Thursday, July 16, 2026
Home Blog Page 209

LPG संकट के बीच सरकार बोली, 60 घंटे में मिलेगा घरेलू गैस सिलेंडर

नई दिल्ली। ईरान-अमेरिका युद्ध के कारण देश में गैस का संकट लगातार बढ़ता जा रहा है। कई शहरों में होटल और रेस्टोरेंट्स गैस की सप्लाई नहीं होने के कारण बंद हो चुके हैं। कई शहरों में गैस एजेंसियों के सामने लंबी-लबी कतारें लगी हैं।

इस बीच सरकार ने कहा है कि एलपीजी सिलेंडर बुकिंग के ढाई दिन यानी 60 घंटे बाद मिलेगा। सरकार ने साथ ही लोगों से अपील की है कि वे घबराहट में सिलेंडर बुक करके जमा न करें। देश में एलपीजी के उत्पादन में 25 फीसदी तेजी आई है।

पेट्रोलियम मिनिस्ट्री में जॉइंट सेक्रेटरी (मार्केटिंग एंड ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हम अपनी जरूरत का 60 फीसदी एलपीजी आयात करते हैं और इसमें से 90 फीसदी होर्मुज की खाड़ी से आता है।

सरकार ने इस स्थिति से निपटने के लिए कई कदम उठाए हैं। 8 मार्च को रिफाइनरीज और पेट्रोकेमिकल परिसरों को एलपीजी उत्पादन को एलपीजी का अधिकतम उत्पादन करने का आदेश दिया।

घरेलू उत्पादन में बढ़ोतरी
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उठाए गए कदमों से हमारा घरेलू एलपीजी प्रोडक्शन 25 फीसदी बढ़ गया है। इसे घरेलू उपभोक्ताओं को भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि नॉन-डोमेस्टिक एलपीजी के लिए हॉस्पिटल और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि एलपीजी की कीमत में बढ़ोतरी का एक बड़ा हिस्सा सरकार वहन करती है ताकि उपभोक्ताओं पर ज्यादा बोझ न पड़े।

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 14 मार्च को आंधी और बारिश का अलर्ट

जयपुर। राजस्थान में इन दिनों तेज गर्मी और लू के बीच मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च से राज्य के मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण कुछ इलाकों में आंधी और बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग ने 14 मार्च को राज्य के 19 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि इन क्षेत्रों में बारिश के साथ ओले गिरने की भी आशंका है। वहीं बुधवार के लिए दो जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में बदलते मौसम का असर तापमान पर भी दिखाई दे सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक, 14 मार्च को उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली का प्रभाव 14 और 15 मार्च को राजस्थान के कई हिस्सों में देखा जा सकता है।

उनके अनुसार इस दौरान कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की आंधी और बारिश हो सकती है। साथ ही तापमान में लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना भी जताई गई है।

गेहूं का इस बार रिकॉर्ड 1202.10 लाख टन उत्पादन होने का अनुमान

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने वर्ष 2025-26 के लिए प्रमुख कृषि फसलों (खरीफ और रबी) के उत्पादन के दूसरे अग्रिम अनुमान जारी कर दिए हैं। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अनुसार इस बार देश में कई फसलों में रिकॉर्ड उत्पादन का अनुमान है।

कृषि फसलों के उत्‍पादन के दूसरे अग्रिम अनुमान हेतु राज्यों से प्राप्त फसलों के क्षेत्रफल को रिमोट सेंसिंग, साप्ताहिक फसल मौसम निगरानी समूह और अन्य एजेंसियों से प्राप्त जानकारी के साथ सत्यापित किया गया है।

इसके अलावा उपज अनुमान फसल कटाई प्रयोगों (सीसीई), पिछले प्रवृत्तियों और अन्य सहयोगी कारकों पर आधारित हैं। दूसरे अग्रिम अनुमान में केवल खरीफ एवं रबी मौसम शामिल होते हैं, जायद मौसम को तीसरे अग्रिम अनुमान में शामिल किया जाएगा।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अनुसार वर्ष 2025-26 के दूसरे अग्रिम अनुमानों के अनुसार खरीफ खाद्यान्न उत्पादन 1741.44 लाख टन और रबी खाद्यान्न उत्पादन 1745.13 लाख टन रहने का अनुमान है।

