आधुनिक बैंकिंग और जनविश्वास का केंद्र बनेगा बैंक के कॉर्पोरेट कार्यालय का भवन

0
10

कोटा नागरिक सहकारी बैंक के नए भवन का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शिलान्यास

कोटा। कोटा नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड के नए कॉर्पोरेट कार्यालय भवन का रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला वर्चुअल रूप से कार्यक्रम से जुड़े रहे। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान सरकार के सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने की।

समारोह की अध्यक्षता राजस्थान सरकार के सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने की। कार्यक्रम में ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, कोटा जिला सहकारी थोक उपभोक्ता भंडार के अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, बैंक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक व्यवस्था नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि कोटा नागरिक सहकारी बैंक ने सस्ती ब्याज दरों पर ऋण उपलब्ध कराकर हजारों परिवारों के आर्थिक और सामाजिक जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है तथा लोगों को साहूकारों के चंगुल से मुक्त कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बैंक के 62 हजार सदस्यों को जनविश्वास का प्रमाण बताते हुए कहा कि नया कॉर्पोरेट कार्यालय आधुनिक बैंकिंग, डिजिटल सेवाओं और उत्कृष्ट ग्राहक सुविधाओं का केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक ने कहा कि राज्य सरकार सहकारी संस्थाओं को तकनीकी रूप से सशक्त और प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कोटा-हाड़ौती में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने में बिरला परिवार की भूमिका की सराहना करते विभिन्न सहकारी संस्था में योगदान व कार्यो को रेखांकित किया।

उन्होने कहा कि देश में पहली बार प्रधानमंत्री मोदी ने सहकारिता की ताकत को पहचान कर सहकारिता विभाग अलग से बनाया। उन्होने बैंक प्रगति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्ष 2025-26 में बैंक ने 3.82 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया तथा बैंक का कुल कारोबार 1100 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि बैंक अपने सदस्यों को 10 प्रतिशत लाभांश प्रदान कर रहा है, जो सहकारिता मॉडल की सफलता का उदाहरण है।

बैंक अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि प्रस्तावित कॉर्पोरेट कार्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि विश्वास, सेवा और भविष्य की सोच का प्रतीक होगा। यहां आधुनिक बैंकिंग, डिजिटल सुरक्षा, कर्मचारी प्रशिक्षण और उत्कृष्ट ग्राहक सेवाओं की अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने बताया कि बैंक छोटे व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। बैंक वर्तमान में एटीएम नेटवर्क, लॉकर, आरटीजीएस, नेफ्ट, आईएमपीएस, आवास, वाहन, कैश क्रेडिट एवं मॉर्गेज ऋण जैसी सेवाएं प्रदान कर रहा है। बैंक की कुल जमा राशि 845.36 करोड़ रुपये, सीआरएआर 25.24 प्रतिशत तथा शुद्ध लाभ 3.82 करोड़ रुपये है। बैंक में क्यूआर स्कैनर सुविधा शुरू कर दी गई है और शीघ्र ही यूपीआई सेवा भी प्रारंभ की जाएगी।

विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि वर्ष 1962 में मात्र 32 सदस्यों से शुरू हुई यह संस्था आज हजारों परिवारों के विश्वास का प्रतीक बन चुकी है। वहीं ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि यह वास्तव में जनता का बैंक है, जो विशेष रूप से सामान्य एवं पिछड़े वर्ग के लोगों को वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि बैंक की कुल जमा राशि 845.36 करोड़ रुपये तथा शुद्ध एनपीए 1.98 प्रतिशत है।

प्रबंध निदेशक बीना बैरवा ने बैंक की विकास यात्रा एवं प्रस्तावित भवन की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि भवन का डिज़ाइन भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिससे बैंक के प्रशासनिक कार्य अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनेंगे।

समारोह में बैंक के उपाध्यक्ष हेमराज सिंह हाड़ा, संचालक मंडल के सदस्य सुरेशचंद्र काबरा, महेंद्र कुमार शर्मा, महावीर सुवालका, राकेश जैन, ओमप्रकाश मेहरा, अशोक कुमार मीणा, शैलेन्द्र ऋषि, नंदलाल प्रजापति, पद्मिनी हाड़ा, तनोषा बादल, नवनीत जाजू, प्रेम भाटिया, अरुण भार्गव, ओम माहेश्वरी, जगदीश जिन्दल, नितिन विजयवर्गीय, सुरेन्द्र गोयल, महेशचंद्र अजमेरा, राजेन्द्र कुमार जैन एवं शक्ति निगम सहित बैंक के अधिकारी, कर्मचारी, सदस्य और बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।