नई दिल्ली। केंद्रीय कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय मंत्रिमंडल ने उनका महंगाई भत्ता डीए दो फीसदी बढ़ाने का फैसला किया है। इससे साथ ही केंद्रीय कर्मचारियों का डीए 58 फीसदी से बढ़कर 60 फीसदी हो गया है।
इससे एक करोड़ से अधिक कर्मचारियों और पेंशनर्स को फायदा होगा। देश में अभी 50 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 65 लाख पेंशनर्स हैं। ऑल-इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स-इंडस्ट्रियल वर्कर्स (AICPI-IW) के 12 महीने के एवरेज के हिसाब से डीए में दो फीसदी बढ़ोतरी का अनुमान जताया जा रहा था।
मंत्रिमंडल ने साथ ही सॉवरेन मेरिटाइम फंड को भी मंजूरी दे दी है। इसके लिए 13,000 करोड़ रुपये का कॉर्पस रखा गया है। इसका मकसद भारतीय जहाजों को स्थायी और किफायती इंश्योरेंस कवर देना है।
मंत्रिमंडल ने साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को 2028 तक के लिए बढ़ा दिया है। इसके लिए 3,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त आवंटन किया गया है।

