नई दिल्ली। Update 5:50 am : अमेरिका के नए टैरिफ प्लान से एक दिन पहले उछलने वाला सोना धड़ाम से गिर गया। चांदी बुरी तरह टूट गई। सोमवार को 2.7 प्रतिशत की जोरदार तेजी के बाद मंगलवार को सोने की कीमत 2 प्रतिशत टूटकर 3,562.60 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। वहीं, चांदी की कीमतों में 5 प्रतिशत की बड़ी गिरावट आई और यह 40.91 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
जहां तक घरेलू मार्केट की बात करें तो मंगलवार रात MCX पर सोना 122250 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ। इसमें 0.06 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। जबकि, चांदी के रेट में 0.20% गिरावट दर्ज की गई और यह 145150 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुई।
दरअसल, अमेरिकी व्हाइट हाउस की ओर से इंपोर्टेड सामान पर टैरिफ बढ़ाने की तैयारी की खबर से दुनियाभर के शेयर बाजारों में बिकवाली शुरू हो गई। ऐसे माहौल में निवेशक नुकसान की भरपाई के लिए सोने जैसी संपत्तियां भी बेच रहे हैं। इससे सोने की कीमतों पर दबाव बढ़ा है।
ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका
सोने की कीमतों में गिरावट की एक बड़ी वजह अमेरिकी फेडरल रिजर्व की सख्त मौद्रिक नीति की आशंका भी है। फेडरल रिजर्व बैंक ऑफ न्यूयॉर्क के चेयरमैन जॉन विलियम्स ने सोमवार को कहा कि महंगाई पर काबू पाने के लिए अभी और काम करना बाकी है। बाजार को दिसंबर की बैठक में ब्याज दरें बढ़ाए जाने की आशंका है। ब्याज दरें बढ़ने से सोने में निवेश का आकर्षण कम होता है, क्योंकि सोने पर निवेशकों को कोई ब्याज नहीं मिलता। ऐसे में ऊंची ब्याज दरें आमतौर पर सोने की कीमतों के लिए नकारात्मक मानी जाती हैं।
महंगाई के आंकड़ों पर रहेगी बाजार की नजर
निवेशकों की नजर अब अमेरिका के पर्सनल कंजम्पशन एक्सपेंडिचर (PCE) प्राइस इंडेक्स पर है। यह महंगाई का वह पैमाना है, जिसे अमेरिकी फेडरल रिजर्व अपनी नीतियां तय करने में सबसे ज्यादा महत्व देता है। महंगाई के आंकड़े अनुमान से ज्यादा रहने पर ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका मजबूत हो सकती है। इससे डॉलर मजबूत होने और सोने की कीमतों पर दबाव बढ़ने की संभावना है।
2027 के अंत तक 4,500 डॉलर पहुंच सकता है सोना
हालांकि, लंबी अवधि में सोने को लेकर जेपी मॉर्गन का नजरिया सकारात्मक है। बैंक के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और 2027 की पहली तिमाही से फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में स्थिरता सोने की रिकवरी में मदद कर सकती है। इसके बाद 2028 की पहली छमाही में ब्याज दरों में कटौती की संभावना है। ऐसे में 2027 के अंत तक सोने की कीमत 4,500 डॉलर प्रति औंस (करीब 4.18 लाख रुपये) तक पहुंच सकती है।

