कोटा। Diabetes awareness program: देशभर में टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों एवं उनके परिवारों को जागरूक करने, बेहतर उपचार एवं आधुनिक तकनीक की जानकारी देने तथा बीमारी के प्रभावी प्रबंधन के लिए निरंतर जनसेवा करने वाले कोटा के फिजिशियन एवं डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. जी.डी. रामचंदानी का आज पुरुषार्थ भवन में दी एसएसआई एसोसिएशन एवं कोटा व्यापार महासंघ की ओर से प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं दी एसएसआई एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष गोविंद राम मित्तल, अध्यक्ष दीपक मेहता और सचिव समीर सूद भी मौजूद थे।
माहेश्वरी ने कहा कि डायबिटीज आज देश और दुनिया में तेजी से बढ़ती गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है। इससे बचाव एवं नियंत्रण के लिए संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि डॉ. रामचंदानी द्वारा ‘बाय द टाइप वन – फॉर द टाइप वन’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम एक सराहनीय पहल है।
डॉ. जी.डी. रामचंदानी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल बच्चों का उपचार करना ही नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी एवं प्रेरणादायक बनाना भी है। शिविर में निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं के साथ पात्र बच्चों को ग्लूकोमीटर, ग्लूकोज टेस्ट स्ट्रिप्स एवं इंसुलिन सहित डायबिटीज प्रबंधन में उपयोगी सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयासों से टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों एवं उनके परिवारों को बीमारी के प्रति सही जानकारी, उपचार एवं बेहतर जीवन जीने का मार्गदर्शन मिलता है। वे पिछले 20 वर्षों से देश के विभिन्न क्षेत्रों में टाइप-1 डायबिटीज जागरूकता एवं प्रबंधन के लिए शिविर आयोजित कर रहे हैं।
माहेश्वरी ने कहा कि डॉ. रामचंदानी द्वारा पिछले दो दशकों से किए जा रहे निस्वार्थ सेवा कार्यों से न केवल हजारों बच्चों एवं परिवारों को लाभ मिल रहा है, बल्कि कोटा का नाम भी देश-विदेश में रोशन हो रहा है। उनकी यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है और कोटा शहर के लिए गौरव का विषय है।

