अब बड़े पर्दे पर दिखेगा महाराजा अग्रसेन का गौरवशाली जीवन, कोटा में होगी शूटिंग

0
188
महाराजा अग्रसेन फिल्म के निर्माता कोटा में।

मुकेश खन्ना बनेंगे महाराजा श्री अग्रसेन, फिल्म निर्माण की औपचारिक शुरुआत

कोटा। Maharaja Agrasen movie: महाराजा श्री अग्रसेन के जीवन, आदर्शों, सामाजिक समरसता और लोक कल्याण के संदेश को बड़े पर्दे पर पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। महाराजा अग्रसेन जी के जीवन पर आधारित भव्य फिल्म का निर्माण किया जा रहा है। जिसमें प्रसिद्ध अभिनेता मुकेश खन्ना मुख्य भूमिका निभाएंगे।

फिल्म निर्माण की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। फिल्म के निर्देशक सनी अग्रवाल, निर्माता पुरुषोत्तम केजरीवाल, निर्माता आलोक गोयनका शुक्रवार को मुंबई से कोटा पहुंचे। जहां अग्रवाल समाज की ओर से उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।

अग्रवाल फ्रेंड्स क्लब के संरक्षक संजय गोयल ने बताया कि फिल्म के माध्यम से महाराजा अग्रसेन के जीवन संघर्ष, उनके सिद्धांतों, समाज के प्रति योगदान और लोक कल्याण की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। फिल्म निर्माताओं का उद्देश्य महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को नई पीढ़ी सहित देशभर के लोगों तक पहुंचाना है।

निर्देशक सनी अग्रवाल ने बताया कि महाराजा अग्रसेन जी ने समाज को समानता, सहयोग, परोपकार और लोक कल्याण का संदेश दिया। फिल्म के माध्यम से उनके इन्हीं विचारों को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत कर समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।

पार्षद सुरेंद्र अग्रवाल ने फिल्म निर्माण की सराहना करते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के जीवन पर फिल्म बनना समाज के लिए गौरव की बात है। इससे युवाओं को उनके जीवन एवं विचारों से प्रेरणा मिलेगी और नई पीढ़ी अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित होगी।

निर्माता पुरुषोत्तम केजरीवाल एवं आलोक गोयनका ने कहा कि फिल्म की शूटिंग अग्रोहा तथा कुछ शूटिंग कोटा में भी की जाएगी। इसके लिए हमने अभेड़ा महल, रिवरफ्रंट, सीबी गार्डन, सिटी पार्क देखा है।

अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन जिला अध्यक्ष विजय गुप्ता एवं एवं समाजसेवी नवल गर्ग ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के जीवन पर फिल्म निर्माण की यह पहल अग्रवाल समाज के गौरव से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम है। उनके आदर्शों और सिद्धांतों को बड़े पर्दे के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने का यह प्रभावी माध्यम साबित होगा।

इस अवसर पर गौरव बंसल, कैलाश अग्रवाल, अरविंद गोयल, अजय गोयल, अनिल अग्रवाल चूना वाले, अनिल अग्रवाल छामुनिया,नवीन मित्तल, सत्यनारायण अग्रवाल, आशु गुप्ता, सुरेंद्र गोयल, दीपांशु अग्रवाल, भंवरलाल अग्रवाल, अनुज गोयल, भास्कर गोयल, धर्मेंद्र मित्तल उपस्थित थे।