दुनिया की सबसे तेज स्पीड वाली इलेक्ट्रिक कार भारत में पेश, जानिए कीमत

200

नई दिल्ली। दुनिया की सबसे तेज स्पीड वाली इलेक्ट्रिक कार GT बतिस्ता भारत में पेश की गई है। ये इलेक्ट्रिक कार 0-100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार 1.86 सेकेंड में पकड़ लेती है। वहीं, 0-200 किमी प्रति घंटे की रफ्तार 4.75 सेकेड में पकड़ सकती है। इस कार को इटालियन लग्जरी कार मैन्युफैक्चरर ऑटोमोबाइल पिनिनफेरिना ने हैदराबाद ई-मोटर शो पेश किया है।

पिनिनफेरिना के मालिकाना हक महिंद्रा के पास है। ये अब दुनिया की सबसे तेज स्पीड वाली इलेक्ट्रिक कार भी बन गई है। यह इलेक्ट्रिक कार भारत की पहली फॉर्मूला ई ग्रैंड प्रिक्स में भाग लेगी। जो 11 फरवरी को आयोजित होने वाला है।

बैटरी, रेंज, स्पीड: पिनिनफेरिना के दावे के मुताबिक, GT बतिस्ता इलेक्ट्रिक कार की टॉप स्पीड 350 किमी प्रति घंटा है। इसमें 120 kWh की कैपेसिटी वाला बैटरी पैक दिया है। इसमें 6960 लिथियम-आयन सेल हैं। सिंगल चार्ज पर इस कार को 482 किमी तक दौड़ा सकते हैं। इस रेंज को EPA रेटेड मिली है। ये 0-100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार 1.86 सेकेड में और 0-200 किमी प्रति घंटे की रफ्तार 4.75 सेकेंड में पकड़ लेती है। इतना ही नहीं, ये महज 31 मीटर में 100 किमी प्रति घंटे से 0 तक की रफ्तार कम भी कर सकती है। इसकी कीमत 18 करोड़ रुपए है।

ई-व्हीकल सस्टेनेबल मोबिलिटी का फ्यूचर: तेलंगाना सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर्स और उन्नत रसायन विज्ञान सेल के निदेशक सुजय करमपुरी ने कहा कि तेलंगाना हमेशा अपने मूल में स्थिरता के साथ विकास और नवाचार के साथ खड़ा रहा है। यह हमारा दृढ़ विश्वास है कि इलेक्ट्रिक वाहन सस्टेनेबल मोबिलिटी का फ्यूचर है। हम ग्रीन फ्यूचर के लिए राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने को बढ़ावा दे रहे हैं। तेलंगाना का महिंद्रा समूह के साथ बहुत शानदार रिश्ता है। इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में एडवांस्ड टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करने के लिए हमें महिंद्रा पर गर्व है।

बतिस्ता ई-व्हीकल को लीड करेगी: महिंद्रा एंड महिंद्रा के यूरोप बिजनेस के CEO गुरप्रताप बोपाराय ने कहा कि बतिस्ता अपने वास्तविक रूप में इलेक्ट्रिक वाहनों में प्रौद्योगिकी के शिखर का प्रतिनिधित्व करता है। यह कार भारत में हैदराबाद ई प्रिक्स सर्किट में भाग लेने के साथ अपनी शुरुआत करेगी। इधर, पिनिनफेरिना के CEO पाओलो डेलाचा ने कहा कि हैदराबाद ई-मोटर शो का हिस्सा बनकर हम बहुत उत्साहित हैं। हम महिंद्रा समूह के साथ अपने भविष्य के लिए मजबूत सहयोग संबंध स्थापित कर रहे हैं।