कोटा। सेवा, समर्पण और संगठनात्मक प्रतिबद्धता के गौरवशाली सफर को सम्मान देने के साथ नए सदस्यों के जुड़ाव ने लायंस क्लब कोटा के चार्टर नाइट समारोह को यादगार बना दिया। लायंस इंटरनेशनल के अंतर्गत लायंस क्लब कोटा (डिस्ट्रिक्ट 3233 E2) की ओर से चार्टर नाइट, दीपावली मिलन समारोह एवं प्रांतपाल (गवर्नर) विजिट का आयोजन किया गया।
अध्यक्ष रमेश शर्मा ने बताया कि समारोह में प्रांतपाल एमजेएफ लायन डॉ. निशांत जैन ने 35 वर्ष तथा 60 वर्ष से अधिक समय से लायंस संगठन से जुड़े वरिष्ठ सदस्यों को इंटरनेशनल की पिन लगाकर सम्मानित किया। वहीं संगठन से नव-जुड़े 18 सदस्यों को शपथ दिलाकर लायंस परिवार में शामिल किया।
क्लब सचिव लक्ष्मीकांत पारीक ने बताया कि कोटा प्रवास के दौरान प्रांतपाल डॉ. निशांत जैन ने क्लब की स्टेशन क्षेत्र स्थित क्लब संपत्ति, बसंत विहार में संचालित महिला स्वरोजगार केंद्र तथा एरोड्रम सर्किल के सामने लायंस भवन में संचालित नेत्र चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने इन सेवा प्रकल्पों के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्गों को मिल रही सुविधाओं की सराहना करते हुए क्लब के प्रयासों को अनुकरणीय बताया।
मुकेश विजयवर्गीय ने बताया कि रात्रिकालीन सत्र में क्लब की आमसभा, चार्टर नाइट एवं दीपावली मिलन समारोह आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि प्रांतपाल एमजेएफ लायन डॉ. निशांत जैन तथा विशिष्ट अतिथि प्रथम उपप्रांतपाल एमजेएफ लायन सीपी विजयवर्गीय रहे।
प्रांतपाल डॉ. निशांत जैन ने लायंस इंटरनेशनल की वैश्विक सेवा गतिविधियों, संगठन के उद्देश्यों और लायनवाद के मूल सिद्धांतों की जानकारी देते हुए सदस्यों से सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। प्रथम उपप्रांतपाल सीपी विजयवर्गीय ने आगामी वर्ष की सेवा गतिविधियों की कार्ययोजना और प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी।
उन्होंने चार्टर नाइट के महत्व को रेखांकित करते हुए इसे क्लब की स्थापना, गौरवशाली परंपराओं और सेवा संकल्पों को स्मरण करने का विशेष अवसर बताया। सचिव प्रतिवेदन में लक्ष्मीकांत पारीक ने क्लब की सेवा गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया।
उन्होंने बताया कि क्लब की ओर से अब तक दो रक्तदान शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें लगभग 480 यूनिट रक्तदान हुआ है। इसके अलावा चार निःशुल्क नेत्र शिविरों के माध्यम से मोतियाबिंद मरीजों के ऑपरेशन करवाए गए हैं। उन्होंने आगामी 7 दिसंबर को प्रस्तावित नेत्र शिविर की जानकारी दी।
आमसभा के समापन के बाद आकर्षक आतिशबाजी के साथ दीपावली मिलन समारोह का उल्लास छाया रहा। विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियों ने आयोजन को उत्सवी रंग दिया। क्लब सदस्यों ने परिवार सहित समारोह में भाग लेकर आपसी सौहार्द और संगठनात्मक एकता का परिचय दिया। कार्यक्रम का संचालन मुकेश विजयवर्गीय एवं कुसुम विजयवर्गीय ने किया।

