नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में जारी पॉजिटिव रुख के बीच बीते कारोबारी हफ्ते में देश की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से पांच ने मिलकर अपनी मार्केट वैल्यू (बाजार पूंजीकरण) में 1.54 लाख करोड़ रुपये की भारी बढ़ोतरी दर्ज की है। इस पूरे उछाल में IT सेक्टर की दिग्गज कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) सबसे बड़ी विजेता बनकर उभरी है। बाजार के इस तेजी के माहौल का फायदा कई बड़े कॉरपोरेट दिग्गजों को मिला है।
पिछले कारोबारी हफ्ते में घरेलू शेयर बाजार में अच्छी बढ़त देखी गई। BSE का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 582.06 अंक यानी 0.75 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ, जबकि NSE का निफ्टी भी 127.4 अंक यानी 0.52 प्रतिशत चढ़ने में कामयाब रहा।
बाजार के जानकारों का कहना है कि पश्चिम एशिया के संकट के कारण बढ़े भू-राजनीतिक तनाव, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और दुनिया भर में ब्याज दरों को लेकर बनी अनिश्चितता के बावजूद भारतीय शेयर बाजार ने रिकवरी का सिलसिला जारी रखा और बढ़त के साथ बंद हुआ।
बाजार के इस मजबूत रुख को IT सेक्टर से आए चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के बेहतर नतीजों से काफी सहारा मिला। TCS के शानदार प्रदर्शन के चलते इसके शेयरों में हफ्ते के दौरान करीब 10 प्रतिशत की तेजी आई। इसके अलावा, बैंकिंग व फाइनेंशियल सेक्टर के शेयरों में दोबारा लौटी खरीदारी और देश के मजबूत आर्थिक बुनियादी तत्वों (इकोनॉमिक फंडामेंटल्स) ने भी निवेशकों का मनोबल बढ़ाया।
बीते हफ्ते जिन पांच बड़ी कंपनियों की मार्केट वैल्यू में इजाफा हुआ, उनमें रिलायंस इंडस्ट्रीज, ICICI Bank, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), TCS और बजाज फाइनेंस शामिल हैं। दूसरी ओर, पांच अन्य दिग्गज कंपनियों HDFC Bank, भारती एयरटेल, LIC, लार्सन एंड टुब्रो (L&T) और हिंदुस्तान यूनुलीवर (HUL) की मार्केट वैल्यू में गिरावट दर्ज की गई।
मुनाफा कमाने वाली कंपनियां
- TCS: कंपनी की मार्केट वैल्यू में सबसे ज्यादा 72,072.3 करोड़ रुपये का उछाल आया, जिससे इसका मार्केट वैल्यू बढ़कर 8,20,672.70 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। देश की इस सबसे बड़ी IT कंपनी का जून तिमाही का मुनाफा 4.61 प्रतिशत बढ़कर 13,349 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी ने यह उम्मीद भी जताई है कि पश्चिम एशिया के संकट के चलते मांग पर जो असर पड़ा था, उसमें मौजूदा तिमाही से सुधार देखने को मिलेगा।
- ICICI Bank: बैंक की मार्केट वैल्यू 29,062.06 करोड़ रुपये बढ़कर 10,34,441.77 करोड़ रुपये हो गई।
- Reliance Industries: रिलायंस की हैसियत में 23,884.93 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 17,95,091.26 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।
- Bajaj Finance और SBI: बजाज फाइनेंस की मार्केट वैल्यू 21,946.5 करोड़ रुपये बढ़कर 6,57,274.28 करोड़ रुपये और SBI की वैल्यू 7,338.34 करोड़ रुपये की बढ़त के साथ 9,63,768.78 करोड़ रुपये रही।
नुकसान उठाने वाली कंपनियां
नुकसान उठाने वाली कंपनियों में लार्सन एंड टुब्रो (L&T) को सबसे बड़ा झटका लगा और इसकी मार्केट वैल्यू 18,097.72 करोड़ रुपये घटकर 5,24,840.68 करोड़ रुपये रह गई। LIC का मार्केट वैल्यू भी 12,080.75 करोड़ रुपये कम होकर 5,48,124.30 करोड़ रुपये हो गया।
इसके अलावा, भारती एयरटेल की मार्केट वैल्यू 7,706.45 करोड़ रुपये टूटकर 11,91,067.77 करोड़ रुपये और HDFC Bank की हैसियत 7,084.61 करोड़ रुपये घटकर 12,62,369.81 करोड़ रुपये पर आ गई। हिंदुस्तान यूनिलीवर के मार्केट वैल्यू में भी 1,221.79 करोड़ रुपये की मामूली कमी आई और यह 5,03,775.86 करोड़ रुपये रहा।
इस उतार-चढ़ाव के बाद भी देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम है। इसके बाद क्रमशः HDFC Bank, भारती एयरटेल, ICICI Bank, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, TCS, बजाज फाइनेंस, LIC, लार्सन एंड टुब्रो और हिंदुस्तान यूनिलीवर का नंबर आता है।

