नई दिल्ली। सिंधु जल संधि पर ब्रेक के बाद से पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रहीं। ऐसे में भारत ने एक और बड़ा कदम उठाया है। भारत ने लद्दाख के उपशी में सिंधु नदी पर एक रॉक चेक डैम बनाया है।
सिंधु नदी पर बने इस पत्थर के बांध से लेह में किसानों को बड़ा फायदा मिलेगा। इन इलाकों में किसानों को इस रॉक चेक डैम के जरिए सिंचाई के लिए एक भरोसेमंद जरिया मिल सकता है। इससे उनकी खेती को फायदा मिलेगा। यह केंद्र शासित प्रदेश में नदी पर बना पहला रॉक चेक डैम है और इसका मकसद सीमावर्ती इलाके में मौजूद पानी का बेहतर इस्तेमाल करना है।
सिंधु जल संधि को रोक के बीच ये प्रोजेक्ट दिखाता है कि भारत अब सीमावर्ती इलाकों में सिंधु नदी के पानी का इस्तेमाल करने और पाकिस्तान की ओर बहने से पहले अपने समुदायों की जरूरतों को पूरा करने के लिए सक्रिय रूप से बुनियादी ढांचा तैयार कर रहा है।
लद्दाख के उपशी में बनाए गए रॉक चेक डैम को बिना सीमेंट का इस्तेमाल किए तैयार किया गया है। इसमें नदी के आर-पार प्राकृतिक पत्थर रखकर बनाया गया है। इससे पानी का स्तर लगभग 10 फीट बढ़ गया। अब प्लान यही है कि इसे संबंधित सिंचाई नहर के जरिए खेती की जमीन के लिए भेजा जा सकता है।
लद्दाख में सिंधु नदी में की गई ये पहल इलाके के किसानों की पानी को लेकर चल रही पुरानी समस्या को हल करने में अहम रोल निभा सकती है। खास तौर पर बुवाई के समय, सिंधु नदी का जलस्तर अकसर ही बहुत कम हो जाता है।
ऐसे में कई बार पंप से पानी निकालना भी यहां के लोगों के लिए मुश्किल भरा रहता है। ऐसा इसलिए क्योंकि नदियां कहीं कहीं गहरी घाटी से होकर गुजरती हैं। ऐसे कई इलाकों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता है।
क्यों महत्वपूर्ण है ये प्रोजेक्ट?
इस नए स्ट्रक्चर की स्टोरेज क्षमता लगभग 40 मिलियन लीटर है। अब इस पानी को गांवों के खेतों की ओर भेजा जा सकता है, जिससे बुवाई के समय कम नदी बहाव पर किसानों की निर्भरता कम हो सकती है। यह प्रोजेक्ट सिंधु नदी सिस्टम के प्रति भारत की जल नीति के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण है। भारत ने सिंधु जल संधि को फिलहाल रोक दिया है और लद्दाख में पानी रोकने वाले इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण यह दिखाता है कि भारत बॉर्डर एरिया में रहने वाले लोगों के लिए नदी के इस्तेमाल पर ज्यादा ध्यान दे रहा है।
36 डैम बनाने का है प्लान
इस प्रोजेक्ट में केवल यही एक बांध नहीं है। लद्दाख प्रशासन सिंधु नदी के किनारे और भी चेक डैम बनाने पर काम कर रहा है। कुछ जगहों पर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और अन्य प्रोजेक्ट्स की योजना बनाई जा रही है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय को भेजे गए एक प्रस्ताव के तहत, प्रशासन ने पूरे लद्दाख में 36 चेक डैम बनाने की मंजूरी मांगी है। इनमें से सात लेह में हिमालयन रॉक चेक डैम के तौर पर प्रस्तावित हैं। इन प्रोजेक्ट में 56 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च का अनुमान है।

