Thursday, July 16, 2026
Home Blog Page 208

Stock Market: सेंसेक्स 1000 अंक टूटकर 76 हजार से नीचे, निफ्टी 23580 पर

नई दिल्ली। Stock Market 12 March 9:38 AM Opened : शेयर मार्केट में आज गुरुवार 12 मार्च को भी हाहाकार मचा हुआ है। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1000 से अधिक अंक टूटकर 75871 पर आ गया।

सेंसेक्स में रिलायंस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक को छोड़ सभी स्टॉक्स लाल हैं। इटरनल 3.69 प्रतिशत और इंडिगो 2.79 प्रतिशत लुढ़ककर टॉप लूजर हैं। जबकि, निफ्टी 280 अंकों की गिरावट के साथ 23580 के लेवल पर है।

इससे पहले बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 494 अंक टूटकर 76369 पर खुला। जबकि, एनएसई का 50 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 192 अंकों की गिरावट के साथ 23674 के लेवल से आज गुरुवार के कारोबार की शुरुआत की।

बैंक निफ्टी 1.30%, फाइनेंशियल सर्विसेज 1.29%, ऑटो इंडेक्स 2.53%, मीडिया भी 2.07% लुढ़का है। एफएमसीजी से लेकर रियल्टी तक में भारी गिरावट है। कोई भी सेक्टारेल इंडेक्स हरे निशान पर नहीं है।

सैमसंग का 12GB रैम, 50MP AI कैमरा वाला फोन 12000 रुपये सस्ता हुआ

नई दिल्ली। Samsung Galaxy S25 5G: Samsung की लेटेस्ट Galaxy S26 सीरीज की सेल आज से शुरू हो हुई है, जहां इस फोन पर अभी सिर्फ बैंक छूट पा सकते हैं। वहीं इससे पहले आया Samsung Galaxy S25 प्रीमियम S-सीरीज का फ्लैगशिप स्मार्टफोन अमेजन की स्पेशल सेल में भारी छूट के साथ सेल के लिए उपलब्ध है।

फोन के 8GB RAM और 128GB स्टोरेज वेरिएंट को 12,000 रुपए से ज्यादा की छूट के साथ खरीदा जा सकता है। अगर आप फ्लैगशिप स्मार्टफोन लेने का प्लान बना रहे हैं, तो यह डील आपके लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकती है।

जबरदस्त ऑफर
Samsung Galaxy S25 5G का 8GB RAM + 128GB स्टोरेज वेरिएंट जो भारत में 80,999 रुपए में लॉन्च हुआ था अब अमेजन पर यही फोन सिर्फ 68,990 रुपए में उपलब्ध है। यानी ग्राहकों को सीधे 12009 की बड़ी बचत मिल रही है, जो इसे अब तक की सबसे आकर्षक डील्स में से एक बनाती है।

अगर आप अमेजन पे से फोन को खरीदते हैं तो 2199 रुपए का कैशबैक मिल जायेगा। इसके अलावा अगर आप HDFC बैंक के क्रेडिट कार्ड से इसे खरीदते हैं तो आपको 750 रुपए का डिस्काउंट मिलेगा। एक्सचेंज ऑफर के तहत, अगर आपका पुराना स्मार्टफोन अच्छी कंडीशन में है, तो 40,000 रुपए तक का अतिरिक्त डिस्काउंट भी मिल सकता है। इन सभी ऑफर्स को मिलाकर Galaxy S25 5G की डील काफी किफायती बन जाती है।

Samsung Galaxy S25 के स्पेसिफिकेशन
Samsung Galaxy S25 एक प्रीमियम फ्लैगशिप स्मार्टफोन है। इस फोन में 6.2 इंच की Dynamic AMOLED 2X डिस्प्ले दी गई है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और FHD+ रेजोल्यूशन के साथ आती है। स्क्रीन को मजबूत बनाने के लिए इसमें Gorilla Glass प्रोटेक्शन भी मिलता है, जिससे फोन ज्यादा सुरक्षित रहता है।

