बिटकॉइन की कीमतें औंधे मुंह गिरी, 4.54 फीसद लुढ़क कर 18,088 डॉलर पर

0
385

नई दिल्ली। Cryptocurrency Price Today: जोखिम वाले निवेश में बिकवाली के कारण क्रिप्टोकरेंसी में भारी गिरावट जारी है। सबसे बड़ी क्रिप्टो बिटकॉइन शनिवार को 7.46 फीसद की गिरावट के साथ 18,915.29 डॉलर प्रति यूनिट पर पहुंच गया था। वहीं, रविवार को 11 बजे तक इसमें 4 फीसद से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है। बिटकॉइन 4.54 फीसद की गिरावट के साथ 18,088.50 (USD) डॉलर पर पहुंच गया। इसके अलावा इथर समेत कई क्रिप्टोकरेंसीज में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।

आपको बता दें कि इस साल बिटकॉइन अब तक अपने उच्च स्तर से करीब 61 फीसद टूट गया है। बीते 29 मार्च को यह 48,234 डॉलर प्रति यूनिट पर था। पिछले एक महीने के अंदर बिटकॉइन में 40 फीसद की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, अगर हम पिछले 5 दिन की बात करें तो इसमें 18.23% की गिरावट आई है। इसी तरह इथर में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को यह 8.84 प्रतिशत की गिरावट के साथ 988.52 डॉलर प्रति यूनिट पर आ गया था।

अन्य क्रिप्टो का हाल: वहीं, Dogecoin में भी 3.63 फीसद की गिरावट देखी गई। इस गिरावट के साथ Dogecoin की कीमत 0.051 (USD) डॉलर प्रति यूनिट पर पहुंच गया। इसके अलावा 19 जून को Ether में 4.83 फीसद की गिरावट आई है। गिरावट के साथ Ether 945.65 डॉलर पर पहुंच गया है।

गिरावट की वजह: क्रिप्टोकरेंसीज में यह भारी गिरावट वैश्विक बाजार में हुई उथल-पुथल के कारण हुई है। कोरोना महामारी के बाद लगे लॉकडाउन से वैश्विक रूप से सभी देशों की अर्थव्यवस्था पर पड़ा है। वहीं, दूसरा कारण फरवरी से जारी रूस-युक्रेन युद्ध है। इसके अलावा बढ़ती महंगाई व हाल ही में फेडरल बैंक द्वारा की गई ब्याज दरों में वृद्धि भी इसके मुख्य कारणों में से एक हैं। जोखिम वाले निवेश में बिकवाली के कारण क्रिप्टोकरेंसी में भारी गिरावट जारी है।