मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व की ऑनलाइन बुकिंग 15 दिन में शुरू करने के निर्देश
कोटा। जिला पर्यटन विकास समिति की नियमित बैठक कलेक्टर पीयूष सामरिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित हुई। बैठक में कोटा एवं बूंदी के पर्यटन विकास, पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा पर्यटन स्थलों को विकसित करने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बैठक में मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व की ऑनलाइन बुकिंग शुरू करने में हो रही देरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले पर्यटकों को जंगल सफारी की बुकिंग एवं अन्य आवश्यक जानकारियां प्राप्त करने में परेशानी होती है। इससे मुकुंदरा टाइगर रिजर्व की पर्यटन संभावनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने आग्रह किया कि इसकी ऑनलाइन बुकिंग शीघ्र शुरू की जाए।माहेश्वरी ने कोटा-बूंदी के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों को आपस में जोड़ने के लिए इलेक्ट्रिक (EV) बस सेवा शुरू करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, गड़रिया महादेव सहित कोटा एवं बूंदी के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पर्यटकों के आवागमन के लिए विशेष बस सेवा शुरू की जानी चाहिए, जिससे पर्यटक एक ही यात्रा में अधिक से अधिक पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सकें।
इससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय व्यापार, होटल एवं रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी।उन्होंने यह भी कहा कि कोटा शहर में फ्लाईओवर एवं प्रमुख सड़कों के आसपास की गई आकर्षक सजावट से शहर की सुंदरता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
इस सुंदरता को स्थायी बनाए रखने के लिए सजावटी दीवारों, फ्लाईओवर एवं सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर चिपकाने तथा अनधिकृत लिखावट करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया जाना चाहिए।
फेडरेशन के महासचिव संदीप पाडिया ने चंबल नदी में क्रूज संचालन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि चंबल नदी में क्रूज चलाने के साथ- साथ चंबल रिवर फ्रंट के मध्य बहने वाली चम्बल नदी में भी क्रूज संचालन शुरू किया जाए। इससे कोटा आने वाले पर्यटकों को एक नया आकर्षण मिलेगा और कोटा का पर्यटन देशभर में नई पहचान बना सकेगा।
उन्होंने जगमंदिर एवं लक्की बुर्ज पर कैफेटेरिया शुरू करने का सुझाव देते हुए कहा कि इन ऐतिहासिक एवं दर्शनीय स्थलों पर पर्यटकों के लिए खानपान की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए, जिससे इनका आकर्षण और बढ़े।
फेडरेशन के सलाहकार अनिल मूंदड़ा ने कहा कि कोटा के सभी पर्यटन स्थलों के विकास में स्वच्छता एवं हरियाली पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। पर्यटन स्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों को भी सुंदर एवं सुविधाजनक बनाया जाए। उन्होंने कोटा-बूंदी के प्रमुख पर्यटन स्थलों के भ्रमण के लिए विशेष पर्यटक बस सेवा शुरू करने तथा आभेडा महल को और अधिक विकसित करने की आवश्यकता बताई।
बैठक में मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में ऑनलाइन जीप एवं बोट सफारी बुकिंग, पर्यटन स्थलों पर वृक्षारोपण एवं वनीकरण, गेपरनाथ महादेव मंदिर में पर्यटकों के पुनः प्रवेश, चंबल नदी में क्रूज संचालन, हाट बाजार की शुरुआत तथा जगमंदिर एवं लक्की बुर्ज पर कैफेटेरिया शुरू करने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक में जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया ने वन विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अगले 15 दिनों के अंदर मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था शुरू की जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा मिल सके।
बैठक में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के उपाध्यक्ष अलौकिक जैन, सदस्य अभिनव चतुर्वेदी, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक संदीप श्रीवास्तव, नगर निगम एवं कोटा विकास प्राधिकरण के अधिकारी, मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व के वन विभाग के अधिकारी, जिला उद्योग केंद्र के प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
होटल फेडरेशन ने उम्मीद जताई कि बैठक में रखे गए सुझावों पर शीघ्र अमल होने से कोटा-बूंदी हाड़ौती का पर्यटन प्रदेश एवं देश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सकेगा।

