नई दिल्ली। Guar Gum Price: इस साल उद्योग को गम दूर होने की आस जगी है। ग्वार गम उद्यमियों का कहना है कि फसल कमजोर होने से ग्वार व ग्वार गम दोनों की कीमतों में बड़ी तेजी आई है और आगे यह तेजी और बढ़ने की संभावना है क्योंकि उत्पादन कम है।
ग्वार गम की निर्यात मांग आगे और बढ़ सकती है। उद्यमियों को तो यह भी उम्मीद है कि बीते दिनों सस्ते भाव पर रखा ग्वार गम भी आगे निर्यात में ऊंचे भाव पर निकल सकता है। जिससे पुराने घाटे की कुछ हद तक पूर्ति भी हो सकती है।
एक समय राजस्थान के ग्वार गम उद्योग का देश-विदेश में डंका बजता था। लेकिन अब इस उद्योग की रफ्तार धीमी पड़ गई है और राज्य में ग्वार गम इकाइयों की संख्या घट रही है। जबरदस्त निर्यात मांग के दम पर करीब 15 साल पहले ग्वार गम के दाम एक लाख रुपये क्विंटल तक चले थे।
राजस्थान ग्वार दाल (ग्वार गम) निर्माता संघ के पूर्व अध्यक्ष अशोक तातेड़ ने बताया कि कमजोर मॉनसून के कारण इस साल ग्वार की फसल कम हुई है। पिछले साल राजस्थान में 80 से 85 लाख बोरी ग्वार का उत्पादन हुआ था, लेकिन इस साल यह घटकर 40 से 45 लाख बोरी रह गया।
ग्वार के उत्पादन में बड़ी गिरावट के कारण ग्वार और ग्वार गम के भाव तेजी से बढ़े हैं। इस समय ग्वार गम के दाम 175 से 180 रुपये किलो है, जबकि पिछले साल इसकी कीमत 100 से 120 रुपये किलो के बीच रही। ग्वार गम महंगा होने का ग्वार गम निर्माताओं को लाभ मिल रहा है क्योंकि ग्वार गम का बड़े पैमाने पर निर्यात भी होता है। कमजोर फसल को देखते आगे यह और महंगा हो सकता है।
ऐसे में इसके आयातक देशों के खरीदार इसे ऊंचे भाव पर भी खरीद रहे हैं। राजस्थान के ग्वार गम उद्यमी और निर्यातक राजेंद्र धारीवाल कहते हैं कि बीते 5 साल से ग्वार गम के दाम कम ही थे। लेकिन इस साल कमजोर फसल से भाव बढ़ गए हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि भू-राजनीतिक तनाव के बीच ऊंचे भाव पर भी ग्वार गम की निर्यात मांग निकल रही है।
इस समय भारतीय ग्वार गम निर्यात बाजार में प्रतिस्पर्धी भी है क्योंकि चीन के ग्वार गम के भाव अभी 200 रुपये किलो के आसपास है, जबकि भारतीय ग्वार गम इससे 20 रुपये सस्ता है। धारीवाल कहते हैं कि ऐसे में आगे ग्वार गम की निर्यात मांग और निकल सकती है। चालू वित्त वर्ष के दौरान ग्वार गम निर्यात में 5 से 7 फीसदी इजाफा हो सकता है। तातेर ने कहा कि ग्वार गम की कीमतें बढ़ती देख स्टॉकिस्टों ने भी खरीदारी बढ़ा दी है।
जिसका लाभ भी ग्वार गम निर्माताओं को मिल रहा है। कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरणके मुताबिक चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-सितंबर अवधि में करीब 2,650 करोड़ रुपये मूल्य का ग्वार गम निर्यात हो चुका है। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह आंकड़ा करीब 2,565 करोड़ रुपये था, जबकि पिछले पूरे वित्त वर्ष में यह करीब 4,848 करोड़ रुपये था।
वित्त वर्ष 2012-13 में देश से रिकॉर्ड 21,286 करोड़ रुपये मूल्य का ग्वार गम निर्यात किया गया था। इसके बाद निर्यात में बड़ी कमी देखने को मिली है और अब यह 5,000 करोड़ रुपये के आसपास स्थिर हो गया है। इसके अलावा ग्वार गम का 1,000 से 1,500 करोड़ मूल्य का घरेलू बाजार भी है। इस तरह ग्वार गम का कुल कारोबार 5,500 से 6,500 करोड़ रुपये के बीच है। अपने पीक के समय यह 2,5000 से 30,000 करोड़ रुपये के बीच था। यह उद्योग इस समय प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर 20 से 25 हजार लोगों को रोजगार दे रहा है।
पुराना स्टॉक भी ऊंचे भाव पर निकल सकेगा
ग्वार उद्यमियों का कहना है कि न केवल नये ग्वार गम को ज्यादा दाम पर बेचा जा सकेगा, बल्कि पुराने की भी अच्छी कीमत मिलेगी। धारीवाल कहते हैं ग्वार गम को कई साल तक रखा जा सकता है। ऐसे में बीते वर्षों में अच्छी कीमत न मिलने के कारण निर्माताओं के पास 120 से 150 रुपये किलो कीमत वाला पुराना माल भी काफी बचा है। अब भाव बढ़ने कम कीमत वाले पुराने ग्वार गम के भी अच्छी कीमत पर निर्यात होने की संभावना है। तातेर भी मानते हैं कि पुराना माल भी ऊंची कीमत पर निकल रहा है।
बंद हो रही ग्वार गम मिलें
राजस्थान में ग्वार गम इकाइयों की संख्या में कमी आ रही है। एक दशक पहले राजस्थान में ग्वार गम की 200 से अधिक इकाइयां थी, जो अब घटकर 50 से भी कम रह गई हैं। जोधपुर ग्वार उद्योग का बड़ा केंद्र है। यहां भी ग्वार गम इकाइयों की संख्या 100 से घटकर 25 से 30 के बीच रह गई है।
तातेड़ ने कहा कि ग्वार गम के कुल निर्यात में जोधपुर की हिस्सेदारी में गिरावट देखने को मिल रही है। 10 से 15 साल पहले जोधपुर की ग्वार गम निर्यात में हिस्सेदारी 75 से 80 फीसदी थी, जो घटकर 50 फीसदी के करीब रह गई है। ग्वार गम उद्यमियों के मुताबिक राजस्थान में ग्वार गम यूनिटें बंद होने की बड़ी वजह पहले के मुकाबले ग्वार गम की निर्यात मांग घटना है। इसके साथ ही राजस्थान में ग्वार पर उपकर मिलाकर लगने वाला 2.60 फीसदी मंडी शुल्क है। मंडी शुल्क के कारण राजस्थान का ग्वार राज्य से सटे हरियाणा के इलाकों में बिक रहा है।

