नई दिल्ली। Turmeric Price: चालू सप्ताह के दौरान हल्दी के दामों में मन्दा रहा। वायदा भी दिन-प्रतिदिन मंदे के साथ बंद हो रहा है। जिसका असर हाजिर बाजारों पर भी मंदे का बना हुआ है। हाजिर में कमजोर मांग एवं वायदा के मंदे समाचार मिलने के कारण हाल ही में हल्दी के भाव 10/12 रुपए प्रति किलो तक घट गए है।
सूत्रों का कहना है कि हालांकि उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर हल्दी की आवक काफी कम चल रही है। साथ ही बकाया स्टॉक भी कम रह गया है लेकिन इसके बावजूद हल्दी के भाव घट रहे हैं क्योंकि हल्दी बाजार सटोरियों की गिरफ्त में है।
सटोरियों की बिकवाली सप्ताह के अंतिम भी हल्दी दिसम्बर का भाव 4 प्रतिशत के मंदे के सर्किट के साथ 25998 रुपए पर बंद हुआ है अप्रैल माह का वायदा भी 1100 रुपए मंदे के साथ 26426 रुपए पर बंद हुआ है।
व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान में बाजार में अनावश्यक मन्दा बना हुआ है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए आगामी दिनों में कीमतों में फिर तेजी आने की संभावना है क्योंकि नई फसल आने में अभी लगभग 2 माह का समय शेष है।
साथ ही स्टॉक भी कम है इसके अलावा आने वाली फसल भी कमजोर रहने के समाचार मिल रहे हैं जिस कारण से नई फसल की आवक शुरू होने से पूर्व एक बार भाव बढ़ने के अनुमान लगाए जा रहे हैं।
चालू सप्ताह के दौरान उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर आवक कम रही। आवक कम होने के कारण गत दिनों सांगली मंडी हल्दी की नीलामी सप्ताह में तीन बार कर दी गई थी हाल ही में आवक की कमी से नान्देड मंडी में भी नीलामी अब सप्ताह में तीन दिन की जाएगी।
निजामाबाद मंडी में भी आवक 400/500 बोरी की हो रही है। अधिकांश माल डंकी आ रहा है। वारंगल एवं दुगीराला में भी आवक नहीं हो रही वर्तमान में कोल्ड के मालों का व्यापार हो रहा है। इरोड में आवक 1000/1500 बोरी की रह गई है हिंगोली में भी आवक 2000/3000 बोरी की चल रही है।
चालू सप्ताह के दौरान उत्पादक केन्द्रों की मंडियों सहित खपत केन्द्रों पर भी हल्दी के भाव मंदे के साथ बोले गए। एक सप्ताह-पूर्व दिल्ली बाजार में हल्दी गट्ठा का भाव 245/246 रुपए चल रहा था जोकि वर्तमान में घटकर 232/234 रुपए पर बोला जा रहा है।
उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर भी चालू सप्ताह के दौरान हल्दी के भाव 8/10 रुपए प्रति किलो तक घट गए है। सूत्रों का मानना है कि जनवरी माह में रमजान होने के कारण दिसम्बर माह में निर्यात मांग निकलने की संभावना है जिस कारण से दिसम्बर माह में भाव बढ़ने के अनुमान लगाए जा रहे हैं।
निर्यात :चालू वित्त वर्ष 2026-27 के प्रथम पांच माह में हल्दी का निर्यात लगभग गत वर्ष के समान रहा। अप्रैल-अगस्त 2026 में हल्दी का निर्यात 80211 टन का रहा जबकि अप्रैल-अगस्त 2025 में निर्यात 80157 टन का रहा था। वर्ष 2025-26 (अप्रैल-मार्च) के दौरान कुल निर्यात 175896 टन का रहा जबकि वर्ष 2024-25 में निर्यात 176294 टन एवं वर्ष 2023-24 में 162019 टन का रहा था।

