गौतम परमार के भवई नृत्य की हैरतअंगेज प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया

0
18

लोक नृत्य महोत्सव के साथ ही 133वें राष्ट्रीय कोटा मेला दशहरा का समापन

कोटा। 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026 का गुरुवार को भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ गरिमामय समापन हुआ। इस अवसर पर पर्यटन विभाग, राजस्थान सरकार की ओर से विजयश्री रंगमंच पर ‘लोक नृत्य महोत्सव’ का आयोजन किया गया। जिसमें प्रदेशभर से आए नामचीन कलाकार दलों ने राजस्थानी लोक संस्कृति, जनजातीय रंगों और अनूठी नृत्य कलाओं की अद्भुत छटा बिखेरी।

लोकनृत्य महोत्सव का शुभारंभ महापौर अनुसुइया गोस्वामी, उप महापौर विवेक राजवंशी, मेला अधिकारी ओपी मेहरा ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत बाड़मेर के गौतम परमार दल द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुई। इसके पश्चात करौली के जल सिंह मीणा दल ने ‘पद दंगल’ की संगीतमय प्रस्तुति दी।

वागड़-बांसवाड़ा के कलाकारों खेमराज एवं नारायण डामोर ने अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति को जीवंत करते हुए ‘घूमरा’, ‘डांगली डोला’ और ‘आदिवासी गैर’ नृत्य प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों ने मौजूद दर्शकों को आदिवासी जनजीवन और उनकी जीवंत कला परंपराओं से रूबरू कराया।

महोत्सव के दौरान बाड़मेर के गौतम परमार और उनके दल द्वारा प्रस्तुत ‘भवई नृत्य’ आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। नृत्यांगनाओं ने सिर पर पीतल के अनेक बेवड़े संतुलित कर तथा तलवार की धार पर चलते हुए चमत्कारिक एवं हैरतअंगेज नृत्य की प्रस्तुति दी।

इस दौरान “सुनहरी धरती चांदी रो आसमान”, “केसरिया बालम आओ नी पधारो मारे देश”, “गोरबंद नखरालो” और “लूमा झूमा” जैसे कालजयी राजस्थानी लोकगीतों पर कलाकारों की थिरकन ने पूरा वातावरण संगीतमय कर दिया।

अजमेर से आई कुमारी शिमला चौधरी और उनके दल ने राजस्थान की आत्मा माने जाने वाले पारंपरिक ‘घूमर’ नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। “मारी घूमर छे नखराली” की तान पर घूमर नर्तकियों की लयात्मक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके अतिरिक्त छबड़ा (बारां) के रूपसिंह एवं दल के कंजर जनजाति के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत ‘चकरी नृत्य’ में नृत्यांगनाओं ने 80 कली का घेरदार लहंगा पहनकर तेज गति से चक्कर लगाते हुए ढोलक, मंजीरे और नगाड़ों की थाप पर अद्भुत नृत्य पेश किया। शाहबाद के गोपाल धानुका दल ने ‘सहरिया स्वांग’ तथा सिरोही के मावाराम दल ने ‘गरासिया गैर’ से समां बांधा।

सतरंगी आतिशबाज़ी से नहाया आसमान

दशहरा मेले का भव्य और अलौकिक समापन आतिशबाज़ी के सतरंगी नज़ारों, भक्तिमय धुनों और अटूट जनसैलाब की मौजूदगी में संपन्न हुआ। मेला प्रांगण में जैसे ही अंतिम आतिशबाजी शुरू हुई, पूरा आसमान लाल, हरी और सुनहरी चमक बिखेरते तारों से जगमगा उठा। इस स्वर्णिम दृश्य को देखकर मेले में मौजूद हर श्रद्धालु और दर्शक जहाँ था, वहीं मंत्रमुग्ध होकर ठहर गया। हर कोई मोबाइल में कैद करने को आतुर नजर आया।

‘मेरी झोपड़ी के भाग…’ और भक्ति रस की सरिता
​मेले के दौरान “मेरी झोपड़ी के भाग आज जाग जाएंगे…”, “नगरी हो अयोध्या सी, रघुकुल सा घराना हो…” और “वनवास से आए पधारे राम…” जैसे सुमधुर भजनों की गूंज से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना रहा। सरयू के किनारे और अयोध्या उत्सव की याद दिलाते इन भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नज़र आए।