मुनाफावसूली से सेंसेक्स 49 अंक फिसलकर 51,200 के स्तर पर

0
507

मुंबई। शेयर बाजार की शुरुआत गुरुवार को गिरावट के साथ हुई। मुनाफावसूली से BSE सेंसेक्स 49 अंकों की गिरावट के साथ 51,260.02 पर और निफ्टी 3 अंक नीचे 15,102.95 पर कारोबार कर रहा है। बाजार में सबसे ज्यादा ऑटो सेक्टर में गिरावट है।

BSE पर 2,032 शेयरों में कारोबार हो रहा है। 1,259 शेयर बढ़त और 680 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप भी बढ़कर 203.33 लाख करोड़ रुपए हो गया है। यह बुधवार को 203 लाख करोड़ रुपए रहा था।

442 कंपनियों के नतीजे आएंगे
गुरुवार को ITC, कोल इंडिया, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन, ACC, अशोक लेलैंड, अतुल ऑटो, बजाज हिंदुस्तान सुगर, बॉश, इंफीबीम एवेन्यू, ऑयल इंडिया, पॉवर फाइनेंस कॉर्पोरेशन, जी मीडिया कॉर्पोरेशन सहित 442 कंपनियां दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी करेंगी।

वैश्विक बाजारों में लगातार दूसरे दिन सपाट कारोबार
गुरुवार को दुनियाभर के बाजारों में सपाट कारोबार हो रहा है। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स में 1.43% की बढ़त है। जापान का निक्केई इंडेक्स और कोरिया का कोस्पी इंडेक्स हल्की बढ़त के साथ के साथ कारोबार कर रहे हैं। जबकि हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स में गिरावट है। इससे पहले अमेरिका का डाऊ जोंस, नैस्डैक, S&P 500 और यूरोप के बाजार सपाट बंद हुए थे।

घरेलू निवेशकों ने जमकर की बिकवाली
बुधवार को BSE सेंसेक्स 19.69 अंक नीचे 51,309.39 पर और निफ्टी 2.80 अंक नीचे 15,106.50 पर बंद हुआ था। NSE के प्रोविजनल डेटा के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 1,786.97 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 2,075.68 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।