प्रोसेसर : परफॉर्मेंस की बात करें तो फोन में Snapdragon 8 Elite प्रोसेसर दिया गया है, जो लेटेस्ट फ्लैगशिप चिपसेट माना जाता है। इसके साथ 12GB RAM और 128GB, 256GB या 512GB स्टोरेज के विकल्प मिलते हैं।

कैमरा : Galaxy S25 में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिलता है। इसमें 50MP का मेन कैमरा, 12MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 10MP का टेलीफोटो कैमरा दिया गया है। इसके अलावा फोन से 8K वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जा सकती है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए इसमें 12MP फ्रंट कैमरा दिया गया है, जिससे फोटो और वीडियो दोनों अच्छी क्वालिटी में मिलते हैं।

बैटरी : बैटरी के मामले में इस फोन में 4000mAh की बैटरी दी गई है। फोन में 5G कनेक्टिविटी, Wi-Fi 6, Bluetooth 5.3, NFC और इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर जैसे कई आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं। यह फोन IP68 रेटिंग के साथ आता है, यानी यह पानी और धूल से भी काफी हद तक सुरक्षित रहता है।

Samsung Galaxy S25 में कंपनी ने लंबा सॉफ्टवेयर सपोर्ट देने का वादा किया है, जो इसे लंबे समय तक इस्तेमाल करने लायक बनाता है। यह स्मार्टफोन Android 15 आधारित One UI 7 के साथ लॉन्च हुआ है और कंपनी इसके लिए 7 साल तक Android OS अपडेट और 7 साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा करती है।

US-Iran War: अमेरिकी नागरिकों के विरोध के बीच ट्रंप ने दिए युद्ध लंबा खिंचने के संकेत

वाशिंगटन। US-Israel-Iran War Updates: ईरान के खिलाफ जारी सैन्य अभियान ऑपरेशन एपिक फ्यूरी को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रुख में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अमेरिकी नागरिकों के विरोध के बीच कुछ ही घंटे पहले युद्ध के जल्द खत्म होने की भविष्यवाणी करने वाले ट्रंप ने अब कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि अमेरिकी सेना को ईरान में अपना काम पूरा करना होगा।

राष्ट्रपति ट्रंप ने विस्तार से बताया कि कैसे अमेरिकी सेना ने ईरान की सामरिक क्षमताओं को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका ने तेल की आपूर्ति सुचारू रखने के लिए ईरान के उन जहाजों को नष्ट कर दिया है जो समुद्र में बारूदी सुरंगें बिछा रहे थे। ट्रंप के अनुसार, अमेरिका ने ईरान के 58 नौसैनिक जहाजों को नष्ट कर दिया है। साथ ही यह भी कहा कि समुद्र में जहाजों को उड़ाने के लिए बिछाई जा रही 31 माइन-लेयर नौकाओं को भी तबाह कर दिया गया है।

ट्रंप ने संकेत दिया कि इन अभियानों में एक विशेष हथियार का उपयोग किया गया है, जो आमतौर पर समुद्र के रास्ते होने वाली नशीली दवाओं की तस्करी रोकने के लिए इस्तेमाल होता है।

बेरूत में बड़ा हमला
युद्ध केवल ईरान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके सहयोगी देशों और समूहों तक फैल चुका है। इजरायली सेना (IDF) ने लेबनान की राजधानी बेरूत के दहिया इलाके में हिजबुल्लाह के बुनियादी ढांचे पर बड़े पैमाने पर हमले शुरू कर दिए हैं। इजरायल का कहना है कि यह कार्रवाई ईरान के इशारे पर किए जा रहे हमलों के जवाब में है।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) ने एक ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित कर ईरान को खाड़ी देशों (सऊदी अरब, यूएई, कतर, कुवैत आदि) पर हमले तुरंत रोकने की चेतावनी दी है। 13 देशों ने इस प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया, जबकि दो देशों ने मतदान में भाग नहीं लिया।

टैंकर पर हमला
इराक के क्षेत्रीय जल क्षेत्र में एक विदेशी तेल टैंकर पर हमले की खबर है। हालांकि हमले की प्रकृति स्पष्ट नहीं है, लेकिन इराकी बंदरगाह अधिकारियों ने टैंकर के 20 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया है। यह घटना दर्शाती है कि क्षेत्र में ऊर्जा परिवहन अभी भी गंभीर खतरे में है।

