कोटा विश्वविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. अनुकृति शर्मा स्पोर्ट्स इंडिया अवार्ड से सम्मानित

0
6

स्पोर्ट्स ट्यूरिज्म पर उल्लेखनीय कार्य करने पर मिला पुरस्कार

कोटा। कोटा विश्वविद्यालय में वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर तथा कौशल विकास केन्द्र की निदेशक डॉ. अनुकृति शर्मा को नई दिल्ली में स्पोर्ट्स इंडिया अवार्ड 2024 प्रदान किया गया है। उन्हें यह सम्मान स्पोर्ट्स ट्यूरिज्म के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया है।

फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (PEFI) द्वारा स्पोर्ट इंडिया फाउंडेशन और इंडियन एक्जीबिशन सर्विसेज (IES) के सहयोग से नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित स्पोर्ट इंडिया कॉन्फ्रेंस 2024 के दौरान यह सम्मान दिया गया।

डॉ. अनुकृति को मध्यप्रदेश और मिजोरम के खेल मंत्री द्वारा यह पुरस्कार दिया गया। कांफ्रेंस के दौरान डॉ. अनुकृति शर्मा ने “खेल प्रबंधन में वैश्विक रुझान और अवसर: प्रोफेशनल लीग और स्पोर्ट्स ट्यूरिज्म का आर्थिक विकास पर प्रभाव” विषय पर संबोधित किया।

कांफ्रेंस में देशभर में खेल विज्ञान, शारीरिक शिक्षा और खेल प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट और उल्लेखनीय कार्य करने वाले नीति निर्माता, उद्योगपति, प्रमुख शिक्षाविद, विद्वान और खेल पेशेवर मौजूद रहे।

इस दौरान लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एलएनआईपीई) की कुलपति डॉ. इंदु बोरा, राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. उषा एस नायर, स्वर्णिम गुजरात खेल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अर्जुनसिंह राणा, हरियाणा खेल विश्वविद्यालय के कुलपति पूर्व डीजीपी अशोक कुमार, सिंघानिया विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनोज कुमार, लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी किशोर मौजूद रहे।