निवेशकों के समर्थन से सोना 200 रु. महंगा, चांदी 975 रुपए उछली

0
578

नई दिल्ली/ कोटा। सऊदी अरब के कच्चा तेल संयंत्रों पर ड्रोन हमलों के बाद विदेशों में पीली धातु की कीमतों में आई तेजी के कारण दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना सोमवार को 200 रुपए की मजबूती के साथ 38,570 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। चांदी भी 975 रुपए की छलांग लगाकर 47,425 रुपए प्रति किलोग्राम बिकी।

लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर आज 14.05 डॉलर की बढ़त में 1,502.45 डॉलर प्रति औंस पर रहा। दिसंबर का अमेरिकी सोना वायदा भी 11.60 डॉलर की बढ़त में 1,511.10 डॉलर प्रति औंस बोला गया।

बाजार विश्लेषकों ने बताया कि सऊदी अरब के कच्चा तेल संयंत्रों पर हमले के बाद अमेरिका और ईरान के बीच भूराजनीतिक तनाव बढ़ गया है। अमेरिका आरोप लगा रहा है कि इस हमले के पीछे ईरान का हाथ हो सकता है। इस कारण निवेशक सुरक्षित निवेश मानी जाने वाली पीली धातु का रुख कर रहे हैं।

इस हमले के बाद आज सुबह अंतर्राष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड वायदा करीब 20 फीसदी की छलांग लगाकर 71 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गया था, हालांकि बाद में यह 65 डॉलर के आसपास आ गया। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर भी 0.40 डॉलर की बढ़त में 17.82 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 200 रुपए चमककर 38,570 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 38,400 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 30,000 रुपए पर स्थिर रही।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी में रही तीन फीसदी की तेजी के कारण चांदी हाजिर 975 रुपए की छलांग लगाकर 47,425 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी वायदा 1,177 रुपए उछलकर 46,937 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली गत दिवस के क्रमश: 960 रुपए और 970 रुपए प्रति इकाई पर स्थिर रही।

कोटा सर्राफा
चांदी 45300 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना कैडबरी 36400 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 42450 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 36580 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 42660 रुपये प्रति तोला।