ट्रंप के बयानों में आए इस विरोधाभास ने वैश्विक बाजारों और रणनीतिकारों को उलझन में डाल दिया है। एक ओर वे कहते हैं कि निशाने के लिए अब कुछ बचा नहीं है, वहीं दूसरी ओर वे काम पूरा करने तक युद्ध जारी रखने की बात कर रहे हैं। रक्षा सचिव के तीव्र हमलों के बयान और ट्रंप की नई चेतावनी से स्पष्ट है कि यह युद्ध फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है।

स्मार्टफोन की दुनिया में क्रांति, सैमसंग कर रहा 18,000mAh सुपर बैटरी की टेस्टिंग

नई दिल्ली। Samsung 18000mAh Battery : बैटरी, स्मार्टफोन का सबसे जरूरी हिस्सा होता है। आज के समय में लोगों को बड़ी बैटरी वाला स्मार्टफोन चाहिए होता है। लोगों की जरूरत को समझते हुए Samsung स्मार्टफोन के लिए ज्यादा क्षमता वाली सिलिकॉन कार्बन (Si-C) बैटरियों की टेस्टिंग कर रहा है।

कंपनी ने 12,000mAh और 18,000mAh बैटरी के प्रोटोटाइप की टेस्टिंग शुरू कर दी है। एक लीक हुए दस्तावेज से पता चला है कि Samsung SDI अपनी बैटरी की मजबूती, हीटिंग कंट्रोल और काम करने की क्षमता को बेहतर बनाने के लिए ‘सेल स्टैकिंग डिजाइन’ और ‘बैटरी मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर’ पर काम कर रही है।

साल 2016 में Galaxy Note 7 की बैटरी फटी थी। इसके बाद सैमसंग नई बैटरी तकनीक को लेकर बहुत सावधानी बरत रहा है। कंपनी अभी Si-C (सिलिकॉन-कार्बन) बैटरी की ठीक तरीके से टेस्टिंग कर रही है। अगर टेस्टिंग सफल रही तो भविष्य में आने वाले फ्लैगशिप और फोल्डेबल फोन्स में बहुत पतली लेकिन ज्यादा पावर वाली बैटरियां देखने को मिलेंगी। इससे फोन की मोटाई और वजन बढ़ाए बिना ही उसकी बैटरी लाइफ बढ़ जाएगी।

स‍िलि‍कॉन कार्बन होगी बैटरी
एक्स पर एक यूजर Schrodinger (@phonefuturist) ने जानकारी शेयर की है। यूजर के पोस्ट में बताया गया है कि सैमसंग सिलिकॉन कार्बन वाली स्मार्टफोन बैटरियों की टेस्टिंग कर रहा है। इसमें 12,000mAh और 18,000mAh के प्रोटोटाइप शामिल हैं। इस पोस्ट में यह भी दावा किया गया है कि पहले चरण में 20,000mAh की एक बड़ी सिलिकॉन कार्बन बैटरी की टेस्टिंग हुई। यह लगभग 960 चार्ज साइकल के बाद ड्यूरेबिलिटी टेस्ट में फेल हो गई।

बता दें कि सिलिकॉन कार्बन बैटरी में ग्रेफाइट के बजाय सिलिकॉन बेस्ड एनोड का इस्तेमाल होता है। इससे वे लिथियम-आयन सेल से ज्यादा एनर्जी स्टोर कर सकती हैं। इस कारण बैटरी का साइज ज्यादा बढ़ाए बिना ही अधिक कैपेसिटी मिल जाती है। कई मॉडर्न स्मार्टफोन कंपनियां खासकर चीनी कंपनियों पहले ही इस टेक्नोलॉजी को अपना चुके हैं।

बड़ी बैटरी, स्‍ल‍िम स्‍मार्टफोन
खबरों के मुताबिक, एक प्रोटोटाइप की क्षमता 12,000mAh है। इसमें दो सेल वाला स्ट्रक्चर इस्तेमाल किया गया है। इसमें एक 6,800mAh का सेल है, जिसकी मोटाई लगभग 4.7mm और दूसरा 5,200mAh का सेल है। इसकी मोटाई लगभग 3.2mm है। इसकी कुल मोटाई लगभग 9.3mm से कम रखने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि, कुछ टेस्ट में यह सीमा पार कर गई थी।

