भू-उपयोग और सेटबैक बदलाव पर सवाल, केडीए की कार्यप्रणाली पर संदेह
कोटा। कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) की विवेकानंद नगर योजना में बेशकीमती व्यावसायिक भूखंड CP-28 की नीलामी विवादों में घिर गई है। 2655.55 वर्गमीटर के इस कॉर्नर भूखंड की DLC दर के आधार पर कीमत 31.87 करोड़ रुपये आंकी जा रही है, जबकि नीलामी महज 13.64 करोड़ रुपये में हुई।
करीब 18.23 करोड़ रुपये के इस अंतर ने नीलामी प्रक्रिया, मूल्यांकन और प्राधिकरण के निर्णयों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भूखंड के भू-उपयोग में बदलाव, फ्रंट सेटबैक घटाने और नीलामी के लिए महज आठ दिन का समय देने को लेकर भी आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, भूखंड की DLC दर 1.20 लाख रुपये प्रति वर्गमीटर है, जबकि नीलामी में इसकी दर 51,350 रुपये प्रति वर्गमीटर रही। यानी जमीन DLC दर से करीब 57 प्रतिशत कम कीमत पर नीलाम हुई।
बाजार में इस क्षेत्र की व्यावसायिक जमीन का भाव करीब 12 हजार रुपये प्रति वर्गफीट बताया जा रहा है, जबकि नीलामी दर लगभग 4771 रुपये प्रति वर्गफीट बैठती है। ऐसे में सवाल है कि प्रमुख लोकेशन पर स्थित इतने बड़े भूखंड का मूल्यांकन किस आधार पर किया गया?
OCF से व्यावसायिक श्रेणी में कैसे पहुंचा भूखंड
नीलामी पर सबसे अहम आपत्ति भूखंड के भू-उपयोग को लेकर है। पुराने रिकॉर्ड में CP-28 को OCF (अदर कम्युनिटी फैसिलिटीज) श्रेणी में दर्ज बताया गया है, लेकिन नीलामी के लिए इसे व्यावसायिक भूखंड के रूप में प्रस्तुत किया गया। सवाल उठ रहा है कि भू-उपयोग परिवर्तन किस नियम और सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति से किया गया? इस बदलाव से संबंधित आदेश और प्रक्रिया सार्वजनिक करने की मांग की जा रही है।
12 मीटर का सेटबैक घटाकर 9 मीटर
भूखंड के फ्रंट सेटबैक में बदलाव भी विवाद का दूसरा बड़ा कारण है। पूर्व रिकॉर्ड में फ्रंट सेटबैक 12 मीटर दर्ज था, जिसे 12 नवंबर को जारी नीलामी सूचना में घटाकर 9 मीटर कर दिया गया। आखिर ऐसा क्या कारण था कि नीलामी से ठीक पहले सेटबैक में तीन मीटर की कमी की गई? इस बदलाव के तकनीकी और नियोजन संबंधी आधार पर भी स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है।
आठ दिन में पूरी कर दी नीलामी प्रक्रिया
नीलामी के लिए निर्धारित समय-सीमा पर भी सवाल हैं। 12 नवंबर को सूचना जारी कर 20 नवंबर को नीलामी की प्रक्रिया पूरी कर दी गई। इच्छुक बोलीदाताओं को तैयारी और दस्तावेज जुटाने के लिए महज आठ दिन मिले। आपत्तिकर्ताओं का कहना है कि इतनी कम अवधि में व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिकतम प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करना मुश्किल था। ऐसे में यह स्पष्ट होना चाहिए कि इतनी कम समय-सीमा तय करने का आधार क्या था।
प्रमुख लोकेशन, कीमत पर सवाल
भूखंड के सामने 36 मीटर और साइड में 12 मीटर चौड़ी सड़क है। यह कोटा विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज, बंसल स्कूल, गणेश उद्यान तथा श्रीरामकृष्णपुरम, श्रीनाथपुरम और गणेश नगर जैसी विकसित आवासीय योजनाओं के निकट स्थित है। लोकेशन और व्यावसायिक संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे इस भूखंड की नीलामी को लेकर उठे सवालों ने KDA की कार्यप्रणाली को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
प्राधिकरण से इन सवालों के जवाब मांगे जा रहे हैं
- भूखंड का मूल्यांकन किस आधार पर हुआ
- OCF से व्यावसायिक श्रेणी में परिवर्तन की स्वीकृति किसने दी
- सेटबैक में बदलाव क्यों किया गया
- नीलामी के लिए इतनी कम अवधि क्यों रखी गई
नीलामी से जुड़े दस्तावेज, स्वीकृतियां और मूल्यांकन रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद ही पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

