कोटा। कुन्हाड़ी स्थित रिद्धि-सिद्धि नगर के चंद्रप्रभु दिगंबर जैन जिनालय में सात दिवसीय कल्पद्रुम महामंडल विधान का सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ मंगल शुभारंभ हुआ।
अध्यक्ष राजेंद्र गोधा एवं मंत्री पंकज खटोड़ ने बताया कि परम पूज्य गणधर मुनिश्री 108 विवर्धन सागर महाराज एवं प्रवर्तक मुनिश्रीविश्वनायक सागर महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस महाअनुष्ठान के शुभारंभ पर निकाली गई भव्य घटयात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंगल कलशों के साथ निकली यात्रा के दौरान पूरा वातावरण जिनेंद्र भगवान के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
कोषाध्यक्ष ताराचंद बडला ने बताया कि घटयात्रा के पश्चात धर्मचंद एवं राजेश गोधा परिवार ने ध्वजारोहण कर विधान की मंगल शुरुआत की। इसके बाद महावीर प्रसाद एवं डॉ. हेमंत कुमार कंसल परिवार ने मंडप उद्घाटन किया।
पदम कुमार एवं सीता जैन बनेठा ने दीप प्रज्ज्वलन कर धर्मसभा का शुभारंभ किया। विधान में श्रद्धालु विधि-विधान, मंत्रोच्चार और भक्ति भाव के साथ जिनेंद्र भगवान की आराधना कर रहे हैं। जैन परंपरा में कल्पद्रुम महामंडल विधान को विशेष आध्यात्मिक महत्व प्राप्त है।
इसमें समवशरण की भव्य रचना के माध्यम से तीर्थंकर भगवान की दिव्य देशना की आराधना की जाती है। श्रद्धालु इस अनुष्ठान के माध्यम से आत्मशुद्धि, आध्यात्मिक उन्नति और कर्म निर्जरा की भावना रखते हैं।
पारस जैन आदित्य ने बताया कि रात्रि में सांस्कृतिक नाटक का मंचन किया गया। इस अवसर पर फरवरी 2028 में रिद्धि-सिद्धि नगर, कोटा में प्रस्तावित यति सम्मेलन में पधारने के लिए मुनिश्री विवर्धन सागर एवं मुनिश्री विश्वनायक सागर महाराज को निमंत्रण भी भेंट किया गया।
अध्यक्ष राजेंद्र गोधा एवं मंत्री पंकज खटोड़ ने बताया कि 22 नवंबर तक चलने वाले इस विधान में प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, पूजन, प्रवचन, आरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। आयोजन में सकल समाज के परम संरक्षक विमल नांता, पदम बडला, कार्याध्यक्ष मनोज जायसवाल, जैनेन्द्र जज, अशोक सांवला, ताराचंद बडला, निर्मल अजमेरा, पारस बज, आदित्य, पारस लुहाड़िया, विनोद सारसोप एवं सुरेश देइवाले सहित गुरु सेवा संघ परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

