बीजेपी की रेखा को हराकर आप की शैली बनी दिल्ली एमसीडी की पहली मेयर

0
207

नई दिल्ली। दिल्ली एमसीडी के मेयर चुनाव के नतीजों की घोषणा हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) की निगम पार्षद शैली ओबेरॉय ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की रेखा गुप्ता को 34 वोटों से हराया। दिल्ली में पहली बार आप का मेयर बना है।

शैली को चुनाव में 150 और भाजपा की रेखा गुप्ता को इस चुनाव में 116 वोट मिले। इससे पहले रजनी अब्बी 2011 में एमसीडी के तीन भागों में विभाजित होने से पहले शीर्ष पद पर निर्वाचित होने वाली अंतिम महिला थीं।

दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने बुधवार को ट्वीट कर कहा कि AAP कैंडिडेट शैली ओबेरॉय ने एमसीडी मेयर का चुनाव जीत लिया है। दिल्ली एमसीडी के मेयर पद के लिए मतदान सिविक सेंटर में हुआ।

सिसोदिया ने ट्वीट कर लिखा, “गुंडे हार गये, जनता जीत गयी। दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी का मेयर बनने पर सभी कार्यकर्ताओं को बहुत बधाई और दिल्ली की जनता का तहे दिल से एक बार फिर से आभार। AAP की पहली मेयर शैली ओबरॉय को भी बहुत बहुत बधाई।”

आप ने चार दिसंबर को हुए एमसीडी चुनाव में 134 वार्डों में जीत हासिल की थी और नगर निकाय पर भाजपा के 15 साल पुराने शासन को समाप्त कर दिया था। भाजपा 104 वार्ड में जीत के साथ दूसरे स्थान पर रही थी। कांग्रेस ने 250 सदस्यीय निगम सदन में नौ सीट जीती थीं।

शैली ओबेरॉय 38 दिन तक ही रहेगी मेयर
इतनी मशक्कत के बाद भी शैली ओबेरॉय केवल 38 दिन तक ही पद पर रहेंगी। दरअसल, एक अप्रैल से 31 मार्च तक के लिए ही मेयर चुन जाता है। डीएमसी एक्ट की धारा दो (67) के अनुसार एमसीडी का वर्ष अप्रैल माह के प्रथम दिन से शुरू होता है। इस तरह अगले साल 31 मार्च को वर्ष समाप्त हो जाता है। इस लिहाज से 22 फरवरी को शैली ओबेरॉय मेयर चुनी गई हैं। इनका कार्यकाल 31 मार्च को खत्म हो जाएगा। ऐसे में वह सिर्फ 38 दिनों तक ही मेयर पद पर रहकर कामकाज कर सकेंगी। इसके बाद दोबारा से एक अप्रैल को मेयर का चुनाव होगा।