कस्टम पोर्टल पर अब 22 मुद्राओं की विनिमय दरें रोजाना अपडेट होंगी

102

नई दिल्ली। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा-शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) अपने कस्टम पोर्टल पर 22 मुद्राओं की विनिमय दरें पखवाड़े के बजाय रोजाना आधार पर जारी करने की व्यवस्था जल्द ही शुरू करने वाला है। इससे विनिमय दर में होने वाले उतार-चढ़ाव पर नजर रखी जा सकेगी।

आयातकों और निर्यातकों को रोज के आधार पर कस्टम ड्यूटी की गणना करने में मदद मिलेगी। अभी इसे 15 दिन में एक बार जारी किया जाता है। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) से हासिल दरों के आधार पर सीबीआईसी यह काम हर महीने के पहले और तीसरे बृहस्पतिवार को करता है। उसके अगले दिन से ही नई दर लागू हो जाती है। एक अधिकारी ने कहा कि विनिमय दरों की अधिसूचना की समूची प्रक्रिया को अब स्वचालित किया जाएगा।

एसबीआई से मिलने वाली दरों को हर दिन निकटतम पांच अंक तक समायोजित किया जाएगा और उसे भारतीय सीमा-शुल्क ईडीआई प्रणाली के साथ एकीकृत करने के बाद शाम छह बजे तक ‘इंडियन कस्टम्स नेशनल ट्रेड पोर्टल’ (आईसगेट) पर डाला जाएगा।

एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि मुद्राओं की विनिमय दरों में होने वाले उतार-चढ़ाव पर करीबी नजर रखने के लिए सीबीआईसी ने आईसगेट पोर्टल पर हर दिन 22 मुद्राओं की विनिमय दरें प्रकाशित करने का फैसला किया है।