नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट से पहले ही दिल्ली पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। फेमस यूट्यूबर ध्रुव राठी सहित अब तक 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जा चुका है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके दिल्ली पहुंच गए हैं। कुछ देर पहले ही दिपके मुंबई में स्थित अपने घर से मुंबई के लिए निकले थे। इस बीच दिल्ली पुलिस चुन-चुनकर प्रदर्शनकारियों को डिटेन कर रही है।
कॉकरोच जनता पार्टी और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने इस रैली का आह्वान किया है। प्रदर्शन से पहले पुलिस ने एहतियात के तौर पर रातभर में कम से कम 1,000 लोगों को हिरासत में लिया।
दिल्ली पुलिस इस बात का खासतौर पर ध्यान रख रही है कि किसी भी हालत में प्रदर्शनकारी दिल्ली के जंतर-मंतर तक न पहुंच सकें। दिल्ली से लगने वाली सभी बॉर्डर पर भी भारी तादाद में पुलिसकर्मी तैनात हैं। गाड़ियों की रोक-रोक कर तलाशी ली जा रही है, जो भी वाहनकर्मी संदिग्ध लग रहा है उसे डिटेन किया जा रहा है।
राजधानी में 30 हजार से ज्यादा जवान तैनात
शनिवार सुबह करीब 10:15 बजे कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं के दिल्ली पहुंचने का कार्यक्रम है। इसे देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 30,000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। वहीं, दिल्ली की सभी सीमाओं को सील कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सुरक्षा के इंतजाम कई शिफ्टों में किए गए हैं। इनमें पुलिस इंस्पेक्टरों के साथ पुरुष और महिला सुरक्षाकर्मियों की टीमें भी शामिल हैं। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व फोर्स को भी तैयार रखा गया है। केंद्रीय और नई दिल्ली जिलों के बीच के रास्तों के अलावा दक्षिण, दक्षिण-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में भी खास बैरियर और पिकेट लगाए गए हैं।
सुरक्षा सख्त होने के कारण नई दिल्ली के पास अशोक रोड और टॉलस्टॉय रोड जैसे इलाकों में पहुंचना भी आम लोगों के लिए मुश्किल हो गया है। इन रास्तों पर करीब 10 बैरिकेड्स लगाए गए हैं और 30 से ज्यादा अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात हैं। पुलिस ने ये इंतजाम किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए किए हैं।