खबरों के अनुसार, Samsung एक 18,000mAh का भी टेस्ट कर रहा है। इसे तीन सेल का इस्तेमाल करके बनाया गया है। इसमें 6,699mAh, 6,000mAh और 5,257mAh के सेल शामिल हैं। इसकी कुल मोटाई लगभग 12.3mm रखने का सोचा गया है। लेकिन सेल के बीच अतिरिक्त थर्मल इंटरफेस लेयर्स के कारण कुछ प्रोटोटाइप की मोटाई बढ़कर लगभग 12.8mm तक पहुंच गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, इस टेस्टिंग प्रोग्राम का उद्देश्य 12,000mAh और 18,000mAh की बैटरियों के लिए लगभग 1,500 चार्ज साइकिल की लाइफ देना है। इस पर अभी काम चल रहा है। कहा जा रहा है कि 12,000mAh वाला वर्जन मोबाइल डेटा और Wi-Fi दोनों से कनेक्ट स्मार्टफोन पर लगभग 20 से 25 घंटे का स्क्रीन ऑन टाइम दे सकता है। अगर यह टेस्टिंग सफल हुई तो आगे आने वाले सैमसंग के फोन्स में 12000mAh और 18000mAh की बैटरी मिल सकती है।

Vivo Y51 Pro 5G स्मार्टफोन भारत में लॉन्च, जानिए कीमत और ऑफर्स

नई दिल्ली। Vivo Y51 Pro 5G Smartphone : वीवो का नया 5G स्मार्टफोन Vivo Y51 Pro भारत में लॉन्च हो गया है। इस फोन में कई शानदार फीचर्स मिल रहे हैं, जिसमें 6.75 इंच का बड़ा डिस्प्ले शामिल हैं।

इसका रिफ्रेश रेट 120Hz है। इसके अलावा, डिवाइस 7200mAh बैटरी से लैस है। वीवो के इस फोन में Mediatek 7360 प्रोससर मिल रहा है। फोन को अभी सस्ते में खरीदने का मौका है। इस पर कैशबैक ऑफर है।

कीमत: वीवो ने इस फोन को 24,999 रुपये की शुरुआती कीमत में लॉन्च किया है। यह इसके 8GB RAM और 128GB इंटरनल स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत है। फोन का 256GB स्टोरेज वाला वेरिएंट 27,999 रुपये में आया है। स्मार्टफोन दो कलर और स्टोरेज वेरिएंट में आया है।

7200mAh की बैटरी: Vivo के इस फोन में कंपनी ने 120Hz रिफ्रेश रेट और 1250 nits पीक ब्राइटनेस वाली 6.75 इंच की LCD स्क्रीन दी है। फोन में Dimensity 7360 Turbo प्रोसेसर दिया गया है। धूल और पानी से बचाव के लिए इस फोन में IP68 + IP69 रेटिंग मिलती है।

50MP का मेन कैमरा: फोटोग्राफी के लिए फोन के फ्रंट में 50MP का मेन कैमरा, 2MP का सेकेंडरी कैमरा और वीडियो कॉलिंग के लिए 8MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। इस स्मार्टफोन में 7200mAh की बड़ी बैटरी मिलती है। यह 44W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।

फोन के अन्य फीचर्स
स्मार्टफोन में कंपनी ने 8GB RAM और 256GB तक स्टोरेज दिया गया है। फोन में साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर मिलता है। फोन का साइज 166.64 × 78.43 × 8.39mm है। इसका वजन 219 ग्राम है। डिवाइस में स्टीरियो स्पीकर्स दिए गए हैं।

2500 का कैशबैक: फोन वीवो की आधिकारिक वेबसाइट, फ्लिपकार्ट और अन्य वेबसाइट पर बिक्री के लिए उपलब्ध है। 16 मार्च तक फोन खरीदने वाले ग्राहकों को 2500 रुपये का कैशबैक मिलेगा। Jio यूजर्स के लिए 1199 रुपये के प्रीपेड प्लान पर छह महीने के लिए 10 OTT ऐप्स का फ्री एक्सेस भी दिया जा रहा। ग्राहक अभी कई फायदों के साथ फोन खरीद सकते हैं।

