श्री राजपूत सभा की विधवा एवं परित्यक्ता महिलाओं को आर्थिक संबल देने की पहल
कोटा। दीपावली का उल्लास जब सामाजिक संवेदनाओं और सेवा के संकल्प से जुड़ता है तो खुशियों का यह पर्व जरूरतमंदों के जीवन में भी नई उम्मीद जगाता है। इसी भावना के साथ श्री राजपूत सभा कोटा की ओर से कंसुआ स्थित एक मैरिज गार्डन में दीपावली स्नेह मिलन एवं तेरहवीं पेंशन वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में समाज की 61 जरूरतमंद विधवा एवं परित्यक्ता महिलाओं को पेंशन वितरित कर आर्थिक संबल प्रदान किया गया।
समाज सारथी विवेक सिंह सिसोदिया ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य समाज की जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ सामाजिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करना है। इस अवसर पर समाज सारथी शक्ति सिंह हाड़ा की ओर से एक विधवा महिला को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई मशीन भेंट की गई। वहीं, समाज सारथी प्रोफेसर कृष्ण गोविंद सिंह गौड़ ने महिलाओं को अतिरिक्त आर्थिक सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम में भवानी सिंह सोलंकी ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए बच्चों को उचित शिक्षा दिलाने के साथ उनके विवाह समय पर संपन्न कराने की दिशा में भी समाज को जागरूक होना चाहिए। कवि रूप सिंह हाड़ा ने महाराणा प्रताप और उनके प्रिय अश्व चेतक के शौर्य एवं पराक्रम पर आधारित काव्य पाठ कर उपस्थितजनों में वीरता और स्वाभिमान का भाव जागृत किया।
समारोह में रविन्द्र सिंह हाड़ा, राजेश सिंह परिहार, टीकम सिंह नरूका, हेमलता चौहान, राजेंद्र सिंह राणावत, विजय सिंह शक्तावत, रघुराज सिंह राजावत, दशरथ सिंह चौहान,राज कंवर, हेम कंवर,भावना शक्तावत भगवान सिंह तंवर, प्रताप सिंह हाड़ा एवं जोधराज सिंह हाड़ा सहित अनेक समाज सारथी उपस्थित रहे।

