आदर्श अग्रवाल सेवा संस्था का 30वां अन्नकूट उत्सव 29 को, सजेगी गिर्राजधरण की झांकी

0
5

कोटा। आदर्श अग्रवाल सेवा संस्था के तत्वावधान में संस्था का 30वां वार्षिक अन्नकूट महोत्सव आगामी 29 नवम्बर को शाम 5 बजे से आईएल मंदिर, इन्द्र विहार में अत्यंत हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर संस्था की ओर से सभी तैयारियां जोरों पर की जा रही हैं और समाजजनों में विशेष उत्साह का माहौल है।

प्रदेश अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक हुकुम मंगल ने जानकारी देते हुए बताया कि अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर भगवान गिर्राज धरण की बेहद आकर्षक, भव्य और मनमोहक झांकी सजाई जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।

महोत्सव के दौरान भगवान गिर्राज धरण को प्रसन्न करने के लिए 36 प्रकार की विभिन्न स्वादिष्ट तरकारियों और ताजे फलों का विशेष अन्नकूट भोग अर्पित किया जाएगा। ​संस्था के अध्यक्ष घनश्याम गोयल तथा महामंत्री विष्णु गोयल ने बताया कि महोत्सव के प्रमुख आकर्षण के रूप में 30 दंपत्तियों (जोड़ों) द्वारा भगवान गिर्राज धरण की सामूहिक महाआरती की जाएगी। इस पावन धार्मिक अनुष्ठान के साथ-साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और भजन संध्या का भी आयोजन होगा।

इसमें छात्र-छात्राओं द्वारा धार्मिक एवं राष्ट्रीय भजनों पर मनमोहक नृत्य की प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण हो उठेगा।मुख्य संयोजक राजेन्द्र जैन, आरसी गुप्ता तथा सहसंयोजक राजेन्द्र जैन ने बताया कि इस समारोह के माध्यम से समाज की प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन भी किया जाएगा।

इसके तहत आईएएस, आरएएस, इंजीनियरिंग एवं मेडिकल प्रवेश परीक्षा में चयनित होनहार विद्यार्थियों सहित समाज के भामाशाहों, वरिष्ठजनों तथा मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

कोषाध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल ने बताया कि इस भव्य आयोजन में अग्रवाल समाज के सभी 18 घटकों की उपस्थिति रहेगी। व्यापक जनसंपर्क और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पूरे शहर को 26 भागों में विभाजित कर घर-घर पीले चावल देकर ससम्मान आमंत्रण दिया गया है।

उन्होंने बताया कि इस बार का अन्नकूट महोत्सव ‘स्वदेशी अपनाओ-विदेशी भगाओ’, ‘पेड़ लगाओ-मानव बचाओ’, ‘संस्कारित रहो-संस्कारवान बनो’ तथा ‘सनातन धर्म में आस्था रखो’ जैसी प्रेरणादायी थीम पर आधारित रहेगा।

महोत्सव को सफल बनाने और व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। संयोजक के रूप में हुकुम मंगल, राजेन्द्र जैन (एस.आर.) और आर.सी. गुप्ता, अध्यक्ष घनश्याम गोयल, कोषाध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल तथा महामंत्री विष्णु गोयल प्रमुख रूप से कार्य संभाल रहे हैं।

इनके अलावा सहसंयोजक राजेन्द्र जैन (खजूरी), संगठन मंत्री गोपाल जैन, उपाध्यक्ष पद पर राजेन्द्र अग्रवाल (डीसीएम), सुरेन्द्र मोहन, अनिल गुप्ता (आर्किटेक्ट), दिनेश अग्रवाल, पुरुषोत्तम, शंकर गोयल, गौरव एवं मुकेश, युवा अध्यक्ष राहुल गुप्ता और हर्षित सहित सदस्य सौरभ शर्मा, तरसेम गर्ग, संजय अग्रवाल (सीरसरी), मुकेश अग्रवाल (एल.आई.सी.), डी.पी. और सत्यनारायण अग्रवाल को आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।