Crude Oil Crisis: क्या कच्चा तेल के दाम अब औंधे मुंह गिरेंगे, जानिए कैसे

32 देशों ने सर्वसम्मति से 400 मिलियन बैरल तेल रिलीज करने का फैसला किया

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया संकट के बीच इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) ने बड़ा फैसला लिया है। एजेंसी ने कहा कि उसके 32 सदस्यों ने सर्वसम्मति से 400 मिलियन बैरल कच्चा तेल रिलीज करने का फैसला किया है। यह आईईए के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा ऑयल रिलीज है।

इससे पहले साल 2022 में यूक्रेन युद्ध के दौरान 182 मिलियन बैरल तेल रिलीज किया गया था। इन देशों के पास अभी 1.2 अरब बैरल कच्चे तेल का रिजर्व है। कच्चा तेल सोमवार को 120 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया था जो 4 साल में इसका उच्चतम स्तर है। आईईए के फैसले से कच्चे तेल की कीमत में गिरावट आने की उम्मीद है।

आईईए के सदस्य देशों की बैठक में मंगलवार को इस बारे में प्रस्ताव रखा गया था और बुधवार को इस पर वोटिंग हुई। इसमें अगर एक भी सदस्य वीटो कर देता तो यह प्रस्ताव गिर जाता। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक सभी 32 देशों ने सर्वसम्मति से 400 मिलियन बैरल तेल रिलीज करने का फैसला किया। आईईए का हेडक्वार्टर फ्रांस की राजधानी पेरिस में है।

इससे पहले जर्मनी की इकॉनमी मिनिस्टर कैथरीना रीश ने भी कहा था कि उनका देश इस रिलीज में हिस्सा लेगा। इसमें सबसे ज्यादा योगदान अमेरिका और जापान का होगा। ईयू के एक राजनयिक ने कहा कि इस रिलीज में सबसे ज्यादा दबाव अमेरिका का था। जानकारों का कहना है कि कच्चे तेल में गिरावट इस बात पर निर्भर करेगी कि कितनी जल्दी तेल रिलीज किया जाता है।

अभी रोजाना 20 मिलियन बैरल की सप्लाई बाधित हुई है जबकि आईईए एक महीने में 100 मिलियन बैरल तेल रिलीज करेगा। इस तरह एजेंसी के सदस्य देश रोजाना कुल 3.3 मिलियन बैरल रिलीज करेंगे। इस बीच कच्चे तेल की कीमत में एक दिन की गिरावट के बाद आज फिर तेजी आई है। ब्रेंट क्रूड 4.58 फीसदी तेजी के साथ 91.82 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड का भाव 4.73 फीसदी तेजी के साथ 87.40 डॉलर प्रति बैरल पर है।

घबराएं नहीं, भारत पहुंच रही LPG की बड़ी खेप; सरकार ने दिया अपडेट

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से बड़ा बयान सामने आया है। देश में एलपीजी की संभावित कमी की आशंकाओं के बीच केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि गैस और कच्चे तेल की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है।

सरकार के अनुसार, एलएनजी के दो कार्गो भारत की ओर आ रहे हैं, जो जल्द ही देश पहुंच जाएंगे। मंत्रालय का कहना है कि एलपीजी सिलेंडर की घबराहट में बुकिंग करने की जरूरत नहीं है और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए करीब 2.5 दिन का सामान्य आपूर्ति चक्र बरकरार है।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भारत की कच्चे तेल की आपूर्ति सुरक्षित है और तेल को होर्मुज जलडमरूमध्य से इतर मार्गों के जरिये भी मंगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से उठाए गए कदमों के चलते देश में एलपीजी उत्पादन में करीब 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

इस दौरान उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों से घबराहट में सिलेंडर की बुकिंग और गलत सूचना के कारण जमाखोरी किए जाने की खबरें मिली हैं। मैं यह साफ करना चाहती हूं कि घरेलू एलपीजी की सामान्य आपूर्ति अवधि अब भी लगभग 2.5 दिन की है, इसलिए उपभोक्ताओं को जल्दबाजी में सिलेंडर बुक करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकारों को ईंधन की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाने के लिए कहा गया है।

