‘नेत्रदान महादान’ पर राष्ट्रीय बाल कविता प्रतियोगिता, 31 दिसंबर तक भेजें प्रविष्टियां

0
3

कोटा। जरा सोचिए… एक बच्चा, जिसने कभी अपनी माँ की मुस्कान नहीं देखी। एक विद्यार्थी, जो अपनी आँखों से किताब पढ़ने का सपना देखता है। एक व्यक्ति, जिसके लिए सूर्योदय, इंद्रधनुष और फूलों के रंग केवल कल्पना हैं। हमारा मरणोपरांत नेत्रदान ऐसे किसी जरूरतमंद के जीवन में नई रोशनी, नई उम्मीद और नए सपने लेकर आ सकता है।

इसी मानवीय संवेदना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से संस्कृति, साहित्य, मीडिया फोरम एवं सुवि आई हॉस्पिटल, कोटा के संयुक्त तत्वावधान में ‘मिशन बाल मन तक–2026’ के अंतर्गत ‘नेत्रदान महादान’ विषय पर निःशुल्क राष्ट्रीय बाल कविता प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।

सुवि आई हॉस्पिटल, कोटा के निदेशक एवं वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. सुरेश पाण्डेय के अनुसार इंडियन जर्नल ऑफ ऑफ्थैल्मोलॉजी में वर्ष 2026 में प्रकाशित विशेषज्ञ लेख के अनुसार, भारत में प्रतिवर्ष लगभग एक लाख कॉर्निया प्रत्यारोपण के लिए दो लाख दान किए गए कॉर्निया की आवश्यकता है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के 23 मार्च 2026 के आँकड़ों के अनुसार, देश में 396 आई बैंक कार्यरत हैं तथा वर्ष 2024–25 में केवल 69,848 कॉर्निया एकत्रित हुए। अर्थात् वार्षिक आवश्यकता के मुकाबले लगभग 1.30 लाख कॉर्निया की कमी है। आवश्यकता का मात्र 35 प्रतिशत पूरा हो रहा है, जबकि 65 प्रतिशत की कमी बनी हुई है।

ये केवल आँकड़े नहीं, बल्कि लाखों अधूरे सपनों और उजाले की प्रतीक्षा की कहानी हैं। एक व्यक्ति के मरणोपरांत नेत्रदान से दो जरूरतमंद व्यक्तियों को दृष्टि मिलने की संभावना होती है।

भारत महर्षि दधीचि की भूमि है, जिन्होंने पौराणिक कथा के अनुसार लोककल्याण के लिए अपनी अस्थियों तक का दान कर दिया था। नेत्रदान उनकी त्याग और परोपकार की महान परंपरा को जीवंत रखने का सुंदर माध्यम है। पड़ोसी देश श्रीलंका में 23 लाख से अधिक लोग नेत्रदान का संकल्प ले चुके हैं। भारत में भी नेत्रदान को अभियान से आगे बढ़ाकर सामाजिक संस्कार बनाने की आवश्यकता है।

बच्चों के कोमल मन में करुणा और परोपकार के बीज बोने का सबसे सुंदर माध्यम साहित्य है। एक बच्चे की कविता पूरे परिवार की सोच बदल सकती है और किसी जरूरतमंद के जीवन में आशा का सूरज उगा सकती है।

प्रतियोगिता के संयोजक डॉ. प्रभात कुमार सिंघल ने बताया कि कनिष्ठ वर्ग में 18 वर्ष तक तथा वरिष्ठ वर्ग में 18 वर्ष से अधिक आयु के रचनाकार भाग ले सकेंगे। प्रतिभागियों को 12 से 16 पंक्तियों की मौलिक, टाइप की हुई कविता स्वलिखित होने के प्रमाण-पत्र सहित भेजनी होगी।

प्रविष्टियाँ भेजने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2026 है। कविताएँ डॉ. वैदेही गौतम के व्हाट्सएप नंबर 9414260924 अथवा डॉ. प्रभात कुमार सिंघल के व्हाट्सएप नंबर 9413350242 में से किसी एक पर भेजें। दोनों नंबरों पर भेजी गई प्रविष्टि निरस्त होगी।

प्रतियोगिता पूर्णतः निःशुल्क है। पाँच मुख्य एवं पाँच प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। चयनित कविताओं का उपयोग प्रकाशन एवं नेत्रदान जागरूकता गतिविधियों में किया जा सकेगा।

आइए, अपनी कलम से संवेदना जगाएँ, कविता से जागरूकता फैलाएँ और नेत्रदान को राष्ट्रीय जन आंदोलन बनाएँ।

मेरी साँसें थमें तो थम जाने देना,
मेरी आँखों की ज्योति न बुझने देना।
किसी बच्चे के सपनों को रंगों से सजा देना,
किसी के अंधियारे जीवन में दीप जला देना।
मैं मिट्टी में मिल जाऊँ तो कोई गम नहीं,
मेरी आँखों से कोई दुनिया देखे, इससे बड़ा सुख नहीं।
जीते जी रक्तदान, जाते-जाते नेत्रदान।
यही मानवता की सेवा, यही जीवन का सम्मान।