विज्ञान नगर जैन मंदिर में सिद्धचक्र महामंडल विधान का शुभारंभ, घटयात्रा के साथ जिनेंद्र आराधना
कोटा। धर्म व्यक्ति को मानसिक और वाचनिक विकारों से मुक्त कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा एवं स्थायी शक्ति प्रदान करता है। जो व्यक्ति स्वयं को बड़ा समझता है, वह धर्म से दूर खड़ा होता है।
धर्म के सान्निध्य में रहने वाले व्यक्ति के जीवन से दुख स्वतः दूर होने लगते हैं। यह विचार आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ने विज्ञान नगर स्थित दिगंबर जैन मंदिर में सिद्धचक्र महामंडल विधान के शुभारंभ अवसर पर धर्मसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
माताजी ने कहा कि प्रकृति की अपनी एक सुव्यवस्थित व्यवस्था है, लेकिन मनुष्य स्वयं को अधिक बुद्धिमान समझकर उसमें परिवर्तन करने का प्रयास करता है। अहंकार व्यक्ति को धर्म और आत्मकल्याण से दूर कर देता है।
धर्म एक ऐसी आध्यात्मिक शक्ति है, जो मानसिक और वाचीनीक विकारों को दूर कर व्यक्ति को आंतरिक सामर्थ्य प्रदान करती है। धर्म से प्राप्त शक्ति स्थायी होती है और यही जीवन में सुख-शांति का आधार बनती है।
विधान का शुभारंभ प्रातःकाल कलश शुद्धि के साथ निकाली गई भव्य घटयात्रा से हुआ। मुख्य मार्गों से होते हुए घटयात्रा मंदिर परिसर पहुंची, जहां महिलाओं ने 81 मंत्रों के साथ मंडप शुद्धि की। इसके बाद ध्वजारोहण सी के जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर विधान में बैठने वाले पात्रों का चयन भी किया गया। सौधर्म इंद्र नरेन्द्र-बबीता जैन कलकत्ता रहे। कुबेर इंद्र विनोद समिता टोरडी महायज्ञ नायक बाबू लाल सौसर बाई एवं यज्ञ नायक विजय पटौदी बने ।
प्रतिष्ठाचार्य प्रदीप शास्त्री ललितपुर ने मंत्रोच्चार के साथ समस्त धार्मिक क्रियाएं विधि-विधानपूर्वक संपन्न कराईं। दोपहर में इंद्र-इंद्राणियों को हल्दी एवं मेहंदी की रस्म कराई गई। इसके बाद इंद्र प्रतिष्ठा एवं सकलीकरण की धार्मिक प्रक्रियाएं संपन्न हुईं।
सायंकाल गुरु भक्ति एवं आनंद यात्रा का आयोजन किया गया। अध्यक्ष राजमल पटौदी ने बताया कि कार्यक्रम में विमल, जेके जैन. रितेश सेठी, अनिल ठोरा, अमित चिकू, मनोज जायसवाल, आशीष जायसवाल एवं विनोद टोरडी आदि उपस्थित रहे ।

