्षा’ के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने कोटा स्टेशन पर एक शातिर आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी सहित कुल 14 लाख 43 हजार 550 रुपये मूल्य का सामान बरामद किया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि कोटा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1ए पर रेलवे सुरक्षा बल की टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति पिट्ठू बैग के साथ दिखाई दिया। संदेह के आधार पर उससे पूछताछ की गई, जिसमें उसके बैग से एक संदिग्ध महिला पर्स बरामद हुआ। इसी दौरान रेलवे सुरक्षा बल चौकी पर लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन करते हुए यह सूचना राजकीय रेलवे पुलिस, कोटा के साथ साझा की गई।

राजकीय रेलवे पुलिस, कोटा द्वारा बताया गया कि एक महिला पर्स चोरी के मामले में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है। पूछताछ के दौरान संदिग्ध व्यक्ति उक्त चोरी की घटना में शामिल पाया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप सिंह (आयु 27 वर्ष), निवासी कोटा के रूप में हुई है। आरोपी के पास से लगभग 14,02,000 रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा 41,550 रुपये नकद सहित कुल 14,43,550 रुपये की बरामदगी की गई।

इस संबंध में राजकीय रेलवे पुलिस, कोटा द्वारा भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 (सी) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी के विरुद्ध विभिन्न थानों में छीनाझपटी, चोरी तथा शस्त्र अधिनियम से संबंधित कई प्रकरण दर्ज हैं।

ICAI CA फाउंडेशन और इंटर रिजल्ट 2026 जारी, स्कोरकार्ड ऐसे करें डाउनलोड

Result 2026: फाउंडेशन में लोगप्रिया टॉपर, इंटर में कन्हैया लाल अव्वल

नई दिल्ली। ICAI CA Result 2026 OUT: इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (icai) ने आज सीए फाउंडेशन और सीए इंटरमीडिएट जनवरी 2026 सत्र के परिणामों की घोषणा कर दी है। ICAI CA के अनुसार फाउंडेशन में लोगप्रिया टॉपर, इंटर में कन्हैया लाल ने टॉप किया है।

लंबे समय से इंतजार कर रहे हजारों उम्मीदवारों का सस्पेंस अब खत्म हो गया है। छात्र अब आधिकारिक वेबसाइट icai.nic.in पर जाकर अपना व्यक्तिगत स्कोरकार्ड चेक और डाउनलोड कर सकते हैं।

यह परीक्षा जनवरी 2026 में देश भर के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की गई थी। परिणाम घोषित होने के साथ ही उन मेधावी छात्रों के नाम भी सामने आने लगे हैं जिन्होंने इस कठिन परीक्षा में सफलता के झंडे गाड़े हैं।

रिजल्ट ऐसे करें चेक

  • रिजल्ट पोर्टल अब सक्रिय हो गया है। उम्मीदवार इन स्टेप्स को फॉलो करके अपना परिणाम देख सकते हैं:
  • सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट icai.nic.in पर जाएं।
  • होमपेज पर अपनी संबंधित परीक्षा के लिंक (Foundation या Intermediate) पर क्लिक करें।
  • अपना रोल नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें।
  • स्क्रीन पर दिया गया सुरक्षा कैप्चा कोड भरें और ‘सबमिट’ पर क्लिक करें।
  • आपका स्कोरकार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा। भविष्य के लिए इसका प्रिंटआउट ले लें।

पास होने के लिए इतने अंक जरूरी
सीए परीक्षाओं में पासिंग क्राइटेरिया काफी सख्त होता है। आईसीएआई के नियम

  • प्रत्येक विषय में: उम्मीदवार को कम से कम 40% अंक प्राप्त करने अनिवार्य हैं।
  • कुल मिलाकर : सभी विषयों को मिलाकर कुल 50% अंक होने चाहिए।
  • इन दोनों शर्तों को पूरा करने वाले उम्मीदवारों को ही ‘सफल’ घोषित किया जाता है।

फाउंडेशन और इंटर के बाद क्या?

  • सीए फाउंडेशन सफल छात्र: वे अब सीए इंटरमीडिएट कोर्स के लिए रजिस्ट्रेशन कराने के पात्र हो गए हैं।
  • सीए इंटरमीडिएट सफल छात्र: जिन्होंने इंटरमीडिएट के दोनों ग्रुप पास कर लिए हैं, वे अब अपनी अनिवार्य ‘प्रैक्टिकल ट्रेनिंग’ या ‘आर्टिकलशिप’ शुरू कर सकेंगे। इसके बाद वे सीए फाइनल परीक्षा की ओर अपना कदम बढ़ाएंगे।

मेरिट लिस्ट और टॉपर्स
नतीजों के साथ ही आईसीएआई ने टॉप 50 उम्मीदवारों की मेरिट लिस्ट भी जारी की है। इस बार के परिणामों में पास प्रतिशत को लेकर विशेषज्ञों का मानना है कि प्रतिस्पर्धा काफी कठिन रही है। इंटरमीडिएट स्तर पर दोनों ग्रुप पास करने वाले छात्रों की संख्या में पिछले साल के मुकाबले सकारात्मक बदलाव देखा गया है।

आईसीएआई ने छात्रों को सलाह दी है कि यदि उन्हें वेबसाइट पर ट्रैफिक के कारण रिजल्ट देखने में देरी हो रही है, तो वे कुछ समय बाद दोबारा प्रयास करें। डिजिटल स्कोरकार्ड के अलावा, आधिकारिक मार्कशीट बाद में छात्रों के रजिस्टर्ड पते पर भेजी जाएगी।

सीए इंटरमीडिएट जनवरी 2026 के टॉपर्स

रैंकनामशहररोल नंबरअंकप्रतिशत
AIR 1कन्हैया लालऐलनाबाद652015508/60084.67%
AIR 2फातिमा शहजा केपेरिन्तल्मन्न615232504/60084.00%
AIR 3वान्या बंसलफरीदाबाद573157498/60083.00%

सीए फाउंडेशन जनवरी 2026 के टॉपर्स

रैंकनामशहररोल नंबरअंकप्रतिशत
AIR 1लोगप्रिया पीपीमदुरै778161366/40091.50%
AIR 2खुशी सिकारियामिदनापुर767618365/40091.25%
AIR 3हिबा पीकन्नूर764885361/40090.25%
AIR 3सुमन कार्कीकाठमांडू766645361/40090.25%
AIR 3राघव नरेश गुप्तासूरत809390361/40090.25%

सीए इंटर का पास प्रतिशत

समूहउपस्थित हुए उम्मीदवारउत्तीर्ण उम्मीदवारउत्तीर्ण प्रतिशत
समूह I1,05,52614,73313.96%
समूह II69,47710,79815.54%
दोनों समूह41,7983,9249.39%


सीए फाउंडेशन का उत्तीर्ण प्रतिशत

लिंगउपस्थित हुए उम्मीदवारउत्तीर्ण उम्मीदवारउत्तीर्ण प्रतिशत
पुरुष57,23811,52320.13%
महिला52,4569,57618.26%
कुल1,09,69421,09919.23%