सुजाता शर्मा ने कच्चे तेल की आपूर्ति को ‘सुरक्षित’ बताते हुए कहा कि विविध स्रोतों से कच्चे तेल की खरीद किए जाने से इस समय देश को उससे अधिक मात्रा में तेल मिल रहा है, जितना सामान्य परिस्थितियों में इस दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य मार्ग के रास्ते आता। भारत करीब 40 देशों से कच्चा तेल आयात करता है। इसकी कच्चे तेल की दैनिक खपत करीब 55 लाख बैरल है।

उन्होंने कहा कि विविध स्रोतों से खरीद किए जाने से अब देश का लगभग 70 प्रतिशत कच्चा तेल आयात ऐसे मार्गों से हो रहा है जो होर्मुज जलडमरूमध्य से बाहर हैं, जबकि पहले यह अनुपात करीब 55 प्रतिशत था।

सुजाता शर्मा ने आगे कहा कि फिलहाल तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) के दो जहाज भारत की तरफ आ रहे हैं और अगले कुछ दिन में इनके पहुंच जाने से देश में ऊर्जा आपूर्ति की स्थिति और मजबूत होगी।

सोयाबीन की पैदावार में 25 लाख टन से ज्यादा की गिरावट का अनुमान

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि 2024-25 के खरीफ सीजन में सोयाबीन का घरेलू उत्पादन उछलकर 152.68 लाख टन के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया था लेकिन 2025-26 के सीजन में यह घटकर 127.20 लाख टन पर अटक गया। इस तरह वार्षिक आयात पर सोयाबीन के उत्पादन में 25.48 लाख टन की जोरदार गिरावट आ गई।

कृषि मंत्रालय के मुताबिक इससे पूर्व सोयाबीन का घरेलू उत्पादन 2023-24 के सीजन में 130.62 लाख टन, 2022-23 में 149.85 लाख टन तथा 2021-22 के सीजन में 129.87 लाख टन दर्ज किया गया था।

दिलचस्प तथ्य यह है कि इंदौर स्थित संस्था- सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सोपा) ने भी सोयाबीन के उत्पादन अनुमान में भारी कटौती कर दी है लेकिन उसका आंकड़ा सरकारी आंकड़े से काफी छोटा है।

पिछले साल के मुकाबले 2025 के खरीफ सीजन में सोयाबीन के बिजाई क्षेत्र में काफी कमी आ गई थी लेकिन उत्पादन में जबरदस्त गिरावट आने का प्रमुख कारण विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से फसल को गंभीर नुकसान होना माना जा रहा है।

तीनों शीर्ष उत्पादक राज्यों- मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र एवं राजस्थान के प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में गत वर्ष मानसून सीजन के दौरान अत्यधिक बारिश होने तथा भयंकर बाढ़ का प्रकोप रहने से सोयाबीन की फसल को काफी नुकसान हुआ था और कहीं-कहीं इसकी क्वालिटी भी प्रभावित हुई थी।

Kota Mandi: मिलर्स की लिवाली से कोटा मंडी में सोयाबीन, धान और चना उछला

कोटा। Kota Mandi Price Today: भामाशाह अनाज मंडी में बुधवार को आवक की कमी से लहसुन 500 रुपये उछल गया। मिलर्स की लिवाली से धान, सोयाबीन 50 रुपये और चना 100 रुपये क्विंटल ऊंचा बिका। मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब 130000 कट्टे कर लहसुन की 2500 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे –

गेहूं 2250 से 2451, गेहूं नया 2270 से 2431, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, बाजरा 1800 से 2050, मक्का लाल 1400 से 1600, मक्का सफेद 1600 से 2200, जौ 2000 से 2300 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3101, धान (1509 )3200 से 3900, धान (1847) 3200 से 3851, धान (1718-1885) 3900 से 4300, धान (पूसा-1) 3600 से 4150, धान (1401-1846) 3800 से 4250, धान दागी 1500 से 3400 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 5000 से 5400, सरसों 5700 से 6250, अलसी 6000 से 6700, तिल्ली 7000 से 8500 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 6500, उड़द 4500 से 8000, चना देशी पुराना 4700 से 5151, चना मौसमी 4700 से 5100 चना पेप्सी 4800 से 5151, चना डंकी 3500 से 4500, चना काबुली 5500 से 7500, नया चना 4800 से 5300 रुपये प्रति क्विंटल।

