सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ की गणेशोत्सव परिचय पत्रिका का विमोचन

0
10

कोटा। अनंत चतुर्दशी महोत्सव के पावन अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गणेश स्थापना करने वाले संगठनों को एक मंच पर संगठित करने के उद्देश्य से सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ द्वारा एक विशेष स्मारिका एवं परिचय पत्रिका का प्रकाशन निश्चित किया गया। इसी क्रम में महासंघ द्वारा तैयार की गई 12 पेज की विशेष सूचना पत्रिका का भव्य विमोचन आयोजित किया।

इस विमोचन कार्यक्रम का आयोजन रविवार को राधा कृष्ण मंदिर, तलवंडी परिसर में भक्तिमय वातावरण के बीच संपन्न हुआ। पत्रिका का विमोचन मोजी बाबा पावन धाम की महामंडलेश्वर पूजनीय डॉ. हेमा सरस्वती, हरिद्वार कुलम शक्ति पीठ की महामंडलेश्वर मैत्रेय गिरी महाराज एवं महामंडलेश्वर माता नीति अंबा के पावन सानिध्य में हुआ। कार्यक्रम में राधा कृष्ण मंदिर के सभापति राकेश अग्रवाल, व्यवस्थापक इंद्रेश कुमार गर्ग तथा उपाध्यक्ष मोहन अग्रवाल भी मंचासीन रहे।

सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ के अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने बताया कि इस पहल के तहत महासंघ 12 पेज की कुल 5,000 सूचना पत्रिकाओं का वितरण शहर भर के सभी गणेश पंडालों तक करेगा। यह वितरण अभियान 21 अक्टूबर से शुरू होकर 25 अक्टूबर तक निरंतर चलाया जाएगा, ताकि सभी गणेशोत्सव समितियों को महासंघ के उद्देश्यों और गतिविधियों से जोड़ा जा सके।

संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन कर्मयोगी ने बताया कि पत्रिका वितरण और जनसंपर्क के लिए 10 सदस्यों की एक विशेष टीम गठित की गई है। यह टीम शहर के प्रत्येक क्षेत्र में स्थापित गणेश पंडालों तक व्यक्तिगत रूप से पहुंचेगी। टीम के सदस्य विभिन्न मंडलों को महासंघ की गतिविधियों से अवगत कराकर परिचय पुस्तिका उपलब्ध कराएंगे और आगामी मुख्य स्मारिका में अपने मंडल को स्थान दिलाने के लिए अपील भी करेंगे।

इसके साथ ही, समाज में पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित करने के लिए महासंघ द्वारा एक विशेष प्रोत्साहन पहल की शुरुआत की गई है। इसके अंतर्गत शहर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग एवं जागरूक रहने वाले 21 मंडलों का पारदर्शी प्रक्रिया से चयन किया जाएगा। चयनित प्रत्येक इको-फ्रेंडली मंडल को महासंघ की ओर से ₹5,100 की नगद राशि का पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर इको फ्रेंडली श्री गणपति क्लब के अध्यक्ष डॉ. एम.एल. अग्रवाल, गोविंद नारायण अग्रवाल, महामंत्री राजाराम जैन कर्मयोगी, अनिल खंडेलवाल और विकास जैन सहित महासंघ के अनेक गणमान्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।