लायंस क्लब रक्तदान शिविर: मानवता की सेवा के लिए किया 67 यूनिट रक्तदान

0
1

कोटा। लायंस क्लब कोटा साउथ चैरिटेबल सोसायटी के तत्वावधान में बुधवार को एवरग्रीन मोटर्स पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कोटा ब्लड बैंक सोसायटी तथा एवरग्रीन मोटर्स के सहयोग से स्व. मंजू अग्रवाल की पुण्य स्मृति में आयोजित इस सेवाभावी शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 67 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

शिविर को लेकर सुबह से ही रक्तदाताओं में खासा उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोगों ने मानवता की सेवा के लिए आगे आकर रक्तदान किया। शिविर के मुख्य अतिथि पीएमजेएफ राजेंद्र अग्रवाल रहे। उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध होने से कई अनमोल जीवन बचाए जा सकते हैं। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए सहयोगी संस्थाओं और सभी रक्तदाताओं को साधुवाद दिया।

कार्यक्रम संयोजक राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि स्व. मंजू अग्रवाल की स्मृति में आयोजित यह शिविर समाजसेवा और संवेदनशीलता का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम बनता है। उन्होंने सभी नागरिकों से समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करते रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सीपी विजय वीडीजी प्रथम, प्रभा विजय, राजेंद्र अग्रवाल, मंजू अग्रवाल, क्लब अध्यक्ष सुधा शर्मा, डॉ. उमेश ठाकर, विजेंद्र व्यास, निशा धूत, मुकेश गुप्ता, गिर्राज मूंदड़ा, किशन गुप्ता, प्रतिभा गुप्ता, कोषाध्यक्ष महावीर राठौर, अतुल व्यास, राजकुमार शर्मा, संध्या व्यास, उमा शर्मा तथा मंजू कासलीवाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने शिविर स्थल पर पहुंचकर रक्तदाताओं का माल्यार्पण व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उत्साहवर्धन किया तथा व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन में सहयोग दिया।