कोटा। राजस्थान पर्यटन विभाग एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के संयुक्त तत्वावधान में 11 से 13 जनवरी 2027 तक कोटा के आर्ट हिल सिटी पार्क में होने वाले कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट-2 के प्रचार-प्रसार को लेकर शुक्रवार को बूंदी में भव्य रोड शो का आयोजन किया गया।
रोड शो के माध्यम से बूंदी मे आए देशी-विदेशी पर्यटकों एवं पर्यटन व्यवसायियों को हाड़ौती के पर्यटन वैभव, ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य एवं पर्यटन संभावनाओं से रूबरू कराया गया।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि बूंदी में आयोजित रोड शो में सैकड़ों देशी-विदेशी पर्यटकों के समक्ष हाड़ौती पर्यटन को लेकर जोरदार प्रचार-प्रसार किया गया। इस दौरान राजस्थानी एवं हाड़ौती लोक कलाकारों द्वारा आकर्षक एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं।
पर्यटन स्थलों के चित्रों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कोटा, बूंदी, बारां एवं झालावाड़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों, प्राकृतिक संपदा, वन्यजीवों एवं धार्मिक स्थलों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन की बूंदी इकाई के अध्यक्ष प्रदीप चांदवानी, सचिव लोकेश सुखवाल, उपाध्यक्ष मुकेश श्रृंगी, कोषाध्यक्ष भगवान मंडावरा, अभिजीत सिंह, बूंदी होटल मैरिज गार्डन संगठन के अध्यक्ष आलोक दाघिच, रोहित पाटौदी, उमाशंकर नागर, हरिकिशन चांदवानी, सुरेश चांदवानी, मनोज सैनी एवं राघवेंद्र सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
रोड शो में नगर परिषद बूंदी के सभापति भरत शर्मा, पर्यटन विभाग के सहायक आयुक्त शरद व्यास एवं बूंदी व्यापार महासंघ के अध्यक्ष निरंजन जिंदल सहित अनेक प्रतिष्ठित व्यापारी एवं पर्यटन व्यवसायियों ने भी भाग लिया।
अशोक माहेश्वरी ने बताया कि कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट-2 को व्यापक स्तर पर सफल बनाने एवं हाड़ौती पर्यटन को देश-दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के उद्देश्य से होटल फेडरेशन की टीम द्वारा 30 नवंबर को चित्तौड़गढ़ तथा 1 दिसंबर को उदयपुर में भी भव्य रोड शो आयोजित किए जाएंगे। इन रोड शो के माध्यम से ट्रेवल एजेंटों, टूर ऑपरेटरों, होटल व्यवसायियों एवं पर्यटकों को हाड़ौती के पर्यटन आकर्षणों और ट्रेवल मार्ट की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि बूंदी के सभी होटल एवं रिसॉर्ट व्यवसायियों ने कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट-2 में पूर्ण सहभागिता एवं सहयोग देने पर सहमति जताई है। बूंदी के होटल एवं रिसॉर्ट संचालक बाहर से आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को ट्रेवल मार्ट की जानकारी उपलब्ध कराएंगे तथा उन्हें हाड़ौती के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने के लिए आमंत्रित करेंगे।



