रणथंभौर व कोटा के पर्यटन स्थलों की संयुक्त 5 दिवसीय टूरिस्ट आइटनरी बनाने की घोषणा

0
4
रामगढ़ विषधारी, मुकुंदरा टाइगर रिजर्व व शेरगढ़ अभयारण्य पर्यटन के प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेंगे

कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन द्वारा हाड़ौती के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार एवं पर्यटन विकास को लेकर एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान सवाई माधोपुर इकाई के अध्यक्ष एवं हाड़ौती फॉरेस्ट डेवलपमेंट सोसाइटी के चेयरमैन हाजी अहतशामुद्दीन अपनी टीम के साथ शामिल हुए।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि बैठक में इस बात पर आम सहमति बनी कि रणथंभौर आने वाले पर्यटकों को कोटा एवं हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करवाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

इसी प्रकार कोटा आने वाले पर्यटकों को सवाई माधोपुर के रणथंभौर एवं अन्य पर्यटन स्थलों का भ्रमण करवाया जाएगा। इसके लिए दोनों इकाइयों द्वारा संयुक्त रूप से पांच दिवसीय टूरिस्ट आइटनरी तैयार की गई है, जिससे पर्यटक हाड़ौती एवं सवाई माधोपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे। इससे राजस्थान में एक नया पर्यटन सर्किट विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान सवाई माधोपुर के अध्यक्ष हाजी अहतशामुद्दीन ने बताया कि उनकी टीम ने आज मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने पाया कि यह अभयारण्य रणथंभौर के समकक्ष एक बेहतरीन वन्यजीव पर्यटन स्थल बनने की पूरी क्षमता रखता है। यहां वन्यजीवों, घास के मैदानों, जलस्रोतों, प्राकृतिक वनस्पतियों एवं ऐतिहासिक विरासत का अनूठा संगम है। यह देश के सुंदर अभयारण्यों में से एक है।

उन्होंने कहा कि मुकुंदरा अभयारण्य में वन्यजीवों की संख्या बढ़ाने के साथ पर्यटकों के लिए नए पर्यटन जोन विकसित कर खोले जाने चाहिए। साथ ही यहां की सफारी बुकिंग की ऑनलाइन व्यवस्था भी शुरू की जानी चाहिए। इससे रणथंभौर में सफारी की बुकिंग उपलब्ध नहीं होने पर वहां आने वाले पर्यटक कोटा एवं हाड़ौती आकर मुकुंदरा सहित अन्य अभयारण्यों का भ्रमण कर सकेंगे। इससे कोटा में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि 22 नवंबर को उनकी टीम होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान बारां इकाई के पदाधिकारियों के साथ शेरगढ़ अभयारण्य एवं रामगढ़ केटर का भ्रमण करेगी। इस दौरान बारां की टीम के साथ बैठक कर इन पर्यटन स्थलों के विकास एवं पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं पर चर्चा की जाएगी। शीघ्र ही रामगढ़ विषधारी अभयारण्य बूंदी का भी भ्रमण किया जाएगा।

हाजी अहतशामुद्दीन ने कहा कि यदि रणथंभौर के साथ मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, रामगढ़ विषधारी अभयारण्य एवं शेरगढ़ अभयारण्य को एक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित किया जाए तो लगभग 150 किलोमीटर के दायरे में स्थित ये सभी क्षेत्र देश-विदेश के पर्यटकों एवं वन्यजीव प्रेमियों के लिए बड़ा आकर्षण बन सकते हैं। इन चारों क्षेत्रों को जोड़कर एक विशाल वन्यजीव पर्यटन कॉरिडोर विकसित किया जा सकता है, जिसका प्रमुख केंद्र कोटा होगा।

उन्होंने कहा कि उनकी टीम इन सभी अभयारण्यों के समुचित विकास का अध्ययन कर रही है। इन क्षेत्रों में पर्यटन विकास एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी जो भी कमियां सामने आएंगी, उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार के समक्ष रखा जाएगा, ताकि इनके विकास के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

इन चारों क्षेत्रों की प्राकृतिक एवं वन्यजीव विविधता का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तो हाड़ौती एवं सवाई माधोपुर पर्यटन के प्रमुख केंद्र बन सकते हैं।

उन्होंने होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन द्वारा लंदन में आयोजित वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट में भागीदारी निभाकर हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के प्रयासों को भी पर्यटन विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया।

बैठक में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के सचिव एवं हाड़ौती फॉरेस्ट डेवलपमेंट सोसाइटी के वाइस चेयरमैन कौशल बंसल, सदस्य अभिनव चतुर्वेदी एवं प्रचार-प्रसार समन्वयक ऋषभ भार्गव सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।