सेंसेक्स 928 अंक की गिरावट के साथ 59745 पर बंद और निफ्टी 17600 से नीचे

89

मुंबई। नकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच बुधवार को घरेलू बाजार में निवेशक बैक फुट पर नजर आए। सेंसेक्स में 927.74 अंको की भारी गिरावट आई, वहीं निफ्टी 272 अंक फिसलकर 17,600 के नीचे आ गया।

तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 928 अंक यानी 1.53 फीसदी की गिरावट के साथ 59,744.98 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ऊंचे में 60,462.90 अंक तक गया और नीचे में 59,681.55 अंक तक आया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 272 अंक यानी 1.53 फीसदी की गिरावट के साथ 17,554.30 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी ऊंचे में 17,772.50 अंक तक गया और नीचे में 17,529.45 अंक तक आया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को 525.80 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

टॉप गेनर्स, टॉप लूजर्स
सेंसेक्स के शेयरों में सिर्फ आईटीसी लाभ में रहा। वहीं दूसरी तरफ भारी गिरावट के कारण सेंसेक्स के 29 शेयर लाल निशान में रहे। बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, रिलायंस, एचडीएफसी सेंसेक्स के टॉप 5 लूजर्स रहे।

विदेशी बाज़ारों का हाल
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। वहीं दोपहर के कारोबार में यूरोपीय शेयर बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.11 फीसदी की गिरावट के साथ 82.11 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।