दशहरा मैदान में दिखेगी सांस्कृतिक विरासत व आधुनिकता की झलक: बिरला

0
12

पुनर्विकास व फेज-2 के निर्माण को लेकर बिरला ने दिए अधिकारियों को निर्देश

कोटा। ऐतिहासिक दशहरा मैदान में पुनर्विकास के बाद यहां सांस्कृतिक विरासत के साथ आधुनिकता की झलक देखने को मिलेगी। शनिवार को दशहरा मैदान का निरीक्षण करने पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जिला प्रशासन, केडीए व नगर निगम के अधिकारियों को दशहरा मैदान के पुनर्विकास के साथ फेज -2 के निर्माण के सम्बन्ध में नए सिरे से कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।

बिरला ने कहा कि निगम दशहरा मैदान को केवल मेले तक सीमित न रखें। साल भर हर तरह के कार्यक्रमों में उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए पुनर्विकास की योजना बनाएं। दिल्ली के भारत मंडपम की तर्ज पर पूरे मैदान का विकास हो ताकि ऐतिहासिक दशहरा मैदान की भव्यता और सांस्कृतिक महत्व बरकरार रहे, साथ ही निगम की आय में भी वृद्धि हो सके।

दशहरा मैदान के दूसरे हिस्से में भी स्मार्ट सिटी मिशन के तहत काम होगा। यहां 4000 लोगों की क्षमता के मल्टीपरपज हॉल के निर्माण पर विचार किया गया। ह़ॉल को इस तरह डिजाइन किया जाएगा जिसके कार्यक्रम और संख्या के अनुसार ही इसका उपयोग हो सके। इस दौरान विधायक संदीप शर्मा, महापौर राजीव अग्रवाल, मेला समिति के अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी, जिला कलक्टर रविंद्र गोस्वामी, सिटी एसपी अमृता दुहान, केडीए सचिव कुशल कोठारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

श्रीराम रंगमंच पर बनेगा एम्फीथिएटर
दशहरा मैदान के साथ श्रीराम रंगमंच का भी पुनर्विकास किया जाएगा। बिरला ने श्रीराम रंगमंच पर होने वाली रामलीला को आकर्षक बनाने के लिए यहां थीम आधारित विकास के निर्देश दिए। रामलीला के अलावा अन्य सांस्कृतिक आयोजनों के लिए यहां एम्पीथिएटर बनेगा। आधुनिक ग्रीन रूम के साथ दर्शकों के बैठने के लिए भी माकूल व्यवस्था की जाएगी।

रिवर फ्रंट का हो प्रचार-प्रसार
स्पीकर बिरला ने अधिकारियों के साथ रिवर फ्रंट का भी दौरा किया। रिवर फ्रंट के रखरखाव और पर्यटकों की कमी के कारण केडीए को हो रहे आर्थिक नुकसान को लेकर बिरला ने अधिकारियों को व्यापाक प्रचार-प्रचार की योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग भी इसमें सक्रिय भूमिका निभाएं, देसी-विदेशी पर्यटकों को यहां आएंगे तभी इसके निर्माण का उद्देश्य पूरा हो पाएगा।

सड़कों की दशा सुधारें
बिरला ने अधिकारियों को त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए बारिश में जर्जर हो चुकी सड़कों को समयसीमा में सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वय बनाकर योजना बनाएं, इसके बाद ही धरातल पर शुरू करें। अलग-अलग विभागों के कामों के लिए बार-बार सड़कों को खोदने प्रवृत्ति बंद हो ताकि न जनता के धन की बर्बादी न ही उन्हें असुविधा हो।

1500 सीसीटीवी कैमरे लगेंगे
कानून व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए शहर में करीब 1500 नए सीसीटीवी कैमरे लगाकर कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। शहर के प्रमुख स्थलों की लाइव निगरानी की जाएगी। बिरला ने सिटी एसपी को एक विशेष दल गठित करने के भी निर्देश दिए, इसके लिए जल्द ही कोटा पुलिस को नए दो-पहिया वाहन भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त साइबर थाने को अपग्रेड करने के लिए यहां आवश्यक संस्थानों से लैस बनाया जाएगा।