पीएम मोदी के प्रयासों से परम्परागत खेल राष्ट्रीय खेलो की सूची में शामिल: सारस्वत
कोटा। खंभे और रस्सी पर अद्भुत संतुलन, बेजोड़ शारीरिक क्षमता और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन… भारतीय पारंपरिक खेल मलखंभ के इन रोमांचक नजारों के बीच बुधवार को कोटा विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय पुरुष मलखंभ प्रतियोगिता का आगाज हुआ।
कोटा विश्वविद्यालय और भारतीय विश्वविद्यालय संघ के संयुक्त तत्वावधान में 28 से 30 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के 63 विश्वविद्यालयों के खिलाड़ी पदक और टीम चैंपियनशिप के लिए दमखम दिखा रहे हैं।
पहले दिन पोल मलखंभ, हैंगिंग मलखंभ और रोप मलखंभ की 30 से अधिक टीम चैंपियनशिप स्पर्धाएं हुईं। खेल सचिव विजय सिंह ने बताया कि पूर्व कोटा कुलगुरू एवं राजस्थान विश्वविद्यालय के कुलगुरू के प्रयासो एवं कुलगुरू कोटा विश्वविद्यालय विमला डूंकवाल के नेतृत्व मे आयोजन कि जा रहा है।

प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर के कुलगुरु प्रो. भगवती प्रसाद सारस्वत, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, कोटा विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. विमला डूंकवाल, राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. निमित्त रंजन चौधरी, महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय उदयपुर के कुलगुरु प्रो. प्रताप सिंह धाकड़ तथा,उपमहापौर विवेक राजवंशी, भाजपा कोटा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
प्रतिभा को मंच और पारंपरिक खेलों को पहचान जरूरी
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि मलखंभ जैसे कठिन पारंपरिक खेल में दक्षता हासिल करने के लिए परिश्रम, मेहनत, एकाग्रता और शारीरिक क्षमता की आवश्यकता होती है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखारकर उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि मलखंभ अभी राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद की सूची में शामिल नहीं है। इसे सूची में शामिल कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं अन्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
राजस्थान विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. भगवती प्रसाद सारस्वत ने कहा कि मलखंभ भारतीय खेल परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इन पारंपरिक खेलों को मुख्यधारा में लाने और खेल प्रतियोगिताओं की सूची में शामिल करने की दिशा में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहन मिल रहा है और इन्हें खेल कैलेंडर में शामिल किए जाने से राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिताओं के आयोजन का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

