कोटा। तलवंडी स्थित श्री महावीर दिगम्बर जैन मंदिर परिसर में पर्युषण पर्व के अवसर पर आचार्य ज्ञान सागर पाठशाला परिवार की ओर से बच्चों की संस्कारमय एवं भावपूर्ण नाट्य प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मंच पर बच्चों ने अभिनय, संवाद और भाव-भंगिमाओं के माध्यम से धर्म, संस्कार और जीवन मूल्यों का ऐसा संदेश प्रस्तुत किया कि पूरा वातावरण आध्यात्मिक भावनाओं से सराबोर हो गया।
पाठशाला के नन्हे कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से धर्म के मूल सिद्धांतों, संस्कारों और सद्भावना को प्रभावी ढंग से मंच पर उतारा। बच्चों के संवाद, अभिनय और प्रस्तुति में आत्मविश्वास के साथ संस्कारों की गहरी छाप दिखाई दी। दर्शकों ने तालियों के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया और प्रस्तुति की मुक्तकंठ से सराहना की।
कार्यक्रम में सकल समाज के संरक्षक विमल जैन, अध्यक्ष प्रकाश बज, महामंत्री पदम बरला, कार्याध्यक्ष जे.के. जैन, सरावगी समाज के अध्यक्ष राकेश पाटौदी, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश मडिया सहित समाज के अनेक सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों की प्रस्तुति का उत्साहवर्धन किया।
मुख्य संयोजक मनोज पाटनी ने बताया कि आचार्य ज्ञान सागर पाठशाला पिछले करीब 20 वर्षों से निरंतर संचालित हो रही है। पाठशाला का उद्देश्य बच्चों को धार्मिक शिक्षा के साथ संस्कार, संस्कृति और जीवन मूल्यों से जोड़ना है। आदि भैया ने पाठशाला के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि धार्मिक शिक्षा बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की आधारशिला है।
आयोजन को सफल बनाने में महिला संयोजकों ने विशेष भूमिका निभाई।