नया लहसुन 3300 से 11500, मैथी 4000 से 5100, धनिया बादामी 7500 से 9200, धनिया ईगल 9500 से 10800, धनिया नया गीला 7500 से 9500, धनिया रंगदार 10000 से 13000 रुपये प्रति क्विंटल।

स्पीकर बिरला को हटाने का विपक्ष का प्रस्ताव खारिज, लोक सभा में ध्वनिमत से फैसला

नई दिल्ली। No confidence motion rejected:लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला को पद से हटाने के लिए लाया गया विपक्ष का प्रस्ताव चर्चा के बाद ध्वनिमत से खारिज हो गया। कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद द्वारा पेश किये गए संकल्प पर 12 घंटे से अधिक समय की चर्चा हुई।

इस दौरान विपक्ष की तरफ से जोरदार हंगामा किया गया, वहीं गृहमंत्री अमित शाह ने इससे पहले विपक्ष पर करारा हमला भी बोला। पीठासीन अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने अविश्वास प्रस्ताव के खारिज होने का फैसला सुनाया।

आप सच्चाई नहीं सुनना चाहते- पीठासीन अध्यक्ष
विपक्ष की तरफ से जोरदार हंगामे के बीच लोकसभा में पीठासीन अध्यक्ष ने विपक्षी सदस्यों को बैठने के लिए कहा और उनके न मानने पर उन्होंने कहा कि आप सच्चाई नहीं सुनना चाहते हैं। विपक्ष के हंगामे के बीच गृह मंत्री अमित शाह ने अपना भाषण जारी रखा। उन्होंने कहा- डोकलाम विवाद के दौरान कांग्रेस के नेता चीन गए, चीनी दूतावास में कांग्रेस गुप्त मीटिंग कर रही थी, कांग्रेस ने ही चीन को अक्साई चिन को दे दिया।

राहुल गांधी बोलना नहीं चाहते हैं- अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि तमाम अहम मुद्दों पर बोलते ही नहीं हैं। उन्होंने कहा कि 17वीं लोकसभा में विपक्ष के नेता की उपस्थिति मात्र 51 फीसदी रही है। इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी के विदेश यात्राओं का भी जिक्र किया है, उन्होंने कहा जब-जब बजट सत्र या महत्वपूर्ण सत्र आता है तो वे विदेश में होते हैं। कई अहम विधेयकों पर चर्चा के दौरान वे सदन से गायब रहते हैं।

लोकसभा का समय गृह मंत्री के भाषण पूरा होने तक बढ़ाया गया
लोकसभा में स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान पीठासीन अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने कहा कि सभी सदस्यों की अनुमति हो तो सदन की कार्यावाही गृहमंत्री का भाषण पूरा होने तक बढ़ा दिया जाए। इस दौरान विपक्ष की तरफ से जोरदार हंगामा किया और आरोप लगाया कि गृहमंत्री ने असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया। इस पर गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि मेरे भाषण में कोई भी असंसदीय शब्द हो तो उसे डिलीट कर दिया जाए। इस पर पीठासीन अध्यक्ष ने भी फैसला सुनाया।

मतदान के दौरान सदन में मौजूद नहीं थे बिरला
संकल्प पर चर्चा और मतदान के दौरान बिरला सदन में उपस्थित नहीं थे। गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ संकल्प लाने को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दलों ने बिरला की निष्ठा पर सवाल खड़े किए हैं, जो बहुत अफसोसजनक है। उन्होंने सदन में विपक्ष के संकल्प पर चर्चा का जवाब देते हुए यह भी कहा कि किसी को भी नियम के विपरीत बोलने का अधिकार नहीं है। गृह मंत्री के एक शब्द को लेकर विपक्षी सदस्यों ने हंगामा किया और उनसे माफी की मांग की।