नई दिल्ली। Stock Market, 1 June, 2026 : दमदार शुरुआत के बाद शेयर मार्केट की चाल सुस्त हो गई है। सेंसेक्स में बढ़त अब केवल 70 अंकों की रह गई है और 74846 पर आ गया है। हालांकि, इन्फोसिस के शेयर 4.25 प्रतिशत की तेजी के साथ सेंसेक्स टॉप गेनर है। टेक महिंद्रा में 3.37 और इंडिगो में 2.82 पर्सेंट की तेजी है। टीसीएस, एचसीएल टेक और रिलायंस भी टॉप गेनर में हैं।
सुबह 9:15 बजे जून के पहले की दिन शेयर मार्केट की शुरुआत दमदार हुई है। वह भी तब जब गिफ्ट निफ्टी की शुरुआत कमजोर हुई थी। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 427 अंकों की तेजी के साथ 75203 के लेवल पर खुला। जबकि, एनएसई का 50 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी ने आज के कारोबार की ओपनिंग शतक के साथ की। निफ्टी 106 अंकों की बढ़त के साथ 23654 के लेवल पर खुलने में कामयाब रहा।
ग्लोबल मार्केट के संकेत
- एशियन मार्केट
अमेरिका-ईरान शांति समझौते को लेकर अनिश्चितता के बीच एशियाई बाजारों में सोमवार को मिलाजुला कारोबार हुआ। जापान का निक्केई 225 0.78 प्रतिशत बढ़ा, जबकि टॉपिक्स 0.3 प्रतिशत गिर गया। दक्षिण कोरिया के कोस्पी ने 2.40 प्रतिशत की छलांग लगाई, जबकि कोस्डैक में 1.58 प्रतिशत की गिरावट आई। हांगकांग के हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स ने कम खुलने का संकेत दिया। जापान के बाहर एशिया-प्रशांत शेयरों के एमएससीआई इंडेक्स में 0.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई। - गिफ्ट निफ्टी टुडे
गिफ्ट निफ्टी 23,702 के आसपास कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद से करीब 46 अंकों की छूट है। यह भारतीय शेयर मार्केट के सूचकांकों के लिए नकारात्मक शुरुआत का संकेत देता है। - वॉल स्ट्रीट
अमेरिकी शेयर बाजार के सूचकांक शुक्रवार को रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए और टेक शेयरों में तेजी के के कारण साप्ताहिक और मासिक लाभ दर्ज किया। डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 363 अंक या 0.72 प्रतिशत बढ़कर 51,032 पर पहुंच गया, जबकि एसएंडपी 500 16 अंक या 0.22 प्रतिशत बढ़कर 7,580 पर पहुंच गया। नैस्डैक कंपोजिट 55 अंक या 0.21 प्रतिशत ऊपर 26,972 पर बंद हुआ।
भारत और अमेरिका व्यापार वार्ता 1 से 4 जून तक
दिल्ली में 1 से 4 जून तक व्यापार वार्ता शुरू करने के लिए भारत और अमेरिका तैयार हैं, क्योंकि दोनों देश अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देना चाहते हैं और बातचीत को आगे बढ़ाना चाहते हैं। पिछले हफ्ते, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा था कि द्विपक्षीय वार्ता अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है।

