कोटा। Kota Dussehra 2026:शरद पूर्णिमा के बाद शीतल चांदनी रात और हल्की ठंडी बयार के बीच सोमवार को कोटा के विजयश्री रंगमंच पर राष्ट्रीय मेला दशहरा 2026 के तहत संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “एक शाम पुराने गीतों के नाम” कार्यक्रम में शहर के प्रतिष्ठित प्रोफेशनल्स ने 1980 से 1990 के दशक के लोकप्रिय और स्वर्णिम हिंदी फिल्मी गीतों की ऐसी प्रस्तुतियां दीं कि दर्शक पुरानी यादों में खो जाने को मजबूर हो गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं प्रथम पूज्य भगवान गणेश के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। महापौर अनुसूइया गोस्वामी, उप महापौर विवेक राजवंशी, अतिरिक्त जिला कलक्टर कृष्णा शुक्ला, मेला अधिकारी एवं आयुक्त ओपी मेहरा ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के आरंभ में पुरानी वीडियो प्रस्तुतियों के बाद णमोकार मंत्र और राष्ट्रगान हुआ। जिसके उपरांत मंगला चरण तथा स्वागत भाषण दिया गया। सौम्य जैन के बांसुरी वादन ने माहौल में मधुरता घोल दी।
संगीतमय शाम की शुरुआत श्री प्रमोद व्यास ने सदाबहार गीत “कसमे वादे प्यार वफा सब बातें हैं बातों का क्या…” से की, जिसने समां बांध दिया। इसके बाद स्थानीय एवं पेशेवर कलाकारों ने एक के बाद एक कई लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। सर्वज्ञ ने “सोचेंगे तुम्हें प्यार…” , अमन माहेश्वरी: “बेकरार करके हमें यूँ न जाइये…”, सत्येंद्र वैष्णव: “आने से उसके आये बहार…”, सीए अजय जैन: “जो तुमको हो पसंद…” तथा “जिंदगी की ना टूटे लड़ी…” की प्रस्तुति दी।
वहीं यशस्वी सिंह ने “ज़ब भी जी चाहे नई दुनिया…”, डॉ. विजय सरदाना: “रूप तेरा मस्ताना…”, राजीव मल्होत्रा: “सावन का महीना…”, डॉ. रवि राज सिंह: “तू मेरी जिंदगी है…”, गरिमा गुप्ता ने “हाय शर्माऊँ… किस-किस को…” गाकर मंत्रमुग्ध कर दिया।
शिक्षाविद गोविंद माहेश्वरी ने “नदिया चले चले रे धारा…”, नवनीत पंजाबी: “लंबी जुदाई…” एवं “झूठ बोले कौवा काटे…” , प्रेम शर्मा ने “हाल क्या है दिलों का…”, सुरेंद्र विजयवर्गीय ने “मेरी प्यारी बहनिया बनेगी…”, विनोद मल्होत्रा (एडीएम सिटी): “ओह मेरी महबूबा…” गानों की प्रस्तुतियां, वीणा जैन ने”माय हार्ट इज बीटिंग प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में “कहता है जोकर…”, “देखा ना हाय रे सोचा ना हाय रे…”, “याद आ रहा है…” और “एक प्यार का नगमा है…” जैसे सदाबहार नगमों की गूंज से विजयश्री रंगमंच जीवंत हो उठा। देर रात तक चले इस संगीतमय सफर का दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया और कलाकारों की तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहना की।
इस अवसर पर अतिथि पंकज मेहता (प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा राजस्थान), क्रांति जैन (अध्यक्ष, कोटा व्यापार संघ), रजनी सोनी (प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा महिला मोर्चा एवं पूर्व चेयरमैन, नगर पालिका इटावा), गोविंद शर्मा (विशेष आमंत्रित सदस्य, भाजपा राजस्थान), अशोक माहेश्वरी (महासचिव, कोटा व्यापार संघ), हिम्मत सिंह हाड़ा (वरिष्ठ भाजपा नेता) अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
अमन ने तीसरी बार हत्था माला प्रतियोगिता जीती

राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026 में सोमवार को विजयश्री रंगमंच पर हत्था माला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रतियोगी युवाओं ने जोर आजमाइश की। जिसमें 115 किलो का हत्था केवल दो प्रतियोगी उठा सके। इस दौरान बड़गांव निवासी अमन हैप्पी गुर्जर 105 किलो 7 सेकंड और 115 किलो को हत्था माला को 25 सेकंड सेकंड तक उठाए रखा। उन्होंने शक्ति और संतुलन का परिचय देते हुए प्रथम स्थान अर्जित किया। वहीं महेंद्र कटारिया गुर्जर ने 7 सेकंड तक हत्था माला उठाया और द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अमन हैप्पी गुर्जर ने 2024 में भी खिताब अपने नाम किया था।

