प्रश्नपत्र देरी से पहुंचने के कारण स्थगित हुई थी परीक्षा, 1008 अभ्यर्थी होंगे शामिल
कोटा। राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (SET) 2026 के तहत दो परीक्षा केंद्रों पर स्थगित परीक्षा अब 27 सितंबर को पुनः आयोजित की जाएगी। कोटा विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। 13 सितंबर को राजस्थान के 429 परीक्षा केंद्रों पर SET-2026 परीक्षा आयोजित की गई थी। इनमें दो परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र विलंब से पहुंचने के कारण परीक्षा स्थगित करनी पड़ी थी।
कोटा विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. भगवती प्रसाद सारस्वत ने बताया कि स्थगित परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए 27 सितंबर को नए परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा केंद्र कोड 4057 के अभ्यर्थियों के लिए राजस्थान महाविद्यालय तथा केंद्र कोड 4066 के अभ्यर्थियों के लिए राजस्थान विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग को नया परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन दोनों केंद्रों पर कुल 1008 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
कुलगुरु प्रो. सारस्वत ने कहा कि विश्वविद्यालय की प्राथमिकता परीक्षा की प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और अभ्यर्थी हितों को ध्यान में रखते हुए संपन्न कराना है। जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा पूर्व में स्थगित हुई थी, उन्हें किसी प्रकार की अतिरिक्त परेशानी न हो, इसके लिए नए परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे संशोधित प्रवेश पत्र डाउनलोड कर परीक्षा केंद्र और अन्य आवश्यक निर्देशों की जानकारी समय रहते प्राप्त कर लें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुनः आयोजित की जा रही परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों से किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। विश्वविद्यालय अभ्यर्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परीक्षा प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
अभ्यर्थी 22 सितम्बर से अपनी SSO ID के माध्यम से संशोधित प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा से संबंधित नवीनतम जानकारी एवं दिशा-निर्देशों के लिए अभ्यर्थी कोटा विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.uok.ac.in या http://www.uok.ac.in का अवलोकन कर सकते हैं।

