स्टैंड-अप कॉमेडी नाइट: रवि खुराना-गौरव महाना की कॉमेडी ने दर्शकों को गुदगुदाया

0
18

कोटा। Kota dussehra 2026: 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026 की श्रृंखला में सोमवार रात दशहरा मैदान के विजयश्री रंगमंच पर ‘स्टैंड-अप कॉमेडी नाइट’ का आयोजन किया गया। नगर निगम कोटा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में देश के जाने-माने कॉमेडियन रवि खुराना और गौरव महाना ने अपनी कॉमिक टाइमिंग और चुटीले अंदाज से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पूरी शाम पांडाल लगातार ठहाकों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर महापौर गोस्वामी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कॉमेडी शो के दौरान दोनों कलाकारों ने आम आदमी की आदतों, रोजमर्रा की जिंदगी, पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक व्यवहार से जुड़ी विसंगतियों को हास्य का रूप देकर पेश किया।

कलाकारों ने मां-बेटे के खट्टे-मीठे रिश्ते, प्यार-दुलार और डांट-मार से जुड़े चुटकुलों से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। इसके अलावा, पंजाबियों के खान-पान, मां के हाथ के बने राजमा-चावल और उससे जुड़े मोटापे के मजेदार प्रसंगों पर दर्शकों ने जमकर ठहाके लगाए।

शादी-ब्याह और पति-पत्नी की नोंक-झोंक ने बांधा समां
गौरव महाना ने भारतीय शादियों की भव्य परंपराओं, दिखावे, बढ़ते खर्चों और तैयारियों के दौरान होने वाली उलझनों को कलाकारों ने बड़े ही रोचक ढंग से मंच पर उतारा। शादी से पहले और बाद के बदलावों, नई जिम्मेदारियों तथा पति-पत्नी के बीच होने वाली मीठी नोंक-झोंक पर किए गए व्यंग्यात्मक संवादों ने सभी का दिल जीत लिया। दर्शक अपनी ही जिंदगी से जुड़ी इन परिस्थितियों को हास्य के रूप में देख खुद को हंसने से रोक नहीं पाए।

लड़कियों की सेल्फी और फोटो सेंस ने गुदगुदाया
रवि खुराना ने अपनी प्रभावशाली संवाद अदायगी, तीखे व्यंग्य और बेहतरीन कॉमिक स्टाइल से दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। वहीं दूसरी ओर, गौरव महाना ने अपने अनूठे हाव-भाव, सहज अभिव्यक्ति और चुटीले अंदाज से मंच पर समां बांधा। कार्यक्रम की खास बात दर्शकों की सक्रिय भागीदारी रही। कॉमेडियन्स ने दर्शकों में से भी बातचीत की, लाइव प्रतिक्रियाओं के अनुसार अपनी प्रस्तुति को आगे बढ़ाया, जिससे माहौल बेहद जीवंत हो गया। शहरवासियों ने हर पंचलाइन पर जोरदार तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

बाल प्रतिभाओं की नृत्य प्रस्तुतियों ने मनमोहा

सोमवार को विजयश्री रंगमंच पर आयोजित ‘बाल प्रतिभा कार्यक्रम (भाग 2)’ में बाल कलाकारों ने एक से बढ़कर एक नृत्य प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। भावना कसेरा, द्विष्का कालरा, आराध्या मण्डल और श्री जीता ने ‘बप्पा मोरिया’ पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। नृत्य प्रस्तुतियों की इस श्रृंखला में राघवी दाधीच ने ‘किसी ने मेरा श्याम देखा…’ तथा ‘जब जिद पर आ गई पार्वती…’ जैसे गीतों पर बेहद भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं।

वहीं, अद्विका मेहरा ने ‘वेलकम राजस्थान’ के जरिए राजस्थानी संस्कृति की अनूठी छटा बिखेरी, तो अथर्व कारवानी ने ‘विजयी भवः’ गीत पर अपनी सशक्त और जोश से भरी प्रस्तुति से दर्शकों में जोश भर दिया। इसके अलावा, हर्षाली शर्मा ने ‘ढोलीडा…’ पर अपनी आकर्षक नृत्य शैली से समां बांधा और युवराज ने ‘मैं ही हूं…’ गीत पर शानदार कला का प्रदर्शन कर खूब वाहवाही बटोरी।