पिछले वर्ष खरीफ खाद्यान्न उत्पादन 1694.60 लाख टन और रबी खाद्यान्न उत्पादन 1691.66 लाख टन था। इस तरह इस बार पिछले साल की तुलना में खरीफ खाद्यान्न उत्पादन में 46 लाख टन (2.8%) और रबी खाद्यान्न उत्पादन में 53 लाख टन (3.2%) इजाफा हुआ है।

चावल और गेहूं की रिकॉर्ड पैदावार
खरीफ सीजन में चावल का रिकॉर्ड 1239.28 लाख टन उत्पादन होने का अनुमान है जो 2024-25 के 1227.72 लाख टन की तुलना में, 11.56 लाख टन ज्यादा है। रबी चावल का उत्पादन 167.20 लाख टन अनुमानित है। गेहूं का भी उत्पादन रिकॉर्ड 1202.10 लाख टन अनुमानित है, जो पिछले वर्ष के 1179.45 लाख टन उत्पादन की तुलना में 22.65 लाख टन अधिक है।

मोटे अनाजों के उत्पादन में भी इजाफा हुआ है। श्री अन्न (खरीफ) का उत्पादन 123.43 लाख टन और श्री अन्न (रबी) का उत्पादन 30.98 लाख टन अनुमानित है। खरीफ मक्का का उत्पादन रिकॉर्ड 302.47 लाख टन और रबी मक्का का उत्पादन रिकॉर्ड 159.03 लाख टन होने का अनुमान है। पोषक/मोटे अनाजों में भी मजबूत वृद्धि दर्ज की गई है। पोषक/मोटे अनाज (खरीफ) का उत्पादन 425.89 लाख टन और पोषक/मोटे अनाज (रबी) का उत्पादन 213.41 लाख टन होने का अनुमान है।

चना, मूंगफली का उत्पादन भी बढ़ा
सरकारी आंकड़ों के अनुसार अरहर एवं चने का उत्पादन क्रमश: 34.55 लाख टन एवं 117.92 लाख टन होने का अनुमान है। मसूर का उत्पादन 17.33 लाख टन अनुमानित है। खरीफ एवं रबी मूंगफली का उत्पादन क्रमश: 112.94 लाख टन एवं 7.97 लाख टन अनुमानित है। खरीफ मूंगफली का उत्पादन पिछले वर्ष के 104.12 लाख टन उत्पादन की तुलना में 8.82 लाख टन अधिक है।

सोयाबीन का उत्पादन 127.20 लाख टन एवं रेपसीड और सरसों का उत्पादन 133.31 लाख टन होने का अनुमान है। कपास का उत्पादन 290.91 लाख गांठे (प्रत्येक गांठ 170 किलोग्राम) और गन्ने का उत्पादन 5001.97 लाख टन होने का अनुमान है।

अजमेर–सांतरागाछी विशेष ट्रेन वैकल्पिक मार्ग से संचालित होगी

कोटा। रांची जंक्शन–लोहरदगा–तोरी रेलखंड में पुल संख्या 115 पर तकनीकी कार्य के कारण कोटा मंडल होकर संचालित अजमेर–सांतरागाछी विशेष ट्रेन को निर्धारित मार्ग के स्थान पर वैकल्पिक मार्ग से संचालित किया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि प्रभावित रेल सेवाओं का विवरण निम्नानुसार है –

  • गाड़ी संख्या 08612 अजमेर–सांतरागाछी विशेष दिनांक 12.03.2026 एवं 19.03.2026 को अपने निर्धारित मार्ग के स्थान पर परिवर्तित मार्ग तोरी–बरकाकाना जंक्शन–रामगढ़ कैंट–मुरी जंक्शन होकर संचालित की जाएगी।
  • गाड़ी संख्या 08611 सांतरागाछी–अजमेर विशेष दिनांक 09.03.2026 एवं 16.03.2026 को अपने निर्धारित मार्ग के स्थान पर परिवर्तित मार्ग मुरी जंक्शन–रामगढ़ कैंट–बरकाकाना जंक्शन–तोरी होकर संचालित की जाएगी।

रेलवे ने बेटिकट यात्रियों से 34,820 रुपये जुर्माना वसूला

पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में यात्रियों को बिना टिकट यात्रा तथा अवैध गतिविधियों से रोकने के उद्देश्य से कोटा–रामगंजमंडी–भवानीमंडी खंड में सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान ट्रेनों के साथ-साथ रामगंजमंडी एवं भवानीमंडी रेलवे स्टेशनों के प्लेटफार्मों पर भी व्यापक जांच की गई। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि अभियान के दौरान टिकट जांच दल द्वारा कुल 117 मामलों में कार्रवाई करते हुए 34,820 रुपये का अतिरिक्त किराया एवं जुर्माना वसूल किया गया। अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों तथा अवैध वेंडरों की भी जांच की गई।

NEET SS 2026 काउंसलिंग राउंड-1 का रजिस्ट्रेशन शुरू, जानें पूरा शेड्यूल

नई दिल्ली। NEET SS Counselling 2026: मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने नीट एसएस (NEET SS) काउंसलिंग 2026 के राउंड-1 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह काउंसलिंग डॉक्टर ऑफ मेडिसिन (DM), मास्टर ऑफ चिरुर्गिया (MCh) और DrNB सुपर स्पेशियलिटी कोर्सेज में एडमिशन के लिए आयोजित की जा रही है।

जो उम्मीदवार नेशनल एलिजिबिलिटी-कम-एंट्रेंस टेस्ट सुपर स्पेशियलिटी (NEET SS) में सफल हुए हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

काउंसलिंग का शेड्यूल (राउंड-1)
काउंसलिंग प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए एमसीसी ने एक टाइम टेबल जारी किया है:

  • रजिस्ट्रेशन की अवधि: 10 मार्च से 15 मार्च 2026 (दोपहर 12 बजे तक)।
  • शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि: 15 मार्च 2026 (दोपहर 3 बजे तक)।
  • चॉइस फिलिंग (कॉलेज चुनना): 11 मार्च से 16 मार्च 2026 (रात 11:55 बजे तक)।
  • चॉइस लॉकिंग: 16 मार्च 2026 (शाम 4 बजे से रात 11:55 बजे तक)।
  • सीट आवंटन परिणाम: 18 मार्च 2026।
  • कॉलेज में रिपोर्टिंग: 19 मार्च से 25 मार्च 2026 के बीच।

रजिस्ट्रेशन शुल्क और सिक्योरिटी
नीट एसएस काउंसलिंग में भाग लेने के लिए उम्मीदवारों को भारी-भरकम शुल्क का भुगतान करना होता है, जिसे दो भागों में बांटा गया है। रजिस्ट्रेशन शुल्क 5,000 रुपये ( नॉन-रिफंडेबल यानी वापस नहीं होने वाला शुल्क) है। सुरक्षा जमा राशि 2,00,000 रुपये (यह रिफंडेबल है) है। कुल मिलाकर, उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन के समय 2,05,000 रुपये का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा।

आवश्यक डॉक्यूमेंट
आवंटित कॉलेज में रिपोर्टिंग के समय उम्मीदवारों को इन ओरिजनल डॉक्यूमेंट की आवश्यकता होगी।

नीट एसएस 2025 का स्कोरकार्ड और एडमिट कार्ड

  1. एमबीबीएस (MBBS) की डिग्री और मार्कशीट
  2. एमडी/एमएस/डीएनबी (MD/MS/DNB) की डिग्री
  3. एनएमसी (NMC) या राज्य चिकित्सा परिषद का रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र
  4. जन्म तिथि प्रमाण (10वीं की मार्कशीट)
  5. पहचान पत्र (आधार कार्ड, पैन कार्ड या पासपोर्ट)

काउंसलिंग के चरण और नियम
यह काउंसलिंग प्रक्रिया कुल तीन चरणों में आयोजित की जाएगी: राउंड 1, राउंड 2 और एक ‘स्ट्रे वैकेंसी’ राउंड। यदि किसी उम्मीदवार को पहले दौर में सीट मिल जाती है, तो उनके पास ‘अपग्रेडेशन’ का विकल्प भी होता है। काउंसलिंग पूरी तरह से ऑनलाइन मोड में होती है, लेकिन सीट मिलने के बाद फिजिकल वेरिफिकेशन के लिए आवंटित संस्थान में उपस्थित होना अनिवार्य है।

सुपर स्पेशियलिटी कोर्सेज का नया शैक्षणिक सत्र 10 अप्रैल 2026 से शुरू होने की संभावना है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे चॉइस फिलिंग करते समय कॉलेजों की वरीयता को ध्यान से भरें, क्योंकि इसी के आधार पर उनकी मेरिट और रैंक के अनुसार सीट का आवंटन किया जाएगा।

Xiaomi 17 सीरीज भारत में लॉन्‍च, जानिए स्पेसिफिकेशन्स और कीमत

नई दिल्ली। Xiaomi 17 Series Launched : शाओमी 17 सीरीज को भारत में लॉन्‍च कर द‍िया गया है। कई द‍िनों से ये स्‍मार्टफोन्‍स चर्चा में थे। इनका ग्‍लोबल लॉन्‍च फरवरी महीने के आखिर में हुआ था। चीन में इन्‍हें पिछले साल ही पेश कर दिया गया था। अब ये भारत में भी आ गए हैं।

Xiaomi 17 की शुरुआती कीमत 89999 रुपये रखी गई है, जबक‍ि अल्‍ट्रा मॉडल को खरीदने के लिए 1,29,999 रुपये चुकाने होंगे। सवाल है कि शाओमी की इस प्रीमियम सीरीज को खरीदा जाना चाहिए या नहीं। इसमें क्‍या खास है और क्‍या एवरेज, आइए जानते हैं।

Xiaomi 17 Series की भारत में कीमत
Xiaomi 17 सीरीज के दाम 89,999 रुपये से शुरू होते हैं। अर्ली बर्ड पीरियड के तहत कंपनी 512 जीबी मॉडल को भी 256 जीबी वेरिएंट वाली कीमत में यानी 89,999 रुपये में ऑफर कर रही है। Xiaomi 17 Ultra की कीमत 1,29,999 रुपये है।

एसबीआई क्रेड‍िट कार्ड्स पर 10 हजार रुपये का इंस्‍टेंट डिस्‍काउंट लिया जा सकता है। इस फोन के साथ कंपनी फोटोग्राफी किट भी लेकर आई है जिसकी कीमत 19,999 रुपये है। इन डिवाइसेज को खरीदने पर कंपनी स्‍पॉटिफाई का 4 महीने का प्रीमियम प्‍लान दे रही है।

3 महीने के लिए Google AI Pro और 3 महीने के लिए यूट्यूब प्रीमियम दिया जा रहा है। Xiaomi 17 सीरीज की सेल एमेजॉन, mi.com और Xiaomi रिटेल स्‍टोर्स पर 18 मार्च से शुरू होगी।

Xiaomi 17 के फीचर्स एवं स्‍पेसिफि‍केशंस

  • डिस्‍प्‍ले: 6.3 इंच क्र‍िस्‍टलरेस OLED डिस्‍प्‍ले, 120 हर्त्‍ज रिफ्रेश रेट, 3,500 निट्स पीक ब्राइटनैस, HDR10+ के साथ डॉल्‍बी विजन सपोर्ट
  • चिपसेट: Snapdragon 8 Elite Gen 5
  • रैम : 12 जीबी
  • स्‍टोरेज : 256 जीबी और 512 जीबी
  • ओएस: एंड्रॉयड 16 पर बेस्‍ड शाओमी हाइपर ओएस 3
  • कैमरा: 50 मेगापिक्‍सल का मेन सेंसर, 50 मेगापिक्‍सल टेलिफोटो कैमरा, 50 मेगापिक्‍सल अल्‍ट्रावाइड कैमरा
  • फ्रंट कैमरा: 50 मेगा‍प‍िक्‍सल
  • बैटरी: 6330 एमएएच, 100 वॉट चार्जिंग सपोर्ट
  • वजन: 191 ग्राम

रूस से सस्ता तेल खरीदने में यह भारतीय बैंक बना सबसे बड़ा बाधक, जानिए क्यों

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच भारत में कच्चे तेल के आयात पर असर पड़ा है। इसे देखते हुए कुछ दिनों पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को 30 दिन तक रूसी तेल खरीदने की छूट दी है।

इस छूट के बाद भारत ने रूसी तेल खरीदना शुरू भी कर दिया है, लेकिन पेमेंट को लेकर संकट पैदा हो सकता है। Oilprice.com के मुताबिक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) रूसी तेल का पेमेंट करने से बच रहा है।

यूक्रेन पर हमले को लेकर अमेरिका ने कुछ रूसी तेल कंपनियों पर बैन लगाया था। बाद में ट्रंप ने रूसी तेल खरीदने के कारण भारत पर 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाया था। बाद में भारत ने रूस से तेल खरीदना काफी कम कर दिया था। इससे पहले भारत रूस से सस्ती कीमत पर तेल खरीद रहा था। ट्रेड डील के दौरान ट्रंप ने कहा था कि भारत रूसी तेल खरीदना बंद कर देगा। इसके बाद से कई भारतीय बैंक रूसी तेल कंपनियों को पेमेंट करने से बच रहे हैं।

क्यों जोखिम नहीं लेना चाहता एसबीआई
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार SBI अपनी वैश्विक प्रतिष्ठा और अमेरिकी बाजार में अपने हितों को लेकर कोई जोखिम नहीं उठाना चाहता। इसके मुख्य कारण इस प्रकार हैं:

  • अल्पकालिक छूट: अमेरिका की ओर से दी गई यह छूट वर्तमान में केवल एक महीने के लिए है। बैंक इस बात को लेकर अनिश्चित है कि एक महीने बाद अमेरिका की ओर से मिली यह छूट आगे बढ़ेगी या नहीं।
  • अमेरिकी बाजार में बड़ा निवेश: SBI के इंटरनेशनल लोन पोर्टफोलियो का 26% हिस्सा अकेले अमेरिका में है। बैंक अपने इस बड़े कारोबार को किसी भी तरह के प्रतिबंधों या कानूनी उलझनों से बचाना चाहता है।
  • भारत पर बढ़ा आपूर्ति का दबाव
    पिछले साल अमेरिका ने रूसी ऊर्जा कंपनियों Rosneft और Lukoil पर बैन लगाया था। इसके बाद कुछ भारतीय बैंक रूसी तेल व्यापार के वित्तपोषण पर विचार कर रहे थे। हालांकि SBI अब भी रूसी कच्चे तेल से जुड़े पेमेंट से दूरी बनाए हुए है।

Stock Market: सेंसेक्स 1342 अंक गिरकर बंद, निवेशकों के 6 लाख करोड़ स्वाहा

नई दिल्ली। Stock Market Closed, March 11, 2026: ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी युद्ध और मिलेजुले वैश्विक संकेतों से हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार (11 मार्च) को शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ।

बेंचमार्क सूचकांक और निफ्टी में करीब दो प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इस गिरावट से निवेशकों को करीब 6 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ और बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 441 लाख करोड़ रुपये रह गया।

30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1342.27 अंक या 1.72 प्रतिशत गिरकर 76,863.71 पर बंद हुआ। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 394.75 अंक या 1.63 प्रतिशत गिरकर 23,866.85 पर बंद हुआ।

एफआईआई की लगातार भारतीय बाजारों से निकासी से दबाव पड़ा है। ऑटो, आईसीआईसीआई और एचडीएफसी बैंक जैसे शेयरों में मुनाफावसूली ने भी बाजार को नीचे खींचा।

बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 78,238 अंक पर सपाट खुला। खुलने के बाद इंडेक्स में गिरावट देखने को मिली और दोपहर में यह बढ़ गई। अंत में यह 1342.27 अंक या 1.72 प्रतिशत की गिरावट लेकर 76,863.71 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) 24,231 अंक पर सपाट खुला। कारोबार के दौरान 23,834 अंक तक फिसल गया। अंत में 394.75 अंक या 1.63 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,866 पर बंद हुआ।

टॉप लूजर्स एंड गेनर्स
सेंसेक्स की बात करें तो बुधवार को सन फार्मा और एनटीपीसी ही बढ़त में रहने वाले शेयर थे। वहीं गिरावट वाले शेयरों में बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) और कोटक बैंक प्रमुख रहे।

निफ्टी ऑटो इंडेक्स सबसे ज्यादा गिरने वाला सेक्टर रहा और इसमें 3 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई। इसके बाद निफ्टी प्राइवेट बैंक करीब 2.4 प्रतिशत और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज लगभग 2.3 प्रतिशत नीचे रहे। वहीं निफ्टी फार्मा और ऑयल एंड गैस इंडेक्स बढ़त वाले सेक्टरों में शामिल रहे। बीएसई मिडकैप इंडेक्स में 1.25 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स करीब 0.36 प्रतिशत नीचे रहा।

क्यों टूटा आज बाजार

  1. प्रॉफिट बुकिंग
    पिछले ट्रेडिंग सेशन में अच्छी बढ़त के बाद बाजार में आज चुनिंदा शेयरों में मुनाफा वसूली देखी जा रही है। आईसीआईसीआई, एचडीएफसी, एक्सिस बैंक और भारती एयरटेल जैसे शेयरों में पिछले सेशन में आई बढ़त के बाद बिकवाली हावी है।
  2. FIIs की बिकवाली
    विदेशी निवेशकों की बिकवाली का भी बाजार की चाल पर नेगेटिव असर पड़ा है। एफआईआई लगातार भारतीय बाजारों से पैसा निकाल रहे हैं। उन्होंने 10 मार्च को ने करीब 4,673 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर बेचें।
  3. मिडिल ईस्ट संकट से घबराहट
    अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ कड़ी चेतावनी जारी की है। ट्रंप ने ईरान से कहा है कि अगर उन्होंने हॉर्मुज जलसंधि में कोई खदानें लगाई हैं तो उन्हें तुरंत हटा दें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि खदानें नहीं हटाई गईं, तो अमेरिका की ओर से सैन्य कार्रवाई की जाएगी, जिसकी तीव्रता अब तक नहीं देखी गई है।

एलपीजी सिलेंडर की कमी पर लोक सभा में हंगामा, एनडीए सांसद बोले अफवाह

नई दिल्ली। देश में एलपीजी सिलेंडर की कमी को लेकर बुधवार को सदन में हंगामा हुआ। वहीं एनडीए के सांसद इसे अफवाह बता रहे हैं। एनडीए के सांसदों का कहना है कि देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है, कुछ लोग जानकर अफवाह फैला रहे हैं।

जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है और सरकार पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस विषय की समीक्षा की है और सरकार ने साफ तौर पर कहा है कि एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है। लोगों से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों से बचना चाहिए और अनावश्यक रूप से सिलेंडर की जमाखोरी नहीं करनी चाहिए।

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच ईंधन और गैस सप्लाई को लेकर देशभर में चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस मामले में साफ दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं और किसी भी तरह की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सम्राट चौधरी ने कहा, ‘भारत सरकार ने स्पष्ट गाइडलाइन जारी की है। अगर कोई भी ब्लैक मार्केटिंग में शामिल पाया गया तो सरकार उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि जनता को सभी सुविधाएं मिलती रहें।’

जयपुर मंडल में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण कोटा से संचालित ट्रेनें प्रभावित

कोटा। उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल के कनकपुरा स्टेशन पर यार्ड में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण कोटा मंडल से होकर संचालित कुछ रेल सेवाएँ प्रभावित रहेंगी। इसके चलते कुछ गाड़ियाँ निरस्त तथा कुछ आंशिक रूप से निरस्त रहेंगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि इस कार्य के कारण प्रभावित रेल सेवाओं का विवरण निम्नानुसार है –

निरस्त की जाने वाली गाड़ियाँ

  • गाड़ी संख्या 14814 भोपाल–जोधपुर एक्सप्रेस भोपाल से दिनांक 03, 04, 05, 08, 12, 13 एवं 14 मई 2026 को कुल 07 ट्रिप निरस्त रहेगी।
  • गाड़ी संख्या 14813 जोधपुर–भोपाल एक्सप्रेस जोधपुर से दिनांक 02, 03, 04, 07, 11, 12 एवं 13 मई 2026 को कुल 07 ट्रिप निरस्त रहेगी।

आंशिक निरस्त गाड़ियाँ

  • गाड़ी संख्या 12181 जबलपुर–अजमेर एक्सप्रेस दिनांक 03.05.2026 से 05.05.2026, 08.05.2026 तथा 11.05.2026 से 14.05.2026 तक कुल 08 ट्रिप जबलपुर से प्रस्थान कर जयपुर तक ही संचालित होगी। अर्थात यह रेल सेवा जयपुर–अजमेर स्टेशनों के मध्य आंशिक रूप से निरस्त रहेगी।
  • गाड़ी संख्या 12182 अजमेर–जबलपुर एक्सप्रेस दिनांक 04.05.2026 से 06.05.2026, 09.05.2026 तथा 12.05.2026 से 15.05.2026 तक कुल 08 ट्रिप अजमेर के स्थान पर जयपुर से प्रस्थान करेगी। अर्थात यह रेल सेवा अजमेर–जयपुर स्टेशनों के मध्य आंशिक रूप से निरस्त रहेगी।
  • गाड़ी संख्या 22175 नागपुर–जयपुर एक्सप्रेस दिनांक 14.05.2026 को नागपुर से प्रस्थान कर अजमेर तक ही संचालित होगी। अर्थात यह रेल सेवा अजमेर–जयपुर स्टेशनों के मध्य आंशिक रूप से निरस्त रहेगी।
  • गाड़ी संख्या 22176 जयपुर–नागपुर एक्सप्रेस दिनांक 15.05.2026 को जयपुर के स्थान पर अजमेर से संचालित होगी। अर्थात यह रेल सेवा जयपुर–अजमेर स्टेशनों के मध्य आंशिक रूप से निरस्त रहेगी।