कोटा के विद्यार्थियों को मिलेगा विज्ञान के नए आइडिया दिखाने का मौका

0
11

कक्षा 5 से 9 तक के विद्यार्थी ले सकेंगे भाग, 13 दिसंबर को होगा ग्रैंड फिनाले

कोटा। बच्चों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के लिए मोशन एजुकेशन के स्कूलिम्पियाड प्रोग्राम की ओर से कोटा साइंस एंड टेक्नोलॉजी मॉडल चैलेंज ‘खोज-2026’ आयोजित किया जाएगा। इसके तहत सोमवार शाम को मोशन एजुकेशन के संस्थापक और एजुकेटर नितिन विजय ने द्रोणा-2 कैंपस में पोस्टर का विमोचन किया। इस दौरान संस्थान की वरिष्ठ फैकल्टी भी मौजूद रही।

मोशन एजुकेशन की डायरेक्टर डॉ. स्वाति विजय ने बताया कि ‘खोज-2026’ में कोटा के कक्षा 5 से 9 तक के विद्यार्थियों को विज्ञान और तकनीक से जुड़े अपने आइडिया को मॉडल के रूप में प्रस्तुत करने का मौका मिलेगा। इसका ग्रैंड फिनाले 13 दिसंबर को मोशन के द्रोणा-2 कैंपस में होगा।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को अपनी कल्पनाओं को प्रयोग और मॉडल के जरिए साकार करने के लिए प्रेरित करना है। इसमें विद्यार्थी व्यक्तिगत रूप से या टीम बनाकर हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं। आवेदन और मॉडल कॉन्सेप्ट जमा करने की अंतिम तिथि 15 नवंबर निर्धारित की गई है।

हर आयु वर्ग में मिलेंगे नकद पुरस्कार
प्रतियोगिता में प्रत्येक आयु वर्ग के लिए प्रथम पुरस्कार 21 हजार रुपए और द्वितीय पुरस्कार 11 हजार रुपए निर्धारित किए गए हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ‘बेस्ट इनोवेशन’, ‘बेस्ट कम्युनिकेटर’ और ‘पीपुल्स चॉइस’ जैसे विशेष पुरस्कार भी मिलेंगे। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे।

कक्षा के अनुसार दो श्रेणियों में मौका
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को उनकी कक्षा के आधार पर दो श्रेणियों में बांटा गया है। कक्षा 5 से 7 तक के विद्यार्थी ‘यंग एक्सप्लोरर्स’ और कक्षा 8 से 9 तक के विद्यार्थी ‘इनोवेटर्स’ श्रेणी में भाग ले सकेंगे। इससे अलग-अलग आयु वर्ग के बच्चों को अपनी समझ और क्षमता के अनुरूप विज्ञान एवं तकनीक से जुड़े विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। विद्यार्थी व्यक्तिगत प्रतिभागी के रूप में ‘एटम’ श्रेणी में या अधिकतम चार सदस्यों की टीम बनाकर ‘मॉलिक्यूल’ श्रेणी में हिस्सा ले सकते हैं।

आइडिया से मॉडल तक दिखानी होगी प्रतिभा
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों को पहले ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद विज्ञान या तकनीक से जुड़े अपने कॉन्सेप्ट को डॉक्यूमेंट के रूप में तैयार कर 15 नवंबर तक जमा करना होगा। चयनित प्रतिभागियों की घोषणा 22 नवंबर को मोशन ओलंपियाड के यूट्यूब चैनल पर लाइव की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों को 13 दिसंबर को होने वाले ग्रैंड फिनाले में अपने मॉडल प्रस्तुत करने होंगे।

जिज्ञासा से आत्मविश्वास तक का सफर
इस आयोजन के जरिए बच्चों को नए विचारों पर काम करने, समस्याओं के समाधान खोजने और अपनी बात प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। विज्ञान और तकनीक में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए यह अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ दूसरे विद्यार्थियों से सीखने का भी मंच होगा। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मक सोच और आत्मविश्वास विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।