राजस्थान विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

0
12

जयपुर। राजस्थान विधानसभा को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। विधानसभा की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा मेल आने के बाद पूरे परिसर को खाली करवाकर हाई अलर्ट जारी किया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 9:15 बजे विधानसभा के ऑफिशियल मेल पर एक संदेश मिला, जिसमें दोपहर 1 बजे आत्मघाती धमाके की चेतावनी दी गई। मेल में भड़काऊ भाषा का भी इस्तेमाल किया गया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।

चलाया सर्च ऑपरेशन
धमकी के बाद बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों और कर्मचारियों को एहतियातन बाहर निकाला गया। करीब 3 घंटे तक विधानसभा परिसर के चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

जांच के बाद सामान्य हुआ कामकाज
सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद स्थिति सामान्य पाई गई और अधिकारियों-कर्मचारियों को दोबारा अंदर प्रवेश की अनुमति दे दी गई। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और मेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

डेली सिक्योरिटी चेकिंग की मांग
घटना के बाद विधानसभा प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने के लिए पत्र लिखकर नियमित डेली चेकिंग की मांग की है। मौजूदा प्रावधानों के तहत डॉग स्क्वायड और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा रूटीन जांच की जाती है, जिसे अब और सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया है।