नई दिल्ली। Stock Market This Week: भारतीय शेयर बाजार के लिए यह हफ्ता काफी अहम रहने वाला है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस बार बाजार की चाल कई बड़े फैक्टर्स तय करेंगे। इनमें सबसे पहले कंपनियों के पहली तिमाही (Q1) के नतीजे, पश्चिम एशिया में चल रहे भू-राजनीतिक हालात और कच्चे तेल की कीमतें शामिल हैं। इसके साथ ही, दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार और विदेशी निवेशकों (FIIs) की खरीद-बिक्री पर भी निवेशकों की नजर रहेगी।
जानकारों के मुताबिक, इस हफ्ते कंपनियों के तिमाही नतीजे, देश के आर्थिक आंकड़े और दुनिया भर की बड़ी घटनाएं बाजार को प्रभावित करेंगी। वहीं, गांवों में मांग कैसी है, खाने-पीने की चीजों की महंगाई कितनी है, मानसून कितना अच्छा रहा और खरीफ फसलों की बुवाई कैसी चल रही है, ये भी अहम संकेत होंगे। क्योंकि इन बातों का सीधा असर RBI के आने वाले समय में ब्याज दरों को लेकर लिए जाने वाले फैसलों पर पड़ सकता है।
वैश्विक स्तर पर भी निवेशकों की नजर अमेरिका-ईरान तनाव और पश्चिम एशिया के हालात पर बनी रहेगी। अगर वहां तनाव कम होता है, तो निवेशकों का भरोसा बढ़ सकता है और शेयर बाजार को सहारा मिल सकता है। लेकिन अगर हालात बिगड़ते हैं या होर्मुज से तेल और दूसरे सामान की आवाजाही प्रभावित होती है, तो दुनिया भर के बाजारों में फिर से तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
इन बड़ी कंपनियों के नतीजों पर रहेगा फोकस
घरेलू मोर्चे पर अब कमाई का सीजन रफ्तार पकड़ चुका है, जिससे निवेशकों का ध्यान पूरी तरह से चुनिंदा शेयरों में मिलने वाले मौकों पर शिफ्ट हो जाएगा। इस हफ्ते कई बड़ी कंपनियां अपने तिमाही रिपोर्ट कार्ड पेश करने वाली हैं।
इनमें IT सेक्टर की दिग्गज कंपनी Infosys के साथ-साथ One97 कम्युनिकेशंस (Paytm), अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज ऑटो, डॉ. रेड्डीज, नेस्ले इंडिया, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस, अदाणी ग्रीन एनर्जी, अदाणी पावर, BPCL, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (HPCL), इंडसइंड बैंक, JSW एनर्जी, बैंक ऑफ बड़ौदा और SBI लाइफ इंश्योरेंस कंपनी जैसी दिग्गज कंपनियां शामिल हैं।
इसके अलावा, हफ्ते की शुरुआत भी काफी धमाकेदार रहने की उम्मीद है। सोमवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज, HDFC बैंक, ICICI बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और एक्सिस बैंक के शेयरों पर निवेशकों की खास नजर रहेगी। वजह यह है कि इन सभी कंपनियों ने वीकेंड के दौरान अपने पहली तिमाही (Q1) के नतीजे जारी किए हैं। ऐसे में इन नतीजों का असर सोमवार को इन शेयरों की चाल और पूरे बाजार के मूड पर साफ देखने को मिल सकता है।
अगर शानदार प्रदर्शन करने वाली कंपनियों की बात करें, तो इस बार रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। कंपनी ने अपने ऑयल-टू-केमिकल (O2C) और टेलीकॉम कारोबार के दम पर जून तिमाही में अब तक का सबसे ज्यादा कोर प्रॉफिट और EBITDA दर्ज किया है।
बैंकिंग सेक्टर से भी अच्छी खबरें आई हैं। HDFC बैंक का स्टैंडअलोन मुनाफा 5% बढ़कर 19,060 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, ICICI बैंक का मुनाफा 13.88% की बढ़त के साथ 15,440 करोड़ रुपये रहा, जिसका बड़ा कारण कर्ज में तेज बढ़ोतरी रही।
कोटक महिंद्रा बैंक ने भी 22.55% की शानदार बढ़त के साथ 5,480.46 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया। वहीं, एक्सिस बैंक का समेकित मुनाफा 22.23% बढ़कर 7,632.31 करोड़ रुपये रहा।

