‘समाज की बेटी समाज में’ की अवधारणा को साकार करने के लिए होंगे पंजीयन

0
17

इंदौर में 27 दिसंबर को होगा अंतरराष्ट्रीय जैन युवक-युवती परिचय सम्मेलन

कोटा। दिगंबर जैन समाज की सक्रिय संस्था दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन अपनी 33 वर्षों की सामाजिक सक्रियता और सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय जैन युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित करेगी। सम्मेलन 27 दिसंबर को इंदौर में होगा। इसकी तैयारियों को लेकर कोटा रीजन के सभी सोशल ग्रुपों के पदाधिकारियों की बैठक तलवंडी जैन मंदिर सभागार में आयोजित की गई।

राजस्थान रीजन कोटा के अध्यक्ष अनिल ठौरा ने बताया कि परिचय सम्मेलन के माध्यम से समाज के युवक-युवतियों को योग्य जीवनसाथी चयन के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराया जाएगा। राष्ट्रीय प्रभारी जेके जैन ने कहा कि ‘समाज की बेटी समाज में’ की भावना के साथ फेडरेशन लंबे समय से परिचय सम्मेलन आयोजित करता आ रहा है।

आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर निर्धारित की गई है। प्रत्येक आवेदन के साथ 900 रुपये पंजीयन शुल्क जमा कराना होगा। कोटा से पीयूष जैन को राष्ट्रीय समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बैठक में फेडरेशन के अतिरिक्त महासचिव उमेश अजमेरा ने बताया कि राष्ट्रीय अधिवेशन 3 जनवरी को जबलपुर में आयोजित होगा। इसमें सभी ग्रुपों के सदस्यों से सहभागिता का आह्वान किया गया। अधिवेशन में वर्षभर की सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों की समीक्षा के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्रुपों और सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर संयुक्त महासचिव राकेश पाटौदी, तलवंडी जैन मंदिर अध्यक्ष अशोक पहाड़िया एवं अशोक जैन जोरा ने भी विचार व्यक्त किए। बैठक में कोटा रीजन के सभी ग्रुपों के पदाधिकारियों एवं राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने सम्मेलन को सफल और भव्य बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का संकल्प व्यक्त किया।