दक्षिणी दरवाजे से मानसून का राजस्थान में प्रवेश, आंधी और मेघगर्जन के साथ बारिश

0
9

जयपुर। राजस्थान में मानसून की एंट्री का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में परिस्थितियां तेजी से अनुकूल हो रही हैं और अगले कुछ घंटो में मानसून राजस्थान में प्रवेश कर जाएगा।

फिलहाल मानसून राजस्थान के दक्षिणी द्वार बांसवाड़ा के बिल्कुल नजदीक पहुंच गया है। इसके साथ ही 2 जुलाई से प्रदेश के कई जिलों में आंधी, मेघगर्जन और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी शुरू हो गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश का दायरा बढ़ेगा। 4 और 5 जुलाई को कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

जयपुर, अजमेर में अगले कुछ घंटों में बारिश
मौसम विभाग ने तात्कालिक चेतावनी जारी करते हुए जयपुर, अजमेर, ब्यावर, टोंक, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और कोटपूतली-बहरोड़ जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन, बिजली चमकने, 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं बूंदी जिले में भी इसी तरह के मौसम की आशंका है।

इसके अलावा पाली, राजसमंद, कोटा, बारां, झालावाड़, सीकर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सवाई माधोपुर, करौली, दौसा, अलवर, उदयपुर, सलूंबर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, नागौर और डीडवाना-कुचामन जिलों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

4-5 जुलाई को भारी बारिश का दौर
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के सक्रिय होने के बाद दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश की तीव्रता बढ़ेगी। कोटा और उदयपुर संभाग के कई जिलों में 4 और 5 जुलाई को अच्छी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी और अतिभारी वर्षा दर्ज हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।