चुनावों में हार को पचा नहीं पा रही कांग्रेस: ऊर्जा मंत्री नागर

0
24

कोटा। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कांग्रेस के प्रदर्शन को फ्लॉप शो और नैतिकताविहीन बताया है। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा में चुनावी हार को कांग्रेस पचा नहीं पा रही है।

इस प्रकार के प्रदर्शन के द्वारा कांग्रेस अपनी कुनीति और जनविरोधी समझौतों को ढांकने का काम करना चाहती है। कांग्रेस जनता को बरगलाने की कोशिश कर रही है। जिन मुद्दों पर कांग्रेस को बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं, उनको उठाकर जनता को मूर्ख बनाने की नाकाम कोशिश कर रही है।

मंत्री नागर ने कहा कि राजस्थान में बिजली संकट कांग्रेस की देन है। कांग्रेस के कुप्रबंधन और गलत प्रतिबद्धताओं के कारण राजस्थान से बिजली दूसरे राज्यों को देनी पड़ रही है। कांग्रेस के जनविरोधी समझौतों के कारण ही जनता ने आज विपक्ष में बिठा दिया है। इसके बावजूद भाजपा सरकार द्वारा राजस्थान में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए गंभीर प्रयास किए गए हैं। प्रदेश में बिजली संकट को दूर करने के लिए स्थाई व्यवस्थाएं हुई हैं। जिसके परिणाम भी दिखने लगे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गहलोत सरकार में राजस्थान में जो पेपर लीक हुए उसके जख्मों को राजस्थान का युवा अभी भी महसूस कर रहा है। कांग्रेस पेपर लीक पर बोलने का नैतिक अधिकार बहुत पहले खो चुकी थी। कांग्रेस के कारनामों को वर्तमान सरकार ने उजागर करने का काम किया है।

कांग्रेस के समय की हुई लगभग सभी भर्तियों में जो फर्जीवाड़ा हुआ वह अब सामने आ रहा है। नीट परीक्षा पर सरकार ने जांच बिठाई है और सभी दोषियों को सजा दिलाई जाएगी। मंत्री नागर ने कहा कि ईआरसीपी को लेकर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार जनता को गुमराह करती रही। अब सरकार ने ईआरसीएपी परियोजना को मंजूरी दी है। जो जल्दी ही साकार रूप लेगी। केंद्र की मोदी सरकार और राजस्थान की भजनलाल सरकार मिलकर हर खेत को पानी और हर घर को नल से जल देने का काम